केन्द्र ने राज्यों से कहा - कोविड अस्पतालों की संख्या बढ़ाएं
नई दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए राज्यों से कोविड अस्पताल, बिस्तर और ऑक्सीजन आपूर्ति की सुविधाएं तथा अन्य संबंधित बुनियादी ढांचा तैयार करने की योजना समय से पहले बनाने को कहा है। उन्होंने राज्यों से अपने-अपने क्षेत्र में पांच-छह शहरों पर ध्यान देने का अनुरोध किया है और कहा है कि इन शहरों या आस-पास के जिलों में मेडिकल कॉलेजों की पहचान की जानी चाहिए।
डॉक्टर हर्षवर्धन शनिवार को कोविड-19 के प्रकोप से निपटने के लिए बुलाई गई ग्यारह राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों की एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इन राज्यों में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, केरल, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, कर्नाटक, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश शामिल हैं।
बैठक में वैक्सीन के लाभार्थियों और वैक्सीन की कमी के मुद्दे पर भी चर्चा की गई। डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि केन्द्र सरकार ने राज्यों को 14 करोड़ 15 लाख कोविड टीके की खुराक उपलब्ध कराई है। इनमें से 12 करोड़ 57 लाख 18 हजार का इस्तेमाल हो चुका है। अभी राज्यों के पास तकरीबन एक करोड़ 58 लाख खुराक उपलब्ध है। राज्यों को एक करोड़ 16 लाख और खुराक अगले सप्ताह तक उपलब्ध करा दी जाएंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि टीकों की कोई कमी नहीं है और राज्यों को टीकाकरण पर पूरा जोर देना चाहिए।
डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि देश में कोविड जांच के लिए 2463 प्रयोगशालाएं हैं। इसके अलावा इलाज के लिए 2084 कोविड अस्पताल 4 हजार से अधिक कोविड स्वास्थ्य केन्द्र और 12 हजार 673 कोविड देखभाल केन्द्र हैं। उन्होंने जीवन रक्षक मशीनों की आपूर्ति का आश्वासन देते हुए कहा कि 1121 वेंटीलेटर महाराष्ट्र को, 1700 उत्तरप्रदेश को, 1500 सौ झारखंड को, 1600 गुजरात को, 152 मध्यप्रदेश को और 230 छत्तीसगढ़ को दिए जाएंगे।
बैठक के दौरान केन्द्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्यों को ऑक्सीजन और रेमडेसिविर के भंण्डारण की स्थिति की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि ऑक्सीजन विनिर्माताओं को निर्धारित राज्यों को ऑक्सीजन की आपूर्ति करने के निर्देश दिए हैं। विभिन्न राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों ने अपने-अपने राज्यों में संक्रमण को रोकने और संक्रमित लोगों का इलाज करने की जानकारी दी। इन मंत्रियों ने केन्द्रीय मंत्री के समक्ष विभिन्न मांगे भी रखी।


.jpg)




.jpg)
.jpg)

Leave A Comment