RBI को बम से उड़ाने की धमकी, रूसी भाषा में आया ईमेल; मुंबई पुलिस ने शुरू की जांच
मुंबई । रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) को शुक्रवार को एक बम की धमकी वाला ईमेल मिला। यह मैसेज रूसी भाषा में नए गवर्नर संजय मल्होत्रा की ऑफिशियल ईमेल आईडी पर भेजा गया था। इस मेल में आरबीआई के मुंबई ऑफिस को टारगेट किया गया है। इस मैसेज के बाद बैंक के मुंबई ऑफिस में हड़कंप मच गया। मुंबई पुलिस ने तुरंत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।
मुंबई पुलिस के Zone 1 DCP के मुताबिक, “भारतीय रिजर्व बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर एक धमकी भरा ईमेल मिला था। रूसी भाषा में लिखे इस ईमेल में बैंक को उड़ाने की योजना की चेतावनी दी गई थी। माता रमाबाई आंबेडकर मार्ग (एमआरए मार्ग) पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।” यह घटना संजय मल्होत्रा के RBI के 26वें गवर्नर के रूप में पदभार ग्रहण करने के कुछ ही दिनों बाद हुई है। उन्होंने शक्तिकांत दास का स्थान लिया है, जिन्होंने हाल ही में अपना छह साल का कार्यकाल पूरा किया है। राजस्थान कैडर के IAS अधिकारी मल्होत्रा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति द्वारा नियुक्त किया गया था।
दिल्ली के स्कूलों में मिली धमकी
इससे पहले, शुक्रवार सुबह दिल्ली के तीन स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल मिला। यह धमकी पश्चिम विहार के भटनागर इंटरनेशनल स्कूल से तड़के 4:21 बजे, श्रीनिवास पुरी के केम्ब्रिज स्कूल से सुबह 6:23 बजे और ईस्ट ऑफ कैलाश के डीपीएस से सुबह 6:35 बजे फोन (धमकी भरे ई-मेल के संबंध में) मिला। इससे पहले, 9 दिसंबर को दिल्ली के कम से कम 44 स्कूलों को इसी तरह के ईमेल मिले थे।

.jpg)








Leave A Comment