गुरु का सम्मान
-लेखिका- डॉ. दीक्षा चौबे
- दुर्ग ( वरिष्ठ साहित्यकार और शिक्षाविद)
पाँच सितंबर है जन्मदिवस, पंडित राधाकृष्णन का।
भारत के उपराष्ट्रपति प्रथम, सुमन महकता आँगन का।।
काज किया शिक्षक का पहले, सम्मान करें वे गुरु का।
जन्मदिवस निज किया समर्पित, श्रद्धा आदर हो गुरु का।
अच्छाई गुरु फैलाते ज्यों, वृक्ष महकता चंदन का ।।
पाँच सितंबर है जन्मदिवस, पंडित राधाकृष्णन का।।
आधारशिला होते जग के, राह सही गुरु दिखलाते।
कच्ची मिट्टी बालक का मन, मूरत अच्छी गढ़ जाते।
दिवस आज का है मनभावन, गुरु वंदन अभिनंदन का।।
पाँच सितंबर है जन्मदिवस, पंडित राधाकृष्णन का ।।
दीपक जैसे जलकर शिक्षक, जग को रोशन हैं करते।
विद्या के उज्ज्वल प्रकाश से, अज्ञानता तमस हरते।
पारस पत्थर बन लोहे को, रूप दिलाते कुंदन का ।।
पाँच सितंबर है जन्मदिवस, पंडित राधाकृष्णन का।।
Leave A Comment