बस चालकों एवं अधिकारी-कर्मचारियों को दिया गया ‘चिकित्सा प्रथमोपचार’ एवं ‘अग्नि सुरक्षा’ का व्यावहारिक प्रशिक्षण
0- आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षक सीपीआर, प्राथमिक उपचार तथा आग पर काबू पाने के सिखाए गए गुर
बालोद. कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटना, आकस्मिक चिकित्सा आपातकाल तथा आगजनी जैसी विषम परिस्थितियों में त्वरित एवं सही मदद से बहुमूल्य जीवन बचाने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय द्वारा कल 18 नवंबर को संयुक्त जिला कार्यालय स्थित सभाकक्ष में विशेष ‘चिकित्सा प्रथमोपचार एवं अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया।
सीपीआर, रक्तस्त्राव नियंत्रण और गोल्डन ऑवर में जीवन बचाने का दिया गया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण में जिला चिकित्सालय बालोद के आपातकालीन एवं ट्रॉमा विभाग के अस्थि रोग विशेषज्ञ (ऑर्थोपेडिक सर्जन) डॉ. पंकज सोरी ने प्रतिभागियों को प्राथमिक उपचार के महत्वपूर्ण सिद्धांतों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने सड़क दुर्घटना या यात्रा के दौरान किसी यात्री के अचानक अस्वस्थ होने पर अपनाए जाने वाले जीवन रक्षक उपायों के बारे में बताया। इस दौरान बेहोश व्यक्ति की जांच, सांस रुकने पर दिए जाने वाले सीपीआर, तेज रक्तस्त्राव को रोकने, फ्रैक्चर या रीढ़ की चोट में सावधानी बरतने, जलने, दौरे पड़ने तथा हार्ट अटैक व स्ट्रोक के लक्षणों की पहचान करने की विधि समझाई गई। प्रशिक्षक द्वारा उपस्थित चालकों एवं कर्मचारियों को सीपीआर देने तथा सुरक्षित रिकवरी पोजीशन का लाइव व्यावहारिक अभ्यास (डेमोंस्ट्रेशन) भी कराया गया। साथ ही आपातकालीन नंबर 112 एवं 108 पर सटीक सूचना देने और बसों में अनिवार्य रूप से फर्स्ट एड किट रखने के निर्देश दिए गए।
अग्निशमन यंत्रों के उपयोग और गैस सिलेंडर की आग बुझाने का कराया गया अभ्यास
प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं (फायर ब्रिगेड) के अधिकारियों व जवानों द्वारा अग्नि सुरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। सभागार में अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) के प्रकार और उसके संचालन की विधि बताने के पश्चात संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में मॉक ड्रिल आयोजित किया गया। इसमें गैस सिलेंडर में लगी आग को बिना घबराए सुरक्षित तरीके से बुझाने का प्रदर्शन किया गया, जिसमें संयुक्त जिला कार्यालय की अधिकारी-कर्मचारियों सहित बस चालकों ने स्वयं आगे बढ़कर आग पर काबू पाने का व्यावहारिक अभ्यास किया।
कार्यक्रम में जिला परिवहन अधिकारी श्री योगेश कुमार भंडारी ने सभी बस चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहनों में अग्निशमन यंत्र व प्राथमिक उपचार किट रखने तथा आपात स्थिति में संयम के साथ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर संयुक्त जिला कार्यालय एवं परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, अग्निशमन दल के सदस्य तथा बस चालक उपस्थित रहे।










Leave A Comment