मिशन वात्सल्य एवं मिशन शक्ति के तहत जागरूकता शिविर आयोजित
0- विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल विवाह रोकथाम एवं महिला सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
0- चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं महिला हेल्पलाइन 181 के प्रभावी उपयोग की दी गई जानकारी
बालोद. कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी के आदेश एवं मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग, बालोद द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बघमरा में ‘मिशन वात्सल्य’ एवं ‘मिशन शक्ति’ के अंतर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री गजानंद साहू के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को बाल अधिकार, बाल संरक्षण, महिला सुरक्षा तथा सशक्तिकरण के प्रति जागरूक व सजग बनाना रहा।
बाल अधिकारों एवं संरक्षण कानूनों पर हुआ विस्तृत मार्गदर्शन
शिविर में उपस्थित वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं को उनके बुनियादी बाल अधिकारों, बाल विवाह की रोकथाम, बाल श्रम उन्मूलन तथा बच्चों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के दुव्र्यवहार की रोकथाम से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।
आपात स्थिति में हेल्पलाइन सेवाओं से सहायता लेने की सीख
कार्यक्रम के दौरान ’मिशन वात्सल्य’ के अंतर्गत बच्चों के संरक्षण व कल्याण हेतु संचालित सेवाओं तथा ’मिशन शक्ति’ के तहत महिलाओं व बालिकाओं को मिलने वाली सहायता सेवाओं पर प्रकाश डाला गया। छात्र-छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों अथवा किसी भी प्रकार के शोषण व असुरक्षा की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 एवं महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर संपर्क करने हेतु प्रेरित किया गया। इसके साथ ही जागरूकता बैनर व पोस्टरों के माध्यम से सुरक्षित वातावरण निर्माण और सर्वांगीण विकास का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर संरक्षण अधिकारी श्रीमती हितेश्वरी मेश्राम, सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक सुश्री एकता कुर्रे, चाइल्ड लाइन के जिला परियोजना समन्वयक श्री वेद प्रकाश साहू, जिला मिशन समन्वयक डॉ. एस. कुमार, केस वर्कर श्री हेमशंकर निर्मलकर, मिशन वात्सल्य के मास्टर ट्रेनर (विकासखंड बालोद) श्री मनीष वैद्य, शाला के प्राचार्य श्री एस. बेक सहित शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।









.jpg)
Leave A Comment