देश में कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 93.65 प्रतिशत हुई
-अब तक कुल 13 करोड़ 70 लाख से अधिक जांच
नई दिल्ली। देश में 43 हजार 82 लोगों में संक्रमण के बाद संक्रमित लोगों की संख्या 93 लाख 9 हजार 788 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि कल कोविड से 492 लोगों के मरने की पुष्टि हुई। इसके साथ ही मृतकों की संख्या एक लाख 35 हजार सात सौ 15 हो गई।
इस समय चार लाख 55 हजार पांच सौ 55 रोगियों का उपचार चल रहा हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान 39 हजार तीन सौ 79 लोग कोरोना से स्वस्थ हुए है। देश में कोविड से स्वस्थ लोगों की संख्या 87 लाख 18 हजार 517 हो गई है। स्वस्थ होने की दर 93.65 प्रतिशत हो गई है।
देशभर में पिछले 24 घंटों के दौरान 11 लाख 31 हजार कोविड नमूनों की जांच की गई। इसके साथ ही जांच का आंकड़ा 13 करोड़ 70 लाख से अधिक होकर एक नया कीर्तिमा स्थापित हो गया है। केंद्र सरकार और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद-आईसीएमआर ने योजनाबद्ध तरीके से जांच की मूलभूत सुविधाओं में विस्तार किया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि उच्च स्तरीय जांच से कोविड-19 संक्रमितों की शीघ्र पहचान संगरोध और प्रभावकारी उपचार हुआ। मंत्रालय ने यह भी कहा है कि इससे मृत्युदर में भी कमी आई है।
अधिक जांच से प्रतिदिन संक्रमण की दर में गिरावट आ रही है, जो अब चार प्रतिशत से नीचे हो गई है। देश में विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानक से पांच गुना यानी प्रतिदिन दस लाख लोगों की जांच हो रही है। देश में इस वर्ष जनवरी तक केवल एक जांच केंद्र - नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ वायरोलॉजी, पुणे में था। आज जांच केंद्रों की संख्या बढ़कर 2 हजार 151 हो गई है, जिसमें से एक हजार 169 सरकारी और 982 जांच केंद्र निजी क्षेत्र में हैं।
Leave A Comment