विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान में तेजी लाने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी
0- बालोद शहर में घर-घर सर्वे कर छूटे हुए और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं का मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा नाम
बालोद. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार और कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के मागदर्शन में मतदाता सूची में छूटे हुए और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं का नाम जोड़ने के लिए 5 से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए बालोद शहर में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यालय क्षेत्रीय अधिकारी एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-59 संजारी बालोद द्वारा जारी आदेश के अनुसार, बालोद शहर में फॉर्म-6 के डिजिटाइजेशन की प्रगति बढ़ाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसका उद्देश्य घर-घर सर्वे के माध्यम से छूटे हुए और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं की पहचान करना तथा उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया में तेजी लाना है।
श्री खिरोद भोई को बनाया गया नोडल अधिकारी
विशेष अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी बालोद श्री खिरोद भोई को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, वरिष्ठ अभियंता श्री रेख लाल सिन्हा तथा उप अभियंता श्री दीपक कुमार अग्रवाल को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नियुक्त अधिकारी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को घर-घर सर्वेक्षण कर पात्र मतदाताओं की पहचान करने तथा फॉर्म-6 भरने में सहयोग करेंगे। साथ ही, ऑनलाइन पंजीकरण एवं फॉर्म-6 के डिजिटाइजेशन की प्रगति की निगरानी भी करेंगे।
पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील
विशेष अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके माध्यम से पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाने में मदद मिलेगी।
जिले के पात्र नागरिकों से अपील है कि यदि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वे संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर फॉर्म-6 के माध्यम से पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराएं।









.jpg)
Leave A Comment