- Home
- बिजनेस
-
नयी दिल्ली. आईफोन विनिर्माता एप्पल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी टिम कुक बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में कंपनी के पहले स्टोर के उद्घाटन पर ग्राहकों का स्वागत करेंगे। कंपनी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि भारत में एप्पल के इस दूसरे स्टोर के उद्घाटन पर कुक खुद मौजूद रहेंगे। वह इस समय दिल्ली में ही हैं जहां उनका कई हस्तियों से मिलने का कार्यक्रम है। कुक मंगलवार को मुंबई में एप्पल के पहले स्टोर के उद्घाटन पर भी मौजूद रहे थे। उन्होंने स्टोर के दरवाजे खोलकर ग्राहकों का स्वागत किया था। दिल्ली में एप्पल का स्टोर साकेत के सेलेक्ट सिटीवॉक मॉल में खुलने जा रहा है। 'एप्पल साकेत' नाम के इस स्टोर का डिजाइन दिल्ली के पुराने दरवाजों से प्रेरित है। हालांकि आकार में यह मुंबई के स्टोर से थोड़ा छोटा है। एप्पल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (खुदरा) डिएड्रे ओब्राएन ने कहा, "हम दिल्ली के अपने ग्राहकों के लिए एप्पल के बेहतरीन उत्पाद लाकर काफी रोमांचित हैं।
- मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 159.21 अंक के नुकसान में रहा। वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख और विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी के बीच सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और कुछ बैंक शेयरों में बिकवाली से बाजार में गिरावट आई। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 159.21 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 59,567.80 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 274.29 अंक तक लुढ़क गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 41.40 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,618.75 अंक पर बंद हुआ। विश्लेषकों ने कहा कि शेयर बाजार में 13 अप्रैल तक रिकॉर्ड नौ दिन की तेजी के बाद ‘करेक्शन' आया है। इन नौ दिन में निफ्टी 5.7 प्रतिशत और सेंसेक्स 4.73 प्रतिशत मजबूत हुआ था। आईटी कंपनियों के वित्तीय परिणाम उम्मीद के अनुरूप नहीं होने से सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार तक लगातार तीन दिन करीब 1.4 प्रतिशत गिरावट रही। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज सबसे ज्यादा 2.4 प्रतिशत नीचे आया। इसके अलावा इंडसइंड बैंक, इन्फोसिस, विप्रो, एशियन पेंट्स, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा और भारतीय स्टेट बैंक नुकसान में रहे। दूसरी तरफ एक्सिस बैंक सर्वाधिक 1.05 प्रतिशत के लाभ में रहा। भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस और रिलायंस इंडस्ट्रीज भी बढ़त में रहे। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘कंपनियों के अबतक आए चौथी तिमाही के परिणाम उम्मीद के अनुरूप नहीं होने का बाजार पर असर दिख रहा है और इस सप्ताह लगातार तीसरे दिन गिरावट रही। अन्य सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों के परिणाम आने से पहले आईटी शेयरों में बिकवाली देखी गयी।'' उन्होंने कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख का भी बाजार पर असर दिख रहा है। वास्तव में बाजार को अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर में एक और वृद्धि की आशंका है। रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के उपाध्यक्ष (तकनीकी शोध) अजित मिश्रा ने कहा कि बाजार में गिरावट का सिलसिला जारी है। हल्के कारोबार के बीच बाजार मामूली नुकसान में बंद हुआ। एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी लाभ में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में ज्यादातर में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी शेयर बाजार मंगलवार को नुकसान में रहे थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने मंगलवार को 810.60 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.23 प्रतिशत लुढ़क कर 82.88 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
- नयी दिल्ली । वैश्विक बाजारों में कमजोरी के रुख के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने का भाव 510 रुपये की गिरावट के साथ 59,940 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 60,450 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था।चांदी की कीमत भी 920 रुपये की गिरावट के साथ 74,680 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘दिल्ली के बाजार में सोने का हाजिर भाव 510 रुपये घटकर 59,940 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।'' अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना गिरावट के साथ 1,986 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी भी फिसलकर 24.79 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। गांधी ने कहा कि अमेरिकी डॉलर के कमजोर होने तथा बॉन्ड आय घटने के कारण बुधवार को एशियाई कारोबार के घंटों में सोने की कीमतों में गिरावट आई।
-
नयी दिल्ली. टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड ने मंगलवार को इंटेल फाउंड्री सर्विसेज के पूर्व अध्यक्ष रणधीर ठाकुर को अपना मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक (एमडी) नियुक्त किया है। कंपनी ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि सेमीकंडक्टर उद्योग में चर्चित नाम ठाकुर ने 5 वर्षों से अधिक समय तक इंटेल के साथ काम किया है। उनके पास वैश्विक विनिर्माण, अनुसंधान और विकास में 40 साल से अधिक का अनुभव है। टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड (टीईपीएल) की स्थापना वर्ष 2020 में टाटा समूह के एक नये उद्यम के रूप में की गई थी। -
मुंबई. दुनिया की प्रमुख उपभोक्ता प्रौद्योगिकी कंपनी एप्पल का देश में पहला रिटेल स्टोर मंगलवार को चालू हो गया। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) टिम कुक ने सुबह 11 बजे ग्राहकों का स्वागत करते हुए स्टोर का दरवाजा खोला। उन्होंने ट्वीट किया, ''मुंबई में ऊर्जा, रचनात्मकता और जुनून हैरान करने वाला है। हम भारत में अपना पहला स्टोर एप्पल बीकेसी खोलने को लेकर बहुत उत्साहित हैं।'' अमेरिकी कंपनी ने करीब एक पखवाड़े पहले यहां बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स कारोबारी जिले के एक मॉल में अपना स्टोर खोलने की घोषणा की थी, जिसके बाद से एप्पल के चाहने वालों में जोरदार उत्साह था। एप्पल ने करीब 25 साल पहले अपने साझेदारों के जरिए भारत में उत्पादों और सेवाओं की बिक्री शुरू की थी।
करीब 100 से अधिक कर्मचारियों और अन्य लोगों के जोशीले नारों के बीच कुक स्टोर के अंदर से दरवाजे खोलकर बाहर निकले और मेहमानों का स्वागत किया। कुक ने स्टोर में वापस जाने से पहले करीब सात मिनट तक लगभग एक दर्जन ग्राहकों का स्वागत किया। कुक ने ग्राहकों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। मुंबई स्टोर के लिए कंपनी ने 11 साल के अनुबंध के साथ जगह पट्टे पर ली है। कंपनी एप्पल स्टोर के लिए हर महीने 42 लाख रुपये का किराया देगी और प्रॉपर्टी मालिक के साथ राजस्व का एक हिस्सा भी साझा करेगी। कंपनी ने किराये पर जगह लेते वक्त यह भी सुनिश्चित किया कि उसके आसपास के इलाके में अमेजन, फेसबुक, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और सोनी सहित 22 प्रतिस्पर्धी ब्रांड अपना कोई विज्ञापन नहीं कर सकेंगे। कंपनी इसके बाद बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली के साकेत में अपने दूसरे रिटेल स्टोर का शुभारंभ करेगी।
कई प्रशंसक सुबह से ही मॉल के बाहर कतार में लग गए थे, ताकि स्टोर में सबसे पहले खरीदारी कर सकें। एप्पल बीकेसी में पहुंचे गोरेगांव के एक डिजाइनर ने कुक के साथ सेल्फी ली। वह अपने साथ चार दशक पुराना मैक लिए हुए थे। इस उत्पाद ने एप्पल के एक मजबूत ब्रांड के रूप में स्थापित कर दिया था। उन्होंने कहा, ''मैं इसे 1984 से एप्पल की यात्रा को दिखाने के लिए लाया था। यह पहला मैक एसई है, जिसे 1984 में पेश किया गया था। मैं 1984 से एप्पल के उत्पादों का इस्तेमाल कर रहा हूं। यह लंबी यात्रा रही है।'' वह मंगलवार को सुबह छह बजे से ही कतार में लग गए थे। स्टोर में सबसे पहले जाने वाले ग्राहक ने कहा, ''मैं कल रात आठ बजे से यहां हूं। मैं लगभग 15 घंटे से एप्पल स्टोर के बाहर डेरा डाले हुए हूं। मैंने नाश्ता नहीं किया है, नहाया नहीं है और आप हम सभी को पसीने में भीगते हुए देख सकते हैं। लेकिन हां, हम बहुत अधिक उत्साहित हैं।'' वह एक एप्पल घड़ी खरीदना चाहते थे। स्टोर में प्रवेश करने वाले दूसरे ग्राहक राजस्थान से आए थे। उन्होंने कहा कि वह नयी दिल्ली के साकेत में स्टोर के उद्घाटन के मौके पर भी पहुंचेंगे। भारत के मोबाइल बाजार में एप्पल की सिर्फ तीन प्रतिशत हिस्सेदारी है और यहां इस समय चीनी और कोरियाई ब्रांड का वर्चस्व है। हालांकि, हाल के वर्षों में एप्पल की बिक्री तेजी से बढ़ी है। कंपनी देश में 2,500 लोगों को रोजगार देती है और उसका दावा है कि उसके ऐप परिवेश के जरिए 10 लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलता है। -
नयी दिल्ली. एथनॉल उत्पादन और पोल्ट्री उद्योग के लिए अनाज की बढ़ती मांग के बीच देश के मक्का उत्पादन को अगले पांच वर्षों में बढ़ाकर 4.4-4.5 करोड़ टन करने की जरूरत है। केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण सचिव मनोज आहूजा ने यहां मंगलवार को उद्योग निकाय फिक्की द्वारा आयोजित नौवें 'भारत मक्का शिखर सम्मेलन' में यह बात कही। उन्होंने पूरी मक्का मूल्य श्रृंखला में नुकसान को व्यवस्थित रूप से कम करने की जरूरत पर भी जोर दिया।
आहूजा ने कहा, ''वर्तमान में, देश में मक्का का उत्पादन 3.3-3.4 करोड़ टन की सीमा में है। हमें एथनॉल और पोल्ट्री उद्योग की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अगले पांच वर्षों में मक्का उत्पादन को बढ़ाकर 4.4-4.5 करोड़ टन करने की जरूरत है।'' उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के बढ़ते खतरे के बीच बेहतर बीज उपलब्धता में सुधार, भंडारण और विपणन संपर्क स्थापित करने, सार्वजनिक और निजी भागीदारी बनाने पर ध्यान दिया जाना चाहिए। महाराष्ट्र के कृषि मंत्री अब्दुल सत्तार ने कार्यक्रम में कहा कि राज्य सरकार उन निजी कंपनियों का समर्थन करने को तैयार है, जो महाराष्ट्र में मक्का की मूल्य श्रृंखला और एथनॉल उत्पादन में निवेश करने की इच्छुक हैं। -
नयी दिल्ली। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के निदेशक मंडल ने वैश्विक संचालन के वित्त पोषण को लेकर चालू वित्त वर्ष में बॉन्ड के जरिये दो अरब डॉलर (लगभग 16,000 करोड़ रुपये) जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। बैंक ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एसबीआई ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, “बैंक के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2023-24 में सार्वजनिक प्रस्ताव में दो अरब डॉलर तक कोष एकमुश्त या किस्तों में जुटाने के प्रस्ताव को मंगलवार को मंजूरी दे दी।” एसबीआई ने पिछले महीने 8.25 प्रतिशत ब्याज पर टियर-1 बॉन्ड जारी कर 3,717 करोड़ रुपये जुटाए थे।
-
कोच्चि। जर्मनी की कार कंपनी फॉक्सवैगन की भारत में इलेक्ट्रिक वाहन के क्षेत्र में कदम रखने की योजना है। कंपनी ने तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक परिवहन क्षेत्र में अवसरों का लाभ उठाने के लिए अगले साल अपना पहला इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) एसयूवी आईडी.4 की पेशकश के साथ ईवी क्षेत्र में प्रवेश करने की योजना बनायी है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। फॉक्सवैगन को 2030 तक भारत में अपनी कुल बिक्री का 25-30 प्रतिशत ईवी से आने की उम्मीद है।
कंपनी को इस साल 40-45 प्रतिशत की बिक्री वृद्धि की उम्मीद है। इसने भारतीय बाजार में अपने मौजूदा पारंपरिक इंजन मॉडल, टाइगुन और वर्टुस के कई नए संस्करण पेश किए हैं। फॉक्सवैगन पैसेंजर कार्स इंडिया ब्रांड के निदेशक आशीष गुप्ता ने कहा कि कंपनी भारत में अपनी उपस्थिति को मजबूत करने के लिये कदम उठा रही है। गुप्ता ने कहा कि भारत में इलेक्ट्रिक परिवहन प्रणाली उम्मीद से ज्यादा तेजी से बढ़ी है और विभिन्न अध्ययनों के आधार पर कंपनी का मानना है कि 2030 तक देश में यात्री वाहन खंड में ईवी की हिस्सेदारी कुल बिक्री का लगभग 18-30 प्रतिशत हो सकती है। -
नयी दिल्ली। वेदांता समूह को उम्मीद है कि 1.5 लाख करोड़ रुपये के उसके सेमीकंडक्टर संयंत्र का निर्माण कार्य इस वर्ष अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में शुरू हो जाएगा और 2027 में पहली छमाही तक इलेक्ट्रॉनिक चिप का उत्पादन शुरू हो जाएगा। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। वेदांता सेमीकंडक्टर और डिस्प्ले उद्योग के वैश्विक प्रबंध निदेशक आकर्ष हेब्बर और वेदांत-फॉक्सकॉन सेमीकंडक्टर्स लिमिटेड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डेविड रीड ने कहा कि समूह ने सभी प्रौद्योगिकी समझौते सरकार के समक्ष पेश किये हैं। बैंक सब्सिडी समायोजन के बाद इस परियोजना में 70 और 30 (कंपनी की तरफ से) के अनुपात में राशि लगाने के लिए तैयार हैं। रीड ने कहा, “हम इस साल की चौथी तिमाही में भूमिपूजन की योजना बना रहे हैं। हम 2027 तक राजस्व अर्जित करने के लिए हर संभव कदम उठा रहे हैं। हम इसे 2027 की पहली छमाही में 5,000 इलेक्ट्रॉनिक चिप से शुरुआत करेंगे और फिर बाद में 40,000 चिप मासिक तक ले जाएंगे।”
- नयी दिल्ली ।'ऊर्जा और बुनियादी ढांचे से जुड़े जैक्सन ग्रुप की इकाई जैक्सन ग्रीन भारत की एक बड़ी बिजली कंपनी के लिए राष्ट्रीय राजधानी के बदरपुर में एक हरित हाइड्रोजन ईंधन स्टेशन विकसित कर रही है। कंपनी ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि इस परियोजना का परिचालन शुरू होने के बाद कार्बन डाई-ऑक्साइड के उत्सर्जन में प्रतिदिन 3.7 टन की कमी आने की उम्मीद है। इसमें कहा गया है कि हरित हाइड्रोजन ईंधन स्टेशन में एक विशेषीकृत और अलग से इकाई स्थापित की जाएगी। यह इकाई नवीकरणीय ऊर्जा के विभिन्न स्रोतों के जरिये उत्पादित हरित ऊर्जा का उपयोग हरित हाइड्रोजन उत्पादन, भंडारण और वितरित करने के लिए करेगी। कंपनी परियोजना के हिस्से के रूप में स्टेशन के भीतर एक बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) आधारित हाइब्रिड नवीकरणीय ऊर्जा संयंत्र भी लगाएगी। इससे यह पूरी तरह से आत्मनिर्भर इकाई बन जायेगी। जैक्सन ग्रीन प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक बिकेश ओगरा ने बयान में कहा, ‘‘भारत का सबसे बड़ा शहरी केंद्रित हरित हाइड्रोजन ईंधन स्टेशन स्थापित करने का हमारा प्रयास देश में पर्यावरण अनुकूल पहल को आगे बढ़ाने की दिशा में एक कदम है।'' उन्होंने कहा, ‘‘यह परियोजना हाल में पेश राष्ट्रीय हाइड्रोजन मिशन के लिए मददगार साबित हो सकती है और देश में कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में अपना योगदान दे सकती है।'
-
नर्ई दिल्ली। लोग अक्सर किसी भी ऐप की जानकारी लिए बिना उसे अपने फोन में डाउनलोड कर लेते हैं, जिसके बाद उन्हें भारी नुकसान तक उठाना पड़ जाता है। ऐसे में भारतीय रेलवे की आधिकारिक ऑनलाइन टिकट बुकिंग वेबसाइट आईआरसीटीसी (IRCTC) ने लोगों को एक फर्जी ऐप के बारे में आगाह किया ।
बता दें कि आईआरसीटीसी ने एक पब्लिक एडवाइजरी जारी कर एक फर्जी ऐप की पहचान बताई है जिससे कि किसी भी यूजर के साथ साइबर फ्रॉड (cyber fraud) न हो ।क्या है ऐप का नाम?आईआरसीटीसी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, जिस ऐप को डाउनलोड करने से मना किया है उस ऐप का नाम –irctcconnect.apk है और न ही इस फिशिंग वेबसाइट–https://irctc.creditmobile.site पर जाने को कहा है। बता दें कि इस ऐप को व्हाट्सऐप और टेलीग्राम जैसे मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए से लोगों को भेजा जा रहा था । इस ऐप का अगर किसी भी यूजर के पास लिंक भी आता है तो उस पर क्लिक भी न करें। दरअसल, इस ऐप के जरिए साइबर फ्रॉड हो रहा है।अगर आप इस ऐप को डाउनलोड करते हैं तो आपकी बैंक डिटेल्स, यूपीआई डिटेल्स , क्रेडिट या डेबिट कार्ड डिटेल आदि लीक हो जाएंगी और आपको भारी नुकसान तक उठाना पड़ सकता है ।आईआरसीटीसी ने एडवाइजरी में कहा है कि ‘फ्रॉडस्टर बड़े स्तर पर एक फिशिंग लिंक भेजते हैं और यूजर्स को इस ऐप को डाउनलोड करने को कहते हैं। जो लोग इस ऐप को डाउनलोड करेंगे उन यूजर्स की नेट बैंकिंग के क्रेडेंशियल्स जैसे यूपीआई, क्रेडिट या फिर डेबिट कार्ड आदि जैसी जानकारियां को हैक कर लिया जाएगा । इससे फ्रॉड से बचने के लिए आईआरसीटीसी ने लोगों से इस तरह की फर्जी ऐप को डाउनलोड न करने को कहा है ।आईआरसीटीसी ने यूजर्स को सलाह दी है कि वह रेलवे से जुड़ी किसी भी आधिकारिक सूचना या किसी अन्य डिटेल्स के लिए गूगल प्ले स्टोर या फिर ऐपल स्टोर से ऑफीशियली IRCTC Rail Connect मोबाइल ऐप को डाउनलोड करने को कहा है । इसके साथ ही IRCTC ने यह भी कहा है कि वह कभी किसी भी ग्राहक से उससे उसका पिन, ओटीपी, पासवर्ड, क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड डिटेल्स, नेट बैंकिंग पासवर्ड या फिर यूपीआई डिटेल शेयर करने को कभी भी कॉल नहीं करता । -
नर्ई दिल्ली। भारत में एप्पल (Apple) के यूजर्स के लिए बहुत अच्छी खबर है। मुंबई में इस दिग्गज का कंपनी का पहला रिटेल स्टोर खुलने वाला है। यह स्टोर 20,000 स्क्वायर फीट में फैला है और यह ग्लोबल लेवल पर मौजूद स्टोर्स जैसा ही है लेकिन इसमें कुछ ख़ास नए फीचर्स भी जोड़े गए है। मुंबई में Apple BKC स्टोर आम लोगों के लिए 18 अप्रैल को खुलेगा जबकि दूसरा स्टोर दिल्ली के साकेत में लोगों के लिए 20 अप्रैल को खुल जाएगा। एप्पल रिटेल स्टोर पर कस्टमर कंपनी के अलग-अलग प्रोडक्ट को खरीद सकते हैं। इसके अलावा प्रोडक्ट्स का एक्सपीरिएंस भी लिया जा सकता है। अमेरिकी टेक कंपनी इंडियन कस्टमर्स को बेहतर सर्विस उपलब्ध कराएगी। बता दें कि इंडिया में अभी तक कंपनी का खुद का रिटेल स्टोर नहीं था।
डिजाइन के मामले में इस स्टोर को ऐसे फीचर्स दिए गए हैं, जो इंडियन टच का अनुभव देते हैं। स्टोर में एंट्री करने पर ग्राहकों का स्वागत राजस्थान से मंगवाई गई पत्थर की दो दीवारों और ग्राउंड लेवल और कैंटिलीवर मेजेनाइन को जोड़ने वाली 14 मीटर लंबी स्टेनलेस स्टील की सीढ़ी से होता है। स्टोर में 100 Apple पेशेवर होंगे जो सब मिलकर से 20 भाषाएं बोलते हैं। साथ ही स्टोर को सोलर और स्टोर संचालन के लिए फॉसिल फ्यूल्स पर शून्य निर्भरता के साथ energy-efficient के रूप में डिजाइन किया गया है। स्टोर में आने वालों को नए iPhone, Mac, iPad, AirPods, Apple Watch और Apple TV लाइनअप के साथ-साथ AirTag जैसे सामान तलाश सकते हैं। -
नर्ई दिल्ली। वैश्विक बाजारों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में मजबूत रुख के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने का भाव 80 रुपये की मजबूती के साथ 60,660 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 60,580 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी 260 रुपये की तेजी के साथ 76,040 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
चडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, ‘दिल्ली बाजार में सोने का हाजिर भाव 80 रुपये बढ़कर 60,660 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।’अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 2,009 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी भी बढ़त के साथ 25.55 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। सोमवार को एशियाई कारोबार में सोने की कीमतों में तेजी रही।गांधी ने कहा कि कॉमेक्स (जिंस बाजार) में हाजिर सोने की कीमतें 0.30 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,009 डॉलर प्रति औंस हो गई। -
नर्ई दिल्ली। लगातार नौ कारोबारी दिनों तक तेजी रहने के बाद सोमवार को घरेलू शेयर बाजारों के दोनों प्रमुख सूचकांक भारी बिकवाली के दबाव में टूट गए। मुख्य रूप से आईटी, प्रौद्योगिकी एवं दूरसंचार कंपनियों के शेयरों में अधिक बिकवाली से बीएसई सेंसेक्स 520 अंक नुकसान में रहा। दिग्गज आईटी कंपनी इंफोसिस के शेयर भारी बिकवाली की वजह से नौ प्रतिशत से अधिक टूट गए। इसके अलावा एचडीएफसी लिमिटेड और एचडीएफसी बैंक के शेयरों के भी गिरने से सूचकांकों में गिरावट रही।
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 520.25 अंक यानी 0.86 प्रतिशत गिरकर 59,910.75 अंक पर आ गया। कारोबार के दौरान एक समय यह 988.53 अंक तक लुढ़क गया था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का मानक सूचकांक निफ्टी भी 121.15 अंक यानी 0.68 प्रतिशत गिरकर 17,706.85 अंक पर आ गया।सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से इंफोसिस में सर्वाधिक नौ प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ उम्मीद से कम रहने से निवेशकों का भरोसा इंफोसिस से कम होता हुआ लगा।इसके अलावा टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, लार्सन एंड टुब्रो, एनटीपीसी, विप्रो, एचडीएफसी, टीसीएस और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में भी गिरावट रही।दूसरी तरफ, नेस्ले, पावरग्रिड, भारतीय स्टेट बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडसइंड बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट लाभ की स्थिति में रहीं।जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि तिमाही नतीजों की शुरुआत उम्मीद के अनुरूप नहीं रहने और वैश्विक स्तर पर अमेरिकी दस वर्षीय बॉन्ड प्रतिफल बढ़ने से घरेलू बाजार प्रभावित रहे। आने वाले दिनों में भी आईटी एवं बैंकों के नतीजे बाजार की दिशा तय करेंगे।एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट एवं हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए।यूरोप के बाजार भी दोपहर के सत्र में सकारात्मक दिशा में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार पिछले कारोबारी दिवस पर शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.31 प्रतिशत घटकर 86.04 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजारों के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने गुरुवार को 221.85 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की खरीद की थी। घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को अंबेडकर जयंती के अवसर पर बंद रहे थे। - वाशिंगटन। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जी20 देशों से क्रिप्टो मुद्राओं से संबंधित मुद्दों पर तत्काल ध्यान देने का अनुरोध करते हुए कहा है कि अर्थव्यवस्थाओं को नुकसान से बचाने के साथ संभावित लाभों से वंचित न रह जाने का भी ख्याल रखना होगा। अमेरिका के दौरे पर आईं सीतारमण ने यहां अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष के मुख्यालय में जी20 देशों के वित्त मंत्रियों एवं केंद्रीय बैंक गवर्नरों के एक सत्र को संबोधित करते हुए क्रिप्टो मुद्राओं के व्यापक प्रभाव की चर्चा की। जी20 समूह की अध्यक्षता इस समय भारत के पास है। सीतारमण ने कहा, "जी20 समूह नीतिगत एवं नियामकीय प्रारूप के प्रमुख बिंदुओं को सामने लाने में मुद्राकोष और वित्तीय स्थिरता बोर्ड (एफएसबी) के काम के प्रति आभार जताता है। लेकिन क्रिप्टो मुद्राओं के वृहद-आर्थिक एवं नियामकीय परिप्रेक्ष्य को समाहित करने के लिए एक संश्लेषणात्मक पत्र की जरूरत है।" जी20 अर्थव्यवस्थाओं के बीच चर्चा में क्रिप्टो परिसंपत्तियों का मुद्दा प्रमुखता से उभरकर सामने आया है। हालांकि सभी देश इस बात पर सहमत हैं कि इन आभासी मुद्राओं के नियमन की जरूरत है। सीतारमण ने कहा कि इस मुद्दे पर सदस्य देशों के बीच क्रिप्टो के बारे में एक समन्वित नीतिगत कदम उठाने पर आम सहमति है। खास तौर पर उभरती अर्थव्यवस्थाओं के लिए इसके जोखिम से निपटने पर खास ध्यान देने की जरूरत है।
- नयी दिल्ली. वित्तीय सेवा सचिव विवेक जोशी ने बृहस्पतिवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (पीएसयू) और वित्तीय संस्थानों के प्रमुखों के साथ बैठक की और उनसे जन सुरक्षा और मुद्रा योजना जैसी विभिन्न वित्तीय समावेश योजनाओं को बढ़ावा देने की आग्रह किया। दिनभर चली समीक्षा बैठक में पशुपालन विभाग, मत्स्य पालन विभाग, आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय और कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि जोशी ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से समयबद्ध तरीके से वित्तीय समावेश के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत आवंटित लक्ष्यों को प्राप्त करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) का लक्ष्य पूरा करने के लिए मंत्रालय ने तीन महीने का अभियान भी शुरू किया है। बयान के अनुसार, बैंकों को सलाह दी गई है कि वे संभावित लाभार्थियों तक पहुंच बनाने और उन्हें जोड़ने के लिए अपने बैंकिंग प्रतिनिधि नेटवर्क का लाभ उठाएं। वित्तीय सेवा सचिव ने बैंकों से क्षेत्रीय या स्थानीय भाषाओं में इन योजनाओं के बारे में जागरूकता अभियान चलाने का भी अनुरोध किया।
- नयी दिल्ली। वैश्विक बाजार में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में तेजी के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने का भाव 340 रुपये की मजबूती के साथ 61,280 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 60,940 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था।चांदी की कीमत भी 1,110 रुपये की तेजी के साथ 77,150 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘दिल्ली के बाजार में सोने का हाजिर भाव 340 रुपये बढ़कर 61,280 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।'' अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 2,027 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी भी बढ़त के साथ 25.61 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। रिलायंस सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक, श्रीराम अय्यर ने कहा, ‘‘अमेरिका में मुद्रास्फीति में नरमी आई है। इससे यह आशंका जतायी जा रही है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व मई में ब्याज दर में वृद्धि के बाद भी इसे ऊंचा बनाये रख सकता है... इससे बृहस्पतिवार को डॉलर और मानक बॉन्ड प्रतिफल में नरमी के साथ सोने में तेजी रही।''
-
--अंगुल में लगेगी नई मिल, 1.2 एमटीपीए होगी क्षमता, रायगढ़ रेल मिल को जोड़कर जेएसपी की कुल रेल उत्पादन क्षमता 2.2 एमटीपीए हो जाएगी
---रेल पटरियों के उत्पादन में राष्ट्र को आत्मनिर्भर बनाने में रायगढ़ प्लांट की महत्वपूर्ण भूमिका
--देश में जेएसपी मेट्रो और रैपिड रेल परिवहन के लिए कर रहा है 1080 एचएच रेल की आपूर्ति
रायपुर। जाने-माने उद्योगपति श्री नवीन जिन्दल के नेतृत्व वाली कंपनी जिन्दल स्टील एंड पावर (जेएसपी) "आत्मनिर्भर भारत" के निर्माण में निरंतर योगदान करने के अपने प्रयासों के तहत ओडिशा स्थित अपने अंगुल स्टील परिसर में 1.2 एमटीपीए की रेल और हेवी स्ट्रक्चर मिल लगाएगी। अंगुल में नई रेल मिल चालू होने के बाद जेएसपी की कुल रेल निर्माण क्षमता 2.2 एमटीपीए हो जाएगी।
छत्तीसगढ़ स्थित रायगढ़ स्टील प्लांट में 1 एमटीपीए (प्रतिवर्ष 10 लाख टन) क्षमता की रेल मिल से जेएसपी ने 1175 एचटी, आर 350 एचटी, एसिमेट्रिक रेल और खासकर मेट्रो-मोनो ट्रेन जैसी तेज गति की गाड़ियों के लिए 1080 एचएच रेल भी विकसित की है। जेएसपी की इस पहल से राष्ट्र गर्वान्वित हुआ है क्योंकि ये उत्पाद आयात के विकल्प हैं और 25 एमटी से अधिक के भारी-भरकम एक्सेल लोड के लिए आवश्यक भी हैं। इससे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में हम एक कदम आगे बढ़े हैं। इन रेलों का उपयोग मुख्य रूप से मेट्रो, बुलेट ट्रेन समेत तेज गति से चलने वाली ट्रेनों के सुचारु संचालन में किया जाता है।
रायगढ़ रेल मिल नियमित रूप से भारतीय रेलवे, डीएफसीसी और राष्ट्रीय महत्व की अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं को 260 मीटर रेल की आपूर्ति कर रही है। न्यूनतम वेल्डिंग वाली ऐसी लंबी रेलें ट्रैक सुरक्षा और आरामदायक यात्रा प्रदान करने में उपयोगी हैं।
जेएसपी की 1080 एचएच ग्रेड की खास रेल का उपयोग देश की लगभग सभी मेट्रो और आरआरटीएस सिस्टम में किया जा रहा है। इसी तरह दुर्गम क्षेत्रों में नागरिक आवागमन और सैन्य महत्व की परियोजनाओं में भी इस रेल का उपयोग किया जा रहा है। इसके सबसे बड़े उदाहरण हैं जम्मू-कश्मीर की यूएसबीआरएल और पश्चिम बंगाल की सिवोक-रंगपो परियोजनाएं।
प्रबंध निदेशक श्री बिमलेन्द्र झा ने नई रेल मिल परियोजना के संदर्भ में कहा कि “जेएसपी प्रतिस्पर्धी कीमतों पर आयात के विकल्प के रूप में घरेलू उत्पाद उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में एक समर्पित भागीदार है और सरकार की गतिशक्ति योजना जैसी उल्लेखनीय पहल का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है। जेएसपी भारतीय रेल नेटवर्क के आधुनिकीकरण में सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से अपनी रेल निर्माण क्षमता बढ़ा रहा है। हमारी दूरगामी सोच है कि यदि भारत में रेल उत्पादन क्षमता अधिक हो जाए तो हम देश के साथ-साथ विदेश में भी रेल की मांग पूरी करने के लिए तत्पर हैं।”
उन्होंने कहा कि भारतीय रेल इन्फ्रास्ट्रक्चर के निर्माण में निरंतर सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से जेएसपी ने सफलतापूर्वक 60ई1 1175 हीट ट्रीटेड रेल भी तैयार कर ली है, जो तेज गति और उच्च एक्सल लोड के लिए उपयुक्त है। भारतीय रेलवे ने 25 एमटी से अधिक एक्सल लोड और 200 किलोमीटर प्रति घंटा की गति के लायक भारतीय रेलवे ट्रैक सिस्टम को अपग्रेड करना शुरू कर दिया है।
जेएसपी भारत में निर्मित इन रेलों का निर्यात अनेक देशों को भी कर रहा है। इनमें यूरोपीय रेलवेज भी शामिल है। इस तरह जेएसपी विश्व स्तरीय रेल उत्पादक के रूप में तेजी से स्थापित होता जा रहा है।
जिन्दल स्टील एंड पावर के बारे में
जिन्दल स्टील एंड पावर स्टील, बिजली, खनन और बुनियादी ढांचा क्षेत्र की अग्रणी भारतीय कंपनियों में से एक है। दुनिया भर में 12 अरब अमेरिकी डॉलर निवेश के साथ कंपनी आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान करने के उद्देश्य से अपनी क्षमता और दक्षता को निरंतर बढ़ा रही है। -
नयी दिल्ली. अमेरिका के संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) के विमानन सुरक्षा मूल्य़ांकन कार्यक्रम के तहत भारत का श्रेणी-1 का दर्जा बरकरार है। इस दर्जे से भारतीय विमानन कंपनियों को अपने विदेशी परिचालन का विस्तार करने में मदद मिलेगी। इससे पहले कुछ महीने पहले अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (आईसीएओ) ने अपने ऑडिट में भारत की सुरक्षा रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार किया था। एफएए अपने अंतरराष्ट्रीय विमानन सुरक्षा मूल्यांकन (आईएएसए) कार्यक्रम के तहत यह तय करता है कि क्या किसी देश की विमानन कंपनियां जो अमेरिका में परिचालन करना चाहती हैं, वे आईसीएओ के सुरक्षा मानकों का अनुपालन करती है या नहीं। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एक बयान में कहा कि मूल्यांकन और उसके बाद विचार-विमर्श के परिणामों के आधार पर, एफएए ने बुधवार को बताया कि ''भारत शिकागो सम्मेलन और उसके अनुलग्नकों के विमानन सुरक्षा निरीक्षण के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों को पूरा करता है और एफएए आईएएसए की श्रेणी-1 में बना हुआ है। इसका अंतिम मूल्यांकन जुलाई 2018 में किया गया था।'' आईएएसए कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय विमानन सुरक्षा मानकों का पालन करने की देश की क्षमता और कर्मियों के लाइसेंस, विमान के संचालन और उड़ान योग्यता के संबंध में तय गतिविधियों पर आधारित है।
-
नयी दिल्ली. सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी एनटीपीसी ने निजी नियोजन आधार पर गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) जारी कर 3,000 करोड़ रुपये जुटाने का फैसला किया है। एनटीपीसी ने बुधवार को शेयर बाजार बीएसई को भेजी सूचना में कहा, कंपनी ने 17 अप्रैल, 2023 को निजी नियोजन के जरिये 3,000 करोड़ रुपये के असुरक्षित गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर जारी करने का फैसला किया है। इसकी मियाद तीन साल है और यह 17 अप्रैल, 2026 को परिपक्व होगा। इस पर सालाना 7.35 प्रतिशत ब्याज मिलेगा। कंपनी के अनुसार इस राशि का उपयोग पूंजीगत व्यय के वित्तपोषण, मौजूदा कर्जों को लौटाने और अन्य कंपनी कार्यों के लिए किया जायेगा। कंपनी के डिबेंचर को एनएसई पर सूचीबद्ध कराने का प्रस्ताव है।
-
मुंबई. भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने कहा है कि बैंक ऋण चूक पर लगाए गए दंडात्मक शुल्क का पूंजीकरण नहीं कर सकेंगे। इसका मतलब है कि इस शुल्क को अलग से वसूला जाएगा और इसे बकाया मूलधन में जोड़ा नहीं जाएगा। केंद्रीय बैंक के इस कदम से ऋण चूक की स्थिति में ग्राहकों पर लगने वाले अतिरिक्त ब्याज को रोकने में मदद मिलेगी। आरबीआई ने 'निष्पक्ष उधारी गतिविधियां - ऋण खातों में दंडात्मक शुल्क' पर अपने मसौदा परिपत्र में कहा कि दंडात्मक शुल्क की मात्रा चूक/ऋण समझौते के महत्वपूर्ण नियमों और शर्तों का एक सीमा तक पालन न करने के अनुपात में होनी चाहिए। आरबीआई के मौजूदा दिशानिर्देशों के तहत कर्जदाताओं के पास दंडात्मक शुल्क की वसूली के लिए बोर्ड द्वारा अनुमोदित नीति को लागू करने की आजादी है। केंद्रीय बैंक ने अब इन गतिविधियों को सुव्यवस्थित करने के लिए मसौदा जारी किया है।
मसौदे में कहा गया है कि दंडात्मक शुल्क लगाने का मकसद कर्ज लेने वालों के बीच ऋण अनुशासन की भावना पैदा करना और ऋणदाता को उचित मुआवजा दिलाना है। इसमें आगे कहा गया कि दंडात्मक शुल्क, अनुबंधित ब्याज दर के अतिरिक्त कमाई करने का साधन नहीं है। -
नयी दिल्ली ।सार्वजनिक क्षेत्र की भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) की अगुवाई वाले गठजोड़ को 80 शयनयान श्रेणी (स्लीपर क्लास) की वंदे भारत ट्रेन का ठेका मिला है। यह ठेका कुल 9,600 करोड़ रुपये से अधिक का है। गठजोड़ को छह साल में भारतीय रेलवे को 80 शयनयान श्रेणी की वंदे भारत ट्रेन की आपूर्ति करनी है।
शयनयान श्रेणी की वंदे भारत ट्रेन की काफी मांग है। खासतौर से दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-हावड़ा जैसे लंबे रूट पर इन्हें चलाया जा सकता है। इस समय चल रही सभी वंदे भारत ट्रेनों में केवल कुर्सीयान और विशेष कुर्सीयान की श्रेणियां हैं।कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को बताया कि भेल की अगुवाई वाले गठजोड़ को भारतीय रेलवे से 80 वंदे भारत ट्रेन का ठेका मिला है। इसके तहत प्रत्येक ट्रेन का आपूर्ति मूल्य करों और शुल्कों को छोड़कर 120 करोड़ रुपये है। शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक 35 साल के लिए रखरखाव का ठेका भी दिया गया है। भेल 72 महीनों में 80 ट्रेन की आपूर्ति करेगी। - वाशिंगटन। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने चालू वित्त वर्ष 2023-24 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि दर का अनुमान 6.1 प्रतिशत से घटाकर 5.9 प्रतिशत कर दिया है। आईएमएफ ने मंगलवार को कहा कि आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान में कमी के बावजूद भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना रहेगा। वैश्विक निकाय ने अपने वार्षिक विश्व आर्थिक परिदृश्य में 2024-25 के लिए भारत के वृद्धि दर के अनुमान को घटाकर 6.3 प्रतिशत कर दिया है। इससे पहले जनवरी में अनुमान जताया गया था कि यह आंकड़ा 6.8 प्रतिशत रहेगा। चालू वित्त वर्ष में 5.9 प्रतिशत की वृद्धि दर की तुलना में 2022-23 में वृद्धि दर 6.8 प्रतिशत रहने का अनुमान है। आईएमएफ का वृद्धि अनुमान भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के अनुमान से कम है। आरबीआई के मुताबिक, 2022-23 में वृद्धि दर सात प्रतिशत और चालू वित्त वर्ष में 6.4 प्रतिशत रह सकती है। सरकार ने 2022-23 के लिए अभी सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर के आंकड़े जारी नहीं किए हैं।आईएमएफ के एशिया और प्रशांत विभाग की उप निदेशक ऐनी-मैरी गुल्डे-वुल्फ ने एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘भारतीय अर्थव्यवस्था अच्छा प्रदर्शन कर रही है और सबसे तेजी से बढ़ती एशियाई अर्थव्यवस्था बनी हुई है, और दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।'' उन्होंने कहा कि खपत बढ़ने में अपेक्षित मंदी के कारण वृद्धि अनुमानों में थोड़ी कमी की गई है।उन्होंने आगे कहा कि आईएमएफ वृद्धि के मुख्य चालक के रूप में निवेश को देखता है। यह दो अंक में ऋण वृद्धि, मजबूत पीएमआई और एक महत्वाकांक्षी सरकारी व्यय कार्यक्रम से स्पष्ट है। आईएमएफ के मुताबिक, चीन की वृद्धि दर 2023 में 5.2 प्रतिशत और 2024 में 4.5 प्रतिशत रह सकती है। इसकी वृद्धि दर 2022 में तीन प्रतिशत थी। आईएमएफ के मुख्य अर्थशास्त्री पियरे-ओलिवियर गौरिनचास ने कहा कि आपूर्ति-श्रृंखला की रुकावटें और युद्ध के कारण ऊर्जा तथा खाद्य बाजारों में पैदा हुई बाधाएं भी कम हो रही है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही ज्यादातर केंद्रीय बैंकों द्वारा की गई मौद्रिक सख्ती का फल मिलना शुरू हो जाना चाहिए। साथ ही मुद्रास्फीति अपने लक्ष्यों की ओर वापस आ रही है। उन्होंने कहा कि आईएमएफ के ताजा अनुमानों के मुताबिक वैश्विक वृद्धि दर इस साल 2.8 प्रतिशत और 2024 में तीन प्रतिशत रहेगी। साथ ही मुद्रास्फीति भी 2022 के 8.7 प्रतिशत से घटकर इस साल सात प्रतिशत और 2024 में 4.9 प्रतिशत रह सकती है।
- मुंबई जापान की वित्तीय संस्थान जेआईसीए ने घरेलू निजी क्षेत्र के बैंक, इंडसइंड बैंक को 12.5 करोड़ डॉलर वित्त पोषण सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सिटी बैंक के साथ हाथ मिलाया है। मंगलवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, इंडसइंड देश में कृषि क्षेत्र को ऋण उपलब्ध कराने के लिए इस निधि का उपयोग करेगा। इस वित्त पोषण में, जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जेआईसीए) 13 अरब येन (लगभग नौ करोड़ 74.5 लाख डॉलर) और सिटी तीन करोड़ डॉलर का ऋण देगा। बयान में कहा गया है कि सिटी ने किसानों के लिए वित्तीय पहुंच में सुधार करने और भारत में कृषि क्षेत्र में पूंजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए उच्च प्रभाव वाले सामाजिक वित्त की पेशकश की है।
-
नयी दिल्ली. सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से आठ कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह 82,169.3 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। सबसे अधिक लाभ एचडीएफसी बैंक और एचडीएफसी को हुआ। बीते सप्ताह मंगलवार (चार अप्रैल) को ‘महावीर जयंती' तथा शुक्रवार (सात अप्रैल) को ‘गुड फ्राइडे' के मौके पर बाजार में अवकाश था। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 841.45 अंक या 1.42 प्रतिशत चढ़ गया।
सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी और आईटीसी सहित आठ के बाजार मूल्यांकन में बढ़ोतरी हुई। समीक्षाधीन सप्ताह में एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 31,553.45 करोड़ रुपये बढ़कर 9,29,752.54 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एचडीएफसी के बाजार मूल्यांकन में 18,877.55 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 5,00,878.67 करोड़ रुपये रहा। भारती एयरटेल की बाजार हैसियत 9,533.48 करोड़ रुपये बढ़कर 4,27,111.07 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 6,731.76 करोड़ रुपये बढ़कर 15,83,824.42 करोड़ रुपये पर और टीसीएस का 5,817.89 करोड़ रुपये के उछाल से 11,78,836.58 करोड़ रुपये रहा। आईटीसी का बाजार मूल्यांकन 4,722.65 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 4,81,274.99 करोड़ रुपये तथा भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का 3,792.96 करोड़ रुपये के लाभ से 4,71,174.89 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर की बाजार हैसियत 1,139.56 करोड़ रुपये बढ़कर 6,02,341.22 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। इस रुख के उलट इन्फोसिस की बाजार हैसियत 2,323.2 करोड़ रुपये घटकर 5,89,966.72 करोड़ रुपये रह गई। आईसीआईसीआई बैंक का पूंजीकरण 1,780.62 करोड़ रुपये के नुकसान से 6,10,751.98 करोड़ रुपये पर आ गया। शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इन्फोसिस, एचडीएफसी, आईटीसी, एसबीआई का भारती एयरटेल का स्थान रहा।









.jpg)
.jpg)




.jpg)







.jpg)
.jpg)


