भारत-भूटान की अटूट मित्रता आपसी विश्वास, सद्भावना पर आधारित : प्रधानमंत्री मोदी
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि भारत-भूटान की "स्थायी" मित्रता आपसी विश्वास और सद्भावना पर आधारित है तथा यह दोनों देशों के बीच साझेदारी को नए व परिवर्तनकारी क्षेत्रों में आगे बढ़ाने में मार्गदर्शन करती रही है। भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे के साथ बैठक के बाद, मोदी ने चर्चा को "उत्कृष्ट" बताया।
मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे के साथ बैठक शानदार रही। हमने इस बात पर चर्चा की कि हम वैश्विक भलाई के लिए और स्थिरता के सिद्धांतों के अनुरूप एआई की शक्ति का उपयोग कैसे कर सकते हैं।" उन्होंने कहा, "आपसी विश्वास, सद्भावना और दोनों देशों के लोगों के बीच घनिष्ठ संबंधों पर आधारित हमारी अटूट भारत-भूटान मित्रता, हमारी साझेदारी को नए और परिवर्तनकारी क्षेत्रों की ओर आगे बढ़ाती रही है।" भूटान के प्रधानमंत्री ने मोदी को अपना "बड़ा भाई" बताते हुए भारत में "ग्लोबल साउथ का पहला एआई शिखर सम्मेलन" आयोजित करने पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने भूटान के नरेश, सरकार और भूटान की जनता की ओर से बधाई और शुभकामनाएं भी दीं। तोबगे यहां चल रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में भाग लेने आए हैं।
इस शिखर सम्मेलन में 500 से अधिक वैश्विक एआई नेता भाग ले रहे हैं, जिनमें सीईओ/सीएक्सओ, 150 शिक्षाविद और शोधकर्ता, और 400 मुख्य तकनीकी अधिकारी और उपाध्यक्ष आदि शामिल हैं। इसमें 100 से अधिक सरकारी प्रतिनिधि भी शामिल होंगे, जिनमें 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्ष और सरकार प्रमुख तथा लगभग 60 मंत्री और उप मंत्री शामिल हैं।










Leave A Comment