प्रधानमंत्री मोदी ने वेव्स में भारत पैवेलियन का उद्घाटन किया
मुंबई . प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को यहां ‘विश्व दृश्य-श्रव्य एवं मनोरंजन सम्मेलन' (वेव्स) में भारत पैवेलियन का उद्घाटन किया। ‘‘कला से कोड तक'' विषय वाला यह मंडप भारत की ‘वसुधैव कुटुम्बकम' की भावना को दर्शाता है और देश की कलात्मक परंपराओं को प्रदर्शित करता है जो लंबे समय से रचनात्मकता, सद्भाव और सांस्कृतिक कूटनीति का प्रतीक रही हैं। मोदी ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वेव्स में भारत पैवेलियन हमारी सिनेमाई परंपरा और हमारे देश में मौजूद अवसरों को प्रदर्शित करता है। मैं दुनिया से भारत आने और यहां के रचनात्मक अवसरों का पता लगाने का आह्वान करता हूं।'' प्रधानमंत्री प्रदर्शनी स्थल पर महाराष्ट्र पैवेलियन भी गये।
उन्होंने कहा, ‘‘जब सिनेमा और रचनात्मकता की बात आती है, तो महाराष्ट्र की भूमिका महत्वपूर्ण है। इस राज्य ने रचनात्मकता और सिनेमा की दुनिया से जुड़े लोगों की कई पीढ़ियों को तैयार किया है। महाराष्ट्र की सांस्कृतिक गहराई और कलात्मक ऊर्जा मनोरंजन क्षेत्र को सकारात्मक रूप से प्रभावित करती रहती है।'' मोदी ने कहा कि भारत पैवेलियन देश में हुए महत्वपूर्ण नवाचार को दर्शाता है।
मंडप में चार क्षेत्र हैं जो आगंतुकों को भारत की कहानी कहने की परंपराओं की निरंतरता से परिचित कराते हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘ओम की प्रतिध्वनि से लेकर तबले की थाप तक, भीमबेटका के उत्कीर्ण प्रतीकों से लेकर आज के डिजिटल स्क्रीन तक, नटराज के नृत्य से लेकर सिनेमाई ब्लॉकबस्टर तक, यह मंडप इस बात का जीवंत संग्रह होगा कि भारत ने किस प्रकार वैश्विक कहानी को आकार दिया और अभी भी दे रहा है।'' भारत पैवेलियन हितधारकों के लिए भारत की शानदार प्रतिभा, उन्नत कहानी कहने की प्रौद्योगिकियों और तेजी से बढ़ते बाजार की संभावनाओं से जुड़ने का एक बहुमूल्य मौका पेश करता है। अधिकारी ने कहा, ‘‘सांस्कृतिक विरासत के प्रदर्शन से कहीं अधिक, भारत पैवेलियन अंतर-सांस्कृतिक साझेदारी और निवेश को बढ़ावा देने में सरकार के मजबूत समर्थन का प्रतिबिंब है, जो खुद को रचनात्मक नवाचार और सहयोग के लिए वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करता है।
Leave A Comment