- Home
- देश
- नयी दिल्ली। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि हर गर्भवती महिला के शरीर में रक्त शर्करा के स्तर की अनिवार्य रूप से जांच की जानी चाहिए, भले ही उसमें मधुमेह के कोई लक्षण न हों। मधुमेह विशेषज्ञ सिंह ने ‘डायबिटीज इन प्रेग्नेंसी स्टडी ग्रुप इंडिया' (डीआईपीएसआई 2021) के दो दिवसीय 15वें वार्षिक सम्मेलन के उद्घाटन समारोह को ऑनलाइन संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी में बीमारी को रोकने के लिए रोग का निदान महत्वपूर्ण है। एक बयान में बताया गया कि प्रसिद्ध मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र सिंह ने हर गर्भवती महिला की अनिवार्य रूप से रक्त शर्करा जांच किए जाने की वकालत की है, भले ही उसमें कोई लक्षण न हो।
- बालासोर/बारीपदा (ओडिशा)। ओडिशा के तीन जिलों में बिजली गिरने से तीन महिलाओं समेत कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि मयूरभंज, भद्रक और बालासोर जिलों में बिजली गिरने का शिकार हुए ये सभी लोग घटना के समय धान की रोपाई कर कर रहे थे। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस बीच, बालासोर जिले के ही कस्बाजयपुर गांव में एक व्यक्ति की करंट लगने से उस समय मौत हो गई जब सिंचाई के लिए लगे उपकरण से जुड़े तार की चपेट में वह आ गया। अधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद गांव में तनाव का माहौल पैदा हो गया और ग्रामीणों ने पुलिस को शव पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने से रोक दिया और परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
- इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में पुलिस ने सिंथेटिक ड्रग एमडीएमए की खेप के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया । बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत 1.1 करोड़ रुपये है । पुलिस के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी । अपराध निरोधक शाखा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) गुरुप्रसाद पाराशर ने संवाददाताओं को बताया कि मुखबिर की सूचना पर आरोपी अय्यूब शाह (40) को प्रदेश के सांवेर क्षेत्र में इंदौर-उज्जैन मार्ग पर पकड़ा गया। पाराशर ने बताया, आरोपी "शाह की पीठ पर टंगे बैग से 1.1 किलोग्राम एमडीएमए बरामद किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस नशीले पदार्थ की कीमत 1.1 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।" उन्होंने जांच के हवाले से बताया कि मूलत: मंदसौर का रहने वाला आरोपी शाह मध्यप्रदेश के साथ ही राजस्थान, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में दलालों के माध्यम से एमडीएमए की कथित तौर पर तस्करी करता है। पाराशर ने बताया,आरोपी "शाह के तार उस बड़े गिरोह से जुडे़ हैं जिसके कब्जे से पांच जनवरी को इंदौर में 70 किलोग्राम एमडीएमए जब्त किया गया था।" उन्होंने बताया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस के छेड़े गए "ऑपरेशन प्रहार" के तहत पिछले सात महीने में इस गिरोह के 34 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अधिकारी ने बताया कि इनमें हैदराबाद का एक दवा कारखाना संचालक समेत अलग-अलग राज्यों में एमडीएमए की अवैध खरीद-फरोख्त करने वाले लोग शामिल हैं।उन्होंने बताया कि एमडीएमए को "एक्स्टसी" और "म्याऊं-म्याऊं" के नाम से भी जाना जाता है और इस सिंथेटिक ड्रग (मानव निर्मित रसायनों से बना नशीला पदार्थ) के अवैध कारोबार में गिरफ्तार आरोपियों ने पब, जिम, डिस्को, डांस बार और पार्टियों में उपयोग के लिए भी इसकी आपूर्ति की बात कबूली है।
- एटा । उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के थाना सकरौली क्षेत्र के हंस कुरजा रानी खुर्द गांव में शनिवार सुबह शौच करने जा रही महिला की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। हादसे में बचाने पहुंचे उसके पति एवं उसकी बेटी घायल हो गयी जिन्हें गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया । पुलिस ने बताया कि जैथरा थाने के गांव हंसपुर जानी खुर्द में अपनी पुत्री के यहां रह रही नर्मदा देवी (55) सुबह शौच क्रिया के लिए जा रही थी तभी रास्ते में गड़े हुए बिजली के खंभे से उनका हाथ छू गया, जिसमें बरसात के मौसम के कारण करंट आ रहा था, उसकी चपेट में आ गयी । उन्होंने बताया कि उनको बचाने के लिए पहुंचे उनके पति महाराज सिंह और बेटी आरती भी उसकी चपेट में आ कर घायल हो गयी । पुलिस ने बताया कि नर्मदा देवी की मौत हो गयी है और महाराज सिंह तथा उनकी बेटी आरती को गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
- तिरूवनंतपुरम। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार की ओर से महिलाओं की मदद के वास्ते शुरू की गई हेल्पलाइन सुविधा ‘मित्र 181' पर अब तक दो लाख से अधिक कॉल आयी है। उन्होंने लोगों से संकट में होने पर इस सेवा का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की अपील की। विजयन ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा कि आपातकालीन हेल्पलाइन पर प्राप्त कुल कॉलों में से, 90,000 कॉल करने वाले लोगों को मदद प्रदान की गई। महिलाओं की सुरक्षा एवं कल्याण के लिये ‘मित्र 181' परियोजना की शुरूआत 2017 में की गयी थी। केरल राज्य महिला विकास निगम इस आपात हेल्पलाइन नंबर को 24 घंटे चला रहा है। यह निगम महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में काम करता है। इसके बारे में विस्तार से जानकारी देते हुये मुख्यमंत्री ने बताया कि नियंत्रण कक्ष में सभी कर्मचारी महिलाएं हैं और उनके पास कानून एवं सामाजिक कार्य जैसी पेशेवर योग्यता है।
- नयी दिल्ली। भारतीय रेल ने उत्तर रेलवे के 89 किलोमीटर लंबे सोनीपत-जींद मार्ग पर डीजल इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (डीईएमयू) पर रेट्रोफिटिंग करके हाइड्रोजन ईंधन सेल आधारित प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल को बोलियां आमंत्रित की हैं। शुक्रवार को रेल मंत्रालय ने एक बयान में यह जानकारी दी।इसके जरिये भारतीय रेल यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि क्या मौजूदा डीजल से चलने वाली ट्रेनों को हाइड्रोजन का इस्तेमाल करने के लिए रेट्रोफिट किया जा सकता है। बयान में कहा गया, "डीजल से चलने वाले डेमू की रेट्रोफिटिंग और इसे हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाले ट्रेन सेट में बदलने से न केवल सालाना 2.3 करोड़ रुपये की बचत होगी, बल्कि प्रतिवर्ष 11.12 किलो टन के कार्बन उत्सर्जन (नाइट्रिक ऑक्साइड) को कम किया जा सकेगा। बयान के अनुसार इस पायलट प्रोजेक्ट के सफल क्रियान्वयन के बाद विद्युतीकरण के जरिये डीजल ईंधन से चलने वाले सभी रोलिंग स्टॉक को हाइड्रोजन ईंधन से चलाने की योजना बनायी जा सकती है। निविदा दाखिल करने की समयसीमा 21 सितंबर, 2021 से पांच अक्तूबर, 2021 तय की गयी है।-file photo
- भोपाल। मध्यप्रदेश के बाढ़ प्रभावित ग्वालियर और चंबल संभाग में बारिश से संबंधित घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। प्रदेश सरकार के अधिकारियों ने शनिवार को यहां यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में धीरे धीरे सुधार हो रहा है और फिलहाल इस इलाके में जान को खतरा उत्पन्न करने वाली स्थिति नहीं है। बाढ़ ग्रस्त इलाके में राहत और बचाव कार्य जारी हैं। राजस्व सचिव ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा, ‘‘ प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों में बारिश संबंधित घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। ये मौतें एक से सात अगस्त के दौरान हुई हैं।'' शुक्रवार तक अधिकारियों ने मृतकों की संख्या 12 बताई थी।इस सप्ताह की शुरुआत में मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से में भारी बारिश के बाद बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई थी। बाढ़ से 1,250 से अधिक गांव प्रभावित हुए थे। रविवार से हो रही बारिश से ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर, दतिया, अशोक नगर, गुना, भिंड और मुरैना जिले प्रभावित हुए हैं। हालांकि बृहस्पतिवार से ग्वालियर और चंबल दोनों संभागों में बारिश की तीव्रता कम होने लगी।संभाग आयुक्त आशीष सक्सेना ने कहा, ‘‘ ग्वालियर और चंबल संभागों में बाढ़ के कारण जान को खतरे जैसी अब कोई स्थिति नहीं है।'' इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत अन्न उत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य के बाढ़ प्रभावित हिस्सों से 8,832 लोगों को बचाया गया है जबकि 29,280 अन्य को इन इलाकों से सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। सक्सेना ने कहा कि ग्वालियर संभाग के अशोक नगर जिले के बाढ़ ग्रस्त इलाकों में फंसे करीब 50 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और भारतीय वायु सेना के दल बचाव अभियान के लिए अशोक नगर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि सेना की टुकड़ी भी प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने वाली है। अधिकारी ने कहा, ‘‘ प्रभावित इलाकों में बचाव अभियान लगभग पूरा हो चुका है और अब राहत कार्य तेजी से किया जा रहा है।'' इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भोपाल केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पी के साहा ने कहा कि ग्वालियर संभाग के अशोक नगर और गुना जिलों में शनिवार को सुबह 8.30 बजे समाप्त हुए 24 घंटों में क्रमश: 32 मिमी और 164.1 मिमी बारिश हुई है। उन्होंने कहा कि पूर्वी मध्यप्रदेश के उत्तरी हिस्से और इसके आसपास के इलाकों में अब कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। शुक्रवार को यह उत्तरी मध्य प्रदेश के मध्य भाग और इसके आसपास के इलाके पर था।'' मुख्यमंत्री ने शनिवार सुबह ट्वीट करके कहा कि प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से लगभग 40 लोगों को बचाया गया। उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने आज सुबह गुना, अशोक नगर और विदिशा जिलों में बाढ़ की स्थिति और वहां चल रहे बचाव कार्यों का जायजा लिया।'' चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘ भारतीय वायुसेना का बचाव अभियान आज सुबह फिर से शुरु हुआ। गांवों में फंसे लोगों को निकालने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के दल भी काम कर रहे हैं।'' उन्होंने कहा कि शनिवार सुबह बाढ़ प्रभावित अशोक नगर जिले के बरारी और सिरसोरा गांव से हेलीकॉप्टरों से 15-15 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। इसी जिले के वसुनिया घाट गांव से छह लोगों को बचाकर सुरक्षित स्थान पर लाया गया है। चौहान ने कहा कि गुना जिले के सोंधा गांव में फंसे लोग सुरक्षित हैं और वहां राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के जवान पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि सोंधा में बचाव कार्य के लिए ग्वालियर से हेलीकॉप्टर भी भेजा जा रहा है, वहीं विदिशा जिले के रीनिया गांव में पेड़ पर कल रात से बैठे छह लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। इस बीच, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने शनिवार बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा करके प्रभावित लोगों से मुलाकात की।
- नोएडा। नोएडा पुलिस ने लोगों को कार टैक्सी सेवा कंपनी में निवेश पर आकर्षक मासिक रिटर्न का प्रलोभन देकर दो करोड़ रुपये की चपत लगाने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह भी चर्चित ‘बाइक बॉट' घोटाले के आरोपियों की ही तरह काम करता था। इस घोटाले में दो लाख से ज्यादा लोगों को 3,500 करोड़ रुपये का चूना लगाया गया था। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मध्य नोएडा) अंकुर अग्रवाल ने कहा कि फेज-तीन पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने के बाद यह घोटाला सामने आया है। अग्रवाल ने कहा कि कंपनी के अधिकारियों ने निवेशकों से कहा था कि उनकी टैक्सियों का इस्तेमाल सरकार अपने अधिकारियों के लिए करेगी और सभी निवेशकों को आकर्षक मासिक रिटर्न मिलेगा। उन्होंने कहा कि जब निवेशकों को रिटर्न नहीं मिला, तो उसके बाद यह घोटाला सामने आया। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा द्वारा ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के लिए दिखाए गए ‘‘ उल्लेखनीय जोश ओर बेजोड़ साहस' ' की प्रशंसा की और जोर देकर कहा कि उन्होंने जो आज उपलब्धि हासिल की है उसे सदैव याद किया जाएगा। तोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के बाद मोदी ने फोन पर चोपड़ा से बात की और उन्हें बधाई दी। 23 वर्षीय एथलीट की प्रशंसा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने खेल प्रतिभा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया है। उल्लेखनीय है कि चोपड़ा शनिवार को दूसरे भारतीय बने जिन्होंने ओलंपिक में व्यक्तिगत प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। उन्होंने देश को फास्ट ट्रैक ऐंड फील्ड खेलों में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाने के लिए शानदार प्रदर्शन किया। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘ तोक्यो में इतिहास रचा गया है। नीरज चोपड़ा ने जो उपलब्धि आज प्राप्त की है वह सदैव याद की जाएगी। युवा नीरज ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।'' प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘वह (चोपड़ा) उल्लेखनीय जोश के साथ खेले और बेजोड़ साहस दिखाया। स्वर्ण पदक जीतने के लिए उन्हें बधाई।'' एक अन्य ट्वीट में मोदी ने कहा कि उन्होंने चोपड़ा से बात की और उन्हें स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी एवं ‘‘उनकी मेहनत और दृढ़ता'' की सराहना की जिसका प्रदर्शन उन्होंने तोक्यो ओलंपिक-2020' में किया है। मोदी ने कहा, ‘‘उन्होंने (चोपड़ा ने) खेल प्रतिभा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया है।उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।'' हरियाणा स्थित पानीपत जिले के खांदर गांव के रहने वाले चोपड़ा ने दूसरी कोशिश में 87.58 मीटर दूर भाला फेंककर यह उपलब्धि हासिल की । भारत ने तोक्यो ओलंपिक में अबतक सात पदक जीते हैं जिनमें चोपड़ा एकमात्र स्वर्ण पदक विजेता हैं। इसके साथ ही वह व्यक्तिगत प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले अभिनव ब्रिंदा (वर्ष 2008 बीजिंग ओलंपिक) के क्लब में शामिल हो गए।
- उज्जैन मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में शनिवार को बोरवेल में गिरने से तीन साल की एक बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। जिले के भेरुगढ़ थाने के प्रभारी प्रवीण पाठक ने बताया कि घटना जोगखेड़ी गांव की में हुयी, हादसे के वक्त बच्ची खेल रही थी। उन्होंने बताया कि खेलते समय बच्ची एक खुले बोरवेल में गिर गई और 10-12 फीट की गहराई में फंस गई। ग्रामीणों ने पुलिस के आने से पहले लड़की को बाहर निकाला और उसे पास के अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे को मृत घोषित कर दिया। पाठक ने बताया कि बोरवेल मालिक के खिलाफ जांच के बाद मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्यों से चर्चा की और राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में उनके लिये जलपान की मेजबानी की। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्यों के अलावा इस अवसर पर उप राष्ट्रपति एम वैंकेया नायडू भी मौजूद थे। राष्ट्रपति सचिवालय द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक राष्ट्रपति ने मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ चर्चा की और उनके लिए शनिवार शाम को राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में जलपान की मेजबानी की।
- लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने 100 से अधिक कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की है और आगामी नौ अगस्त से 26 जनवरी के बीच अनेक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज लखनऊ में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं प्रखंड प्रमुखों के सम्मेलन को संबोधित करने के बाद विधानसभा प्रभारियों की बैठक में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई है और राज्य के सभी मंत्री, पार्टी के सांसदों और पदाधिकारियों की भी बैठक हुई। उन्होंने कहा कि सभी बैठकों में संगठन और सरकार की दृष्टि से सुझाव आये हैं। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुखों (एक पन्ने पर जितने लोगों का नाम दर्ज हो सकता है, उतने लोगों का प्रभारी) का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा और बूथ समितियों का सत्यापन किया जाएगा तथा सभी 27 हजार से अधिक शक्ति केंद्रों के संयोजक और प्रभारी रक्षा बंधन के बाद अपने शक्ति केंद्र पर होंगे और राष्ट्रीय अध्यक्ष वर्चुअल माध्यम से सभी शक्ति केंद्रों से जुड़कर अपना उद्बोधन करेंगे। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती (25 सितंबर) के दिन पन्ना प्रमुखों का सम्मेलन और बूथों का सत्यापन दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम तय किये गये हैं। इसके पहले भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने पत्रकारों से नौ अगस्त से शुरू होने वाले कार्यक्रमों की संक्षिप्त रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि नौ अगस्त को क्रांति दिवस है और इस दिन जिला पंचायत अध्यक्ष एवं ब्लाक प्रमुख योजना बनाकर राष्ट्र की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायतों में स्थित स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और माल्यार्पण का अभियान 15 अगस्त तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त से 20 अगस्त तक प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में बैठक आयोजित होगी और 23 अगस्त को बूथ विजय अभियान (विधानसभा चुनाव के दौरान बूथ जीतने के लिए) की शुरुआत होगी। 25 सितंबर को भाजपा के संगठनात्मक मंडलों पर पन्ना प्रमुख सम्मेलन आयोजित किये जाएंगे और 25 सितंबर को दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 23 अगस्त के बाद शक्ति केंद्र प्रभारी और संयोजकों के सम्मेलन को राष्ट्रीय अध्यक्ष वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे और इसके बाद मंडल अध्यक्षों, सेक्टर प्रभारियों के भी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा ग्राम चौपाल, किसान चौपाल का आयोजन किया जाएगा और 100 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे जो 26 जनवरी तक जारी रहेंगे।
- नयी दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शनिवार को कहा कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण रोधी टीके लगने की संख्या प्रति माह तेजी से बढ़ रही है और जुलाई में प्रतिदिन औसतन 43.41 लाख खुराक के साथ कुल 13.45 करोड़ खुराक दी गईं। देश में शुक्रवार तक 50 करोड़ से अधिक संक्रमण रोधी टीके लगाए जा चुके हैं। केन्द्रीय मंत्री ने ट्वीट किया, भारत कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में मजबूत हो रहा है। ‘सबको टीका मुफ्त टीका' की राह पर चलते हुए संक्रमण रोधी टीके लगने की संख्या प्रति माह तेजी से बढ़ रही है। जुलाई में प्रतिदिन औसतन 43.41 लाख खुराक और कुल 13.45 करोड़ खुराक दी गईं।'' एक रिपोर्ट के अनुसार शनिवार सुबह सात बजे तक भारत में 58,08,344 सत्रों में टीके की 50,10,09,609 खुराक दी गईं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में टीके की 49,55,138 खुराक दी गई। मंत्रालय ने कहा कि केन्द्र सरकार देशभर में टीकाकरण की रफ्तार और दायरा बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
- -अब भारत के पास आपात इस्तेमाल के लिए पांच टीकेनयी दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शनिवार को कहा कि भारत में जॉनसन एंड जॉनसन के एक खुराक वाले कोविड-19 रोधी टीके के आपात इस्तेमाल को मंजूरी दे दी गई है।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इससे संक्रमण के खिलाफ लड़ाई में देश के समग्र प्रयासों को और मजबूती मिलेगी। मांडविया ने ट्वीट किया,'' भारत ने टीके की अपनी डलिया (बास्केट) को और बड़ा किया। भारत में जॉनसन एंड जॉनसन के एक खुराक वाले कोविड-19 रोधी टीके के आपात इस्तेमाल को मंजूरी मिली। अब भारत के पास आपात इस्तेमाल के लिए पांच टीके हैं। इससे संक्रमण के खिलाफ लड़ाई में देश के समग्र प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।गौरतलब है कि अमेरिका की दवा कंपनी ने अपने टीके के आपात इस्तेमाल की मंजूरी के लिए शुक्रवार को आवेदन दिया था और भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने उसी दिन उसे मंजूरी दे दी। भारत में जिन पांच टीकों को आपात इस्तेमाल को मंजूरी मिली है,वे हैं-सीरम इंस्टीट्यूट का कोविशील्ड, भारत बायोटेक का कोवैक्सीन,रूस का स्पूतनिक वी और मॉडर्ना का टीका व जॉनसन एंड जॉनसन का टीका।
-
देवास। मध्य प्रदेश के देवास में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बीते दिनों हुई एक हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की आरोपी पत्नी व उसके प्रेमी सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक अवैध संबंधों के चलते आरोपी पत्नी ने आरोपी प्रेमी व उसके आरोपी साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की थी। घटना 29 जुलाई की है, जब खातेगांव में एक व्यक्ति की लाश एक खेत में खाट पर मिली थी। पुलिस ने मामले की तफ्तीश की तो मृतक की आरोपी पत्नी के अवैध संबंध की जानकारी लगी और इसी आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।
पुलिस ने बताया कि 29 जुलाई की सुबह खातेगांव पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति की लाश शिव कलोता के खेत पर खाट पर पड़ी हुई है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरु की। शव के गले में निशान था जिससे आशंका थी कि गला घोंटकर हत्या की गई है। मृतक की शिनाख्त गांव के ही रहने वाले बंटी के तौर पर हुई थी। पोस्टमार्टम में भी गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई थी। पुलिस ने मामले की तफ्तीश की तो पता चला कि मृतक बंटी की आरोपी पत्नी के गांव के ही रहने वाले आरोपी गणेश से अवैध संबंध हैं। इस आधार पर जब पुलिस ने मृतक की आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी आरोपी गणेश को पकड़कर सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने हत्या की इस वारदात का पूरा सच पुलिस के सामने कबूल लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि आरोपी गणेश और पत्नी के अवैध संबंधों के बारे में बंटी को पता चल गया था और इसीलिए वो पत्नी के साथ मारपीट करने लगा था। पति द्वारा की जाने वाली मारपीट और आरोपी गणेश से अवैध संबंधों की इच्छा में बंटी की पत्नी ने इस वारदात की प्लानिंग की और फिर प्रेमी आरोपी गणेश व उसके तीन अन्य आरोपी साथियों के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया। आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि वारदात से पहले उन्होंने शराब व चिकिन पार्टी की थी और जब बंटी शराब के नशे में धुत हो गया था, तब गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी। -
बेंगलूरु। दोस्त को घर में जगह देना और जीविकोपार्जन के लिए ऑटोरिक्शा चलाने का मौका देना एक ऑटोचालक को भारी पड़ गया। दोस्त ने उसकी पत्नी से संबंध बना लिए और फिर रास्ते से हटाने के लिए कथित रूप से उसकी हत्या कर दी।
पुलिस निरीक्षक एमएल चेतन कुमार ने बताया कि श्रीनगर में अर्कावती रिवर रोड निवासी कार्तिक (25) की उसके दोस्त आरोपी संजू ने हत्या कर दी। आरोपी संजू के बेरोजगार होने के कारण कार्तिक ने उसे अपने घर में जगह दी थी और चलाने के लिए ऑटोरिक्शा दिया था। पुलिस के अनुसार आरोपी संजू दिन में ऑटो चलाता था जबकि कार्तिक रात में ऑटो चलाता था। इस दौरान आरोपी संजू ने उसकी पत्नी से अनैतिक संबंध बना लिए।
पुलिस निरीक्षक एमएल चेतन कुमार ने बताया कि कार्तिक को शीघ्र ही इस बात का एहसास होने लगा कि सब कुछ ठीक नहीं है। लेकिन इसके पहले कि वह कुछ कर पाता, आरोपी संजू ने अपने रिश्तेदार आरोपी सुब्रमण्या की सहायता से उसे रास्ते से हटाने का फैसला किया। पुलिस ने बताया कि 29 जुलाई को आरोपी संजू कार्तिक को चन्नपटना ले गया जहां उसे लोहे की छड़ से मारा, उस पर चाकू से हमला किया और उसके सिर पर पत्थर से वार किया।
पुलिस निरीक्षक एमएल चेतन कुमार ने बताया कि तीन दिन के बाद मृतक की पत्नी आरोपी रंजीता केजी नगर थाने पहुंची और पति के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस निरीक्षक एमएल चेतन कुमार ने कार्तिक की तलाश शुरू की और इस दौरान उसकी बहन ने पुलिस को आरोपी रंजीता व आरोपी संजू के अवैध संबंधों के बारे में बताया। पुलिस ने जब आरोपी रंजीता से संपर्क करने की कोशिश की तो वह संपर्क में नहीं आई। हालांकि पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी संजू ने गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने मौके से शव बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है। -
अमिलो। मुबारकपुर थाना क्षेत्र में पांच दिन पूर्व बोरे में बरामद वृद्ध महिला का शव मामले का पुलिस ने राजफाश कर लिया है। पुलिस इस नतीजे पर पहुंची कि वृद्धा की हत्या अवैध संबंधों में बाधा बनने पर की गई। वारदात में एक आरोपी विधवा अपने दो कथित आरोपी प्रेमियों के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने आरोपी विधवा को गिरफ्तार कर वृद्धा से लूटे गए जेवरात भी बरामद कर लिया है। दोनों कथित आरोपी प्रेमी पुलिस की पकड़ से अभी भी दूर हैं।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अमरौला देह बनकट गांव निवासी 75 वर्षीय धानमती पुरूषोत्तमपुर में सब्जी बेचती थीं। दो अगस्त की सुबह उनका शव बोरे में बरामद होने से सनसनी फैल गई थी। उनके शरीर पर पड़े जेवरात गायब थे। पीडि़त पुत्र रामचंदर ने हत्या व लूट की धारा में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने सर्विलांस की मदद ली तो हत्या के आरोपियों के बारे में क्लू मिल गया।
मुबारकपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि गिरफ्तार महिला आरोपी आशा पुरुषोत्तमपुर बाजार में रहकर विसाता की दुकान चलाती है। उसकी दुकान के माध्यम से ही आरोपी शमीम व आरोपी पाढ़ू ग्राम देवापार निवासी से मुलाकात हुई। दोनों आरोपी से उक्त महिला के नजदीकी संबंध हो गए। धानमती देवी आशा की दुकान के पास ही सब्जी की दुकान लगाती थी। वृद्धा को आरोपी आशा के अवैध संबंधों की जानकारी हो गई थी। बदनामी होने के डर से आरोपी आशा ने आरोपी शमीम व आरोपी पाढ़ू की मदद से वृद्धा को अपने घर के अंदर बुलाकर आरोपी प्रेमियों की मदद से गला दबाकर हत्या कर दी। उसी रात को शव को बोरे में भरकर झाड़ी में फेंक दिया था। हत्या के बाद वृद्धा के जेवर आरोपी आशा ने लूट लिए थे। - नई दिल्ली। लोकसभा ने विपक्षी दलों के शोर शराबे के बीच शुक्रवार को कराधान विधि (संशोधन) विधेयक, 2021 को मंजूरी प्रदान कर दी जिसमें भारतीय परिसंपत्तियों के अप्रत्यक्ष हस्तांतरण पर कर लगाने के लिए पिछली तिथि से लागू कर कानून, 2012 के जरिये की गयी मांगों को वापस लिया जाएगा। इसके तहत केयर्न एनर्जी और वोडाफोन जैसी कंपनियों से पूर्व की तिथि से कर की मांग को वापस लिया जाएगा।वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच कराधान विधि (संशोधन) विधेयक, 2021 को चर्चा एवं पारित होने के लिए पेश करते हुए कहा कि वर्ष 2012 में उच्चतम न्यायालय के एक आदेश के बाद संबंधित कानून में संशोधन किया गया जिससे पूर्व की तिथि से कर लगाया जा सकता था। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विपक्ष में रहते हुए इसक विरोध करते हुए कहा था कि यह प्रावधान कानून सम्मत नहीं है और निवेशकों की भावना के प्रतिकूल भी है। वित्त मंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार बनने के बाद उच्च स्तरीय समिति ने इस पर विचार किया। उन्होंने कहा, पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा था कि सैद्धांतिक रूप से हम इससे सहमत नहीं है। न्यायालय में कई मामले लंबित थे और इन मामलों के तार्किक परिणति तक पहुंचने के बाद यह विधेयक लाया गया। हमने जो वादा किया था, उसको पूरा करने के लिए हम संशोधन लाए हैं।इसके बाद लोकसभा ने पेगासस एवं अन्य मुद्दों पर विपक्षी सदस्यों के शोर शराबे के बीच ही कराधान विधि (संशोधन) विधेयक, 2021 को मंजूरी दे दी। विधेयक के प्रावधानों के अनुसार, इसके तहत भारतीय परिसंपत्तियों के अप्रत्यक्ष हस्तांतरण पर कर लगाने के लिए पिछली तिथि से लागू कर कानून, 2012 का इस्तेमाल करके की गई मांगों को वापस लिया जाएगा। विधेयक में कहा गया है, इन मामलों में भुगतान की गई राशि को बिना किसी ब्याज के वापस करने का भी प्रस्ताव है। इस विधेयक का सीधा असर ब्रिटेन की कंपनियों केयर्न एनर्जी और वोडाफोन समूह के साथ लंबे समय से चल रहे कर विवादों पर होगा। भारत सरकार पिछली तिथि से लागू कर कानून के खिलाफ इन दोनों कंपनियों द्वारा किए गए मध्यस्थता मुकदमों में हार चुकी है। विधेयक में कहा गया कि एक विदेशी कंपनी के शेयरों के अंतरण (भारतीय संपत्ति के अप्रत्यक्ष हस्तांतरण) के जरिए भारत में स्थित संपत्ति के हस्तांतरण की स्थिति में होने वाले लाभ पर कराधान का मुद्दा लंबी मुकदमेबाजी का विषय था। उच्चतम न्यायालय ने 2012 में एक फैसला दिया था कि भारतीय संपत्ति के अप्रत्यक्ष हस्तांतरण से होने वाले लाभ कानून के मौजूदा प्रावधानों के तहत कर योग्य नहीं हैं।इसके बाद सरकार ने वित्त अधिनियम, 2012 द्वारा आयकर अधिनियम, 1961 के प्रावधानों को पिछली तिथि से संशोधित किया, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि एक विदेशी कंपनी के शेयरों की बिक्री से होने वाले लाभ पर भारत में कर लगेगा। विधेयक के उद्देश्यों में कहा गया है, इस कानून के अनुसार 17 मामलों में आयकर की मांग की गई थी। दो मामलों में उच्च न्यायालय द्वारा स्थगन के कारण आकलन लंबित हैं।
- गोपेश्वर (उत्तराखंड) । चारधाम यात्रा से जुडे लोगों ने गुरुवार को बदरीनाथ में यात्रा शुरू करने की मांग को लेकर महापंचायत आयोजित की । एक मत से यात्रा शुरू करने की मांग करते हुए महापंचायत में विभिन्न पक्षों के लोगों ने अपनी बात रखी और कहा कि दो साल से यात्रा बंद होने से व्यवसायियों को भारी नुकसान उठाना पड रहा है । महापंचायत के बाद स्थानीय लोगों, व्यापार मंडल, होटल व्यवसायियों और मंदिर से जुड़े तीर्थ—पुरोहितों ने साकेत चौराहा से माणा चौराहा तक रैली निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। महापंचायत में शामिल लोगों ने संवाददाताओं से कहा कि यात्रा बंद होने से युवा बेरोजगार घूम रहे हैं और काम धंधा सब चौपट हो गया है । उन्होंने कहा कि बैंकों से ऋण लेने वालों को किश्त जमा करने के लिए लगातार नोटिस मिल रहे हैं, बिजली पानी के बिल लगातार आ रहे हैं लेकिन कमाई ठप होने पर इनका भुगतान नहीं हो पा रहा है और व्यापारियों के सामने भुखमरी की स्थिति आ गई है । बद्रीश संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेश मेहता ने चेतावनी दी कि यदि चारधाम यात्रा का संचालन जल्द शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा और इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन- प्रशासन की होगी। उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने कोविड की संभावित तीसरी लहर के मददेनजर चारधाम यात्रा के संचालन पर रोक लगाई हुई है । राज्य सरकार ने इस रोक को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी है, जहां मामला सुनवाई के लिए लंबित है ।
- नागपुर। महाराष्ट्र में नागपुर के महल इलाके में स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुख्यालय के अलावा डॉ बाबासाहेब अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को 'ड्रोन रहित' क्षेत्र घोषित किये जाने की संभावना है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक इस बारे में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा समीक्षा समिति की बैठक के दौरान निर्णय लिया जाएगा। इस महीने के अंत में प्रस्तावित इस बैठक में समिति में शामिल पुलिस अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारी भी शामिल होंगे। केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने जम्मू में वायु सेना के अड्डे पर जून में हुए ड्रोन हमले के मद्देनजर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए अलर्ट जारी किया था। अधिकारी ने कहा कि गृहमंत्रालय के निर्देशों के बाद नागपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर ड्रोन रहित इलाकों के संबंध में दिशा निर्देशों को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करनी शुरू की है।
- मुंबई। महाराष्ट्र की महिला एवं बाल विकास मंत्री यशोमति ठाकुर ने कहा है कि राज्य सरकार ने कोविड-19 महामारी के दौरान प्रदेश में 790 बाल विवाह रूकवाया है। राज्य सरकार, युनिसेफ और गैर सरकारी संगठन अक्षय सेंटर ने संयुक्त रूप से ऐसे विवाह पर रोक लगाने के लिये एक नये अभियान की शुरूआत की । ठाकुर इसी मौके पर संवाददाताओं से बातचीत कर रही थी। लॉकडाउन के दौरान बाल विवाह में अचानक तेजी देखी गयी, जिसके बाद राज्य सरकार ने इस ताजा अभियान की शुरूआत की, जो पांच अगस्त से सितंबर के आखिर तक चलेगा । अधिकारियों के अनुसार, अप्रैल 2020 के बाद से अब तक सोलापुर सर्वाधिक 88 बाल विवाह रूकवाया गया जहां 18 साल से कम उम्र लड़कियों की शादी करवायी जा रही थी । इस सूची में सोलापुर के बाद औरंगाबाद (62), उस्मानाबाद और नांदेड़ (45-45), यतवतमाल (42) और बीड (40) का स्थान आता है। ठाकुर ने बताया कि बाल विवाह रोकथाम अधिनियम 2008 में बदलाव करने के उद्देश्य से सुझाव देने के लिये एक समिति गठित की गयी है । युनिसेफ की राजेश्वरी चंद्रशेखर के अनुसार के महाराष्ट्र बाल विवाह के मामले में देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल है ।
- नयी दिल्ली। पैनासिया बायोटेक ने गुरुवार को कहा कि उसने कोविड-19 की वैक्सीन स्पुतनिक-वी की 2.5 करोड़ खुराक तैयार करने के लिए एक समझौता किया है, जिसके लिए रूस की दवा कंपनी जेनेरियम द्वारा निर्मित दवा सत्व का इस्तेमाल किया जाएगा। पैनासिया बायोटेक ने शेयर बाजार को बताया कि कंपनी ने ‘‘रूसी प्रत्यक्ष निवेश कोष की सहायक कंपनी ह्यूमन वैक्सीन लिमिटेड लायबिलिटी कंपनी, जेनेरियम ज्वाइंट स्टॉक कंपनी, रूस और डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज लिमिटेड के साथ एक लाइसेंस और निर्माण समझौता किया है।'' इस समझौते की शर्तों के अनुसार पैनासिया बायोटेक, रूस की जेनेरियम द्वारा विनिर्मित दवा सत्व का उपयोग करके स्पुतनिक-वी वैक्सीन का उत्पादन करेगी, और फिर भारत में वितरण के लिए डॉ रेड्डीज को पूरी मात्रा की आपूर्ति करेगी।
- नयी दिल्ली। सरकार ने बृहस्पतिवार को संसद को बताया कि देश में साल 2020 में 3,66,138 सड़क दुर्घटनाएं हुईं जिनमें 1,31,714 लोगों की मौत हो गई। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के मुद्दे के समाधान के लिए उनके मंत्रालय ने बहुआयामी रणनीति अपनाई है। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष के पहले तीन महीनों में देश के भीतर 2,284 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण किया गया है। गडकरी ने बताया कि साल 2021-22 में कुल 12000 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तोक्यो ओलंपिक की कुश्ती प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने वाले भारतीय पहलवान रवि दहिया को बधाई दी और कहा कि उनका जुझारूपन और उनकी दृढ़ता उत्कृष्ट हैं। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘रवि कुमार दहिया एक शानदार पहलवान हैं। उनका जुझारूपन और उनकी दृढ़ता उत्कृष्ट हैं। तोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने पर उन्हें बधाइयां। उनकी इस उपलब्धि पर भारत को गर्व है।'' दहिया गुरुवार को स्वर्ण पदक जीतने से चूक गये। पुरुषों के 57 किग्रा भार वर्ग कुश्ती प्रतियोगिता में रूसी ओलंपिक समिति के जावुर युवुगेव से हारकर उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। निशानेबाज अभिनव बिंद्रा भारत की तरफ से ओलंपिक में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाले एकमात्र खिलाड़ी थे। उन्होंने बीजिंग ओलंपिक 2008 में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में सोने का तमगा हासिल किया था। कुश्ती में भारत का यह दूसरा रजत पदक है। इससे पहले सुशील कुमार लंदन ओलंपिक 2012 के फाइनल में पहुंचे थे लेकिन उन्हें रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा था।
- चंडीगढ़। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बृहस्पतिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्य सलाहकार के पद से इस्तीफा दे दिया और कहा कि वह अस्थायी रूप से खुद को सार्वजनिक जीवन से अलग कर रहे हैं।'' किशोर ने ऐसे समय में इस्तीफा दिया है, जब पंजाब विधानसभा चुनाव में एक साल से भी कम का समय रह गया है। किशोर ने 2017 चुनाव में कांग्रेस को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। उन्होंने सिंह के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए ‘‘पंजाब दा कैप्टन'' और ‘कॉफी विद कैप्टन'' जैसे अभियान चलाए थे। किशोर ने मुख्यमंत्री को बृहस्पतिवार को लिखे एक पत्र में कहा, ‘‘ अस्थायी रूप से सार्वजनिक जीवन में खुद को अलग करने के मेरे निर्णय को देखते हुए, मैं आपके मुख्य सलाहकार के रूप में जिम्मेदारियों को संभालने में सक्षम नहीं हूं। मैंने अभी तक अपने भविष्य को लेकर कोई फैसला नहीं किया है, इसलिए मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि आप मुझे इस जिम्मेदारी से मुक्त करें। मुझे सेवाएं देने का मौका देने के लिए मैं आपका धन्यवाद भी करना चाहता हूं।'' मुख्यमंत्री ने मार्च में किशोर को अपना प्रमुख सलाहकार नियुक्त किया था और उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्रदान किया था। सिंह ने मार्च में इस संबंध में जानकारी देते हुए ट्वीट किया था, ‘‘ यह बताते हुए काफी खुशी हो रही है कि प्रशांत किशोर अब मेरे मुख्य सलाहकार होंगे। पंजाब के लोगों की उन्नति के लिए उनके साथ मिलकर काम करने को उत्साहित हूं।'' सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी एक अधिसूचना में कहा गया था कि किशोर इसके लिये एक रुपये का सांकेतिक मानदेय लेंगे। वर्ष 2022 के चुनाव के लिए सिंह की प्रचार रणनीति तैयार करने के लिए मार्च में पहली बार किशोर ने कांग्रेस के विधायकों के साथ बातचीत की थी ताकि चुनावी वादों को पूरा करने सहित विभिन्न मुद्दों पर उनकी राय जान पाएं। उन्होंने इससे पहले मुख्यमंत्री के शीर्ष सहयोगियों, प्रशासनिक सचिवों और विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारियों के साथ भी बैठकें की थीं। किशोर ने 2014 लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी के प्रचार अभियान का जिम्मा भी संभाला था। वह इस साल की शुरुआत में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी के चुनावी रणनीतिकार भी थे।

.jpg)
.jpg)
















.jpg)
.jpg)







