गांधी दर्शन में महात्मा गांधी को समर्पित विशेष रेल डिब्बे का अनावरण
नयी दिल्ली. केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने महात्मा गांधी की प्रसिद्ध ट्रेन यात्राओं से जुड़े एक एक डिब्बे का बुधवार को यहां अनावरण किया। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान राष्ट्र को एकजुट करने के महात्मा गांधी के मिशन में अहम भूमिका निभाने वाली उनकी प्रसिद्ध रेल यात्राओं का यह डिब्बा प्रतीक है। इसकी बहुत सावधानी से मरम्मत की गई है। इसे यहां राजघाट स्थित गांधी दर्शन में स्थापित किया गया है। इस डिब्बे को भूरे रंग से रंगा गया है और इस पर “III” अंकित है जो तृतीय श्रेणी को दर्शाता है। दरअसल, गांधी जी तृतीय श्रेणी में ही सफर करते थे। इसकी सीढ़ियों पर महात्मा गांधी की एक आदमकद मूर्ति स्थापित की गई है, जिसमें उन्हें डिब्बे से उतरते हुए दिखाया गया है। शेखावत ने विशेष डिब्बे का अनावरण करने के बाद पत्रकारों से कहा, “उनकी मृत्यु के 75 वर्ष से अधिक समय बाद भी, गांधीजी द्वारा अपनाए गए दर्शन और सिद्धांत न केवल भारत के लिए बल्कि पूरे विश्व के लिए अब भी प्रासंगिक हैं।” संस्कृति मंत्रालय ने बताया कि यह डिब्बा रेल मंत्रालय ने दान दिया है।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘इन यात्राओं ने गांधीजी के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे उन्हें सभी क्षेत्रों के लोगों से जुड़ने, उनके संघर्षों को समझने और सत्य, अहिंसा और सामाजिक न्याय के अपने दर्शन को विकसित करने, सामूहिक शक्ति की ताकत का एहसास करने और उत्पीड़न के खिलाफ लड़ाई में राष्ट्र को एकजुट करने की आवश्यकता का एहसास हुआ।” इसने कहा कि इस प्रकार रेलवे एकजुट, समावेशी भारत का ताना-बाना बुनने के उनके मिशन में एक महत्वपूर्ण उपकरण बन गया।










Leave A Comment