आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत बालोद जिले के चयनित ग्रामों में प्रतिदिन किया जा रहा है आदि सेवा पर्व का आयोजन
भारत सरकार द्वारा नियुक्त जिले के प्रभारी अधिकारी श्री सुनील कुमार ने जिले के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर गतिविधियों के संबंध में ली जानकारी
वालंटियरों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा जनजातीय परिवार के लोगों को उनके कल्याण हेतु संचालित योजनाओं के संबंध में दी जा रही है जानकारी
बालोद/केन्द्र सरकार के महत्वाकांक्षी आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत बुधवार 17 सितंबर से प्रारंभ आदि सेवा पर्व के तहत बालोद जिले के चयनित आदिवासी बहुल ग्रामों में निरंतर आदि सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जनजातीय कार्यालय मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत बालोद जिले के लिए निुयक्त प्रभारी अधिकारी श्री सुनील कुमार द्वारा गुरूवार 25 सितंबर को डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम नंगुटोला, मंगचुवा, फिरतुटोला, कर्रेगांव, अन्नूटोला आदि ग्रामों में पहुँचकर आदि सेवा कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने इन ग्रामों में जनजातीय वर्ग के लोगों के कल्याण हेतु संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का समुचित क्रियान्वयन हेतु किए जा रहे उपायों की जानकारी ली। इस अवसर पर प्रभारी अधिकारी श्री सुनील कुमार ने इन गांवों में निवासरत जनजातीय परिवार के लोगों से बातचीत कर आदि सेवा पर्व के दौरान उनके गांवों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कौशल विकास, आजीविका संवर्धन, स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा जैसी सेवात्मक गतिविधियों के आयोजन के संबंध में जानकारी ली। श्री कुमार ने बताया कि भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए इस महत्वकांक्षी आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत जनजातीय परिवार के लोगों के मांगों एवं आवश्यकताओं के अनुरूप ट्राईबल विलेज एक्शन प्लान एवं ट्राईबल विलेज विजन 2030 तैयार किया जाएगा। जिसके तहत प्रत्येक गांवों के लिए दीर्घकालिक रोडमैप बनेगा। उन्होंने बताया कि 02 अक्टूबर को आयोजित विशेष ग्राम सभा में इन योजनाओं का अनुमोदन किया जाएगा। इसके उपरांत प्रभारी अधिकारी श्री कुमार ने संयुक्त जिला कार्यालय में पहुँचकर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा से बालोद जिले में आदि कर्मयोगी अभियान के प्रगति के संबंध में जानकारी भी ली।
उल्लेखनीय है कि आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत जिले के गुरूर विकासखण्ड के ग्राम अर्जुनी के अलावा डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम केरीजुंगेरा, चिखली, बड़ेजुंगेरा, कोड़ेकसा, माईपारा, खड़बत्तर, झीकाटोला एवं पिपरखार अ में आदि सेवा पर्व का आयोजन किया गया। इस दौरान इन ग्रामों के लिए नियुक्त किए गए वालंटियरों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के द्वारा जनजातीय परिवार के लोगों को उनके कल्याण हेतु संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इस दौरान रंगोली बनाकर एवं चित्रकला अभियान तथा रैली निकालकर जनजातीय परिवार के लोगों के कल्याण हेतु संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर ग्रामीणों, वालंटियरों एवं इस कार्य में लगे लोगों आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत उन्हें सौपे गए कार्य को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ पूरा करने तथा जनजातीय परिवार के लोगों को उनके कल्याण हेतु उनके योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने हेतु योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भागीदारी निभाने की शपथ भी दिलाई गई।












.jpg)

Leave A Comment