केंद्रीय स्वास्थ्य योजनाओं को आयुष्मान भारत के साथ जोडऩे को मिली मंजूरी
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) के संचालक मंडल ने कर्मचारियों और सीएपीएफ कर्मियों, निर्माण श्रमिकों और मैला साफ करने वालों जैसे अन्य लाभार्थियों के लिए केंद्रीय मंत्रालयों की स्वास्थ्य योजनाओं को आयुष्मान भारत के साथ जोडऩे के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गयी है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को लागू करने वाले प्राधिकरण के संचालक मंडल ने इस योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन की अध्यक्षता में एक बैठक की। इसमें आयुष्मान भारत -पीएमजेएवाई पर कोविड-19 के प्रभावी, स्वास्थ्य आपूर्ति में इस महामारी से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने के तौर तरीके, विभिन्न राज्यों में निजी स्वास्थ्य आपूर्तिकर्ताओं के प्रदर्शन पर चर्चा हुई। बयान में कहा गया है, संचालक मंडल कर्मियों (सरकारी और अनुबंधित कर्मियों समेत) तथा निर्माण श्रमिकों, मैला साफ करने वाले, सड़क हादसे के शिकार, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के कर्मियों जैसे अन्य लाभार्थी समूहों के लिए केंद्रीय मंत्रालयों की वर्तमान स्वास्थ्य योजनाओं का आयुष्मान भारत के साथ एकीकरण करने के प्रस्ताव को मंजूरी देता है।
Leave A Comment