भारत दुनिया में पहला देश बन गया है जिसने हज - 2020 की प्रक्रिया को पूर्णत: डिजिटल बनाया
नई दिल्ली। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज कहा कि हज प्रक्रिया को शत-प्रतिशत डिजिटल करने से हज यात्रा सुगम हो गया है। उन्होंने कहा कि भारत पूरी दुनिया में पहला देश बन गया है जिसने पूरी हज - 2020 की प्रक्रिया को सौ प्रतिशत डिजिटल बना दिया है।
आज मुंबई के हज हाउस में हज - 2020 के लिए एक प्रशिक्षण और प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री नकवी ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा किए गए अभूतपूर्व सुधारों ने पूरी हज प्रक्रिया को डिजिटल और पारदर्शी बनाया है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन आवेदन, ई-वीजा, हज मोबाइल ऐप और मसीहा स्वास्थ्य सुविधा जैसी डिजिटल सेवाओं ने भारत में हज के लिए जाने वाले भारतीय मुसलमानों को मक्का-मदीना में आवास या परिवहन के बारे में सभी जानकारी प्रदान की है। मंत्री ने यह भी कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बन गई है और पिछले कई दशकों की तुलना में हज यात्रा कराने वाले बिचौलियों को हटा दिया गया है।
श्री नकवी ने बताया कि सऊदी अरब सरकार और भारतीय वाणिज्य दूतावास तथा सऊदी अरब की विभिन्न संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय और सहयोग से भारत सरकार हज -2020 के दौरान यात्रियों के लिए सुरक्षा और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं दे रही है। उन्होंने कहा कि इस साल लगभग एक लाख 23 हजार भारतीय मुस्लिम हज कमेटी ऑफ इंडिया के माध्यम से हज पर जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष से पहली बार 21 हजार से अधिक मुस्लिम महिलाएं बिना महरम यानी अभिववाक या पुरुष साथी के हज पर जाएंगी।
--
Leave A Comment