14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए स्वामी चिन्मयानंद
शाहजहांपुर। दुष्कर्म के आरोपी पूर्व केंद्रीय मंत्री अैर भाजपा नेता स्वामी चिन्मयानंद को उत्तप्रदेश के शाहजहांपुर की एक कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। पुलिस और एसआईटी ने चिन्मयानंद को आज उनके घर से गिरफ्तार किया। चिन्मयानंद को कड़ी सुरक्षा के बीच चीफ जुडिशल मैजिस्ट्रेट (सीजेएम) कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में शाहजहांपुर जेल भेज दिया गया है। कोर्ट में पेशी से पहले उन्हें मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। इस मामले में एसआईटी ने उनसे लंबी पूछताछ की थी।
यूपी के डीजीपी ओपी सिंह ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद विशेष जांच टीम बनाई थी। जांच के बाद स्वामी चिन्मयानंद को उनके आश्रम से गिरफ्तार किया और उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस मामले में कार्रवाई में कोई देरी नहीं हुई। इसके साथ ही चिन्मयानंद को वसूली के लिए धमकी देने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि स्वामी चिन्मयानंद पर अपने ही कॉलेज की लॉ स्टूडेंट से रेप करने का आरोप है। पीडि़ता की ओर से इस संबंध में लगातार कई वीडियो जारी कर चिन्मयानंद पर आरोप लगाए गए थे। दुष्कर्म पीडि़ता की ओर से वीडियो जारी किए जाने के बाद से चिन्मयानंद की गिरफ्तारी की मांग हो रही थी। पीडि़त छात्रा ने चिन्मयानंद को गिरफ्तार न किए जाने पर आत्महत्या करने की धमकी दी थी। हालांकि चिन्मयानंद और उनके समर्थक लगातार कह रहे थे कि वह निर्दोष हैं और उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए ऐसा किया जा रहा है।
अस्पताल में भर्ती चिन्मयानंद को कल केजीएमयू लखनऊ के लिए रिफर किया गया था। हालांकि उन्होंने कहा था कि वह आयुर्वेदिक इलाज चाहते हैं और इसके बाद उन्हें उनके मुमुक्षु आश्रम वापस ले जाया गया था।
Leave A Comment