ब्रेकिंग न्यूज़

 आईएनएस चिल्का में 13 नवंबर को होगी अग्निवीरों की पासिंग आउट परेड, 3,300 से अधिक प्रशिक्षु होंगे शामिल

नई दिल्ली। भारतीय नौसेना के प्रमुख प्रारंभिक प्रशिक्षण संस्थान आईएनएस चिल्का में 13 नवंबर को नौसेना के अग्निवीरों और भारतीय तटरक्षक बल के नाविकों के नौवें बैच की पासिंग आउट परेड आयोजित की जाएगी। नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन समारोह में मुख्य अतिथि और निरीक्षण अधिकारी होंगे। इस परेड के साथ 3,300 से अधिक प्रशिक्षु अपना 16 सप्ताह का प्रारंभिक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करेंगे। यह आईएनएस चिल्का से प्रशिक्षण प्राप्त कर उत्तीर्ण होने वाला अब तक का सबसे बड़ा बैच होगा।
पासिंग आउट परेड एक गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन का प्रतीक होगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवा प्रशिक्षुओं को अनुशासित, शारीरिक रूप से सक्षम, मानसिक रूप से दृढ़ और पेशेवर रूप से दक्ष समुद्री योद्धाओं के रूप में तैयार करना है। प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में शैक्षणिक अध्ययन, शारीरिक अभ्यास, तैराकी, परेड प्रशिक्षण, बाहरी गतिविधियों और शिविरों को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य प्रशिक्षुओं को उनके पेशेवर जीवन की शुरुआत के लिए मजबूत और समग्र आधार प्रदान करना है। प्रशिक्षण के दौरान चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आपसी सौहार्द और टीम भावना विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया जाता है। इसके साथ ही प्रशिक्षुओं में नौसेना के मूल मूल्यों कर्तव्य, सम्मान और साहस की भावना को मजबूत किया जाता है।
 पासिंग आउट परेड प्रशिक्षुओं के लिए गर्व और उपलब्धि का विशेष अवसर होगी। उनके परिवारजन इस समारोह में प्रशिक्षण की सफल पूर्णता और नए पेशेवर जीवन की शुरुआत के साक्षी बनेंगे। समारोह में नौसेना के पूर्व सैनिक और विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहेंगे।
 समारोह की अध्यक्षता दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल समीर सक्सेना करेंगे। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन और प्रशिक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए मेधावी प्रशिक्षुओं, चैंपियन डिवीजन और सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षक को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। समारोह के दौरान प्रशिक्षुओं की द्विभाषी पत्रिका ‘अंकुर’ का विमोचन भी किया जाएगा।
 पासिंग आउट परेड का भारतीय नौसेना के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके माध्यम से देशभर के नागरिक इस गौरवपूर्ण अवसर के साक्षी बन सकेंगे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english