घर में इस जगह और इस दिशा में जलाएंगे दीपक तो नहीं होगी धन की कमी
हिंदू धर्म शास्त्रों के अनुसार मां लक्ष्मी को धन और ऐश्वर्य की देवी बताया गया है। मां लक्ष्मी की कृपा से ही समस्त लोकों में धन वैभव है। लोग मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने हेतु बहुत से उपाय करते हैं। आप भी घर में सही दिशा और सही स्थान पर दीपक प्रज्ज्वलित करके मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त कर सकते हैं।
- वास्तु में दिशाओं का बहुत महत्व माना गया है। वास्तु शास्त्र में हर कार्य के लिए एक सही दिशा बताई गई है। ज्यादातर लोग मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने हेतु उत्तर दिशा में दीपक प्रज्ज्वलित करते हैं लेकिन यह दिशा कुबेर की दिशा होती है। कम ही लोगों को पता होता है कि दक्षिण दिशा यम की दिशा होने के साथ लक्ष्मी जी की भी दिशा होती है। यदि आप धन संबंधी समस्याओं से मुक्ति पाना चाहते हैं तो प्रतिदिन तिल के तेल का दीपक जलाना चाहिए। इससे दरिद्रता दूर होती है और आपके ऊपर मां लक्ष्मी अपनी कृपा दृष्टि करती हैं।
- हिंदू धर्म में तुलसी में दीपक जलाने की परंपरा बहुत पहले से चली आ रही है। पहले लोग घर के आंगन में तुलसी अवश्य लगाते थे और प्रतिदिन पूजन करते थे। आज के समय में घरों का आकार भले ही बदल गया हो लेकिन अब भी घरों में तुलसी रखने का बहुत महत्व माना जाता है। जिस घर में प्रतिदिन तुलसी को सींचा जाता है और दीपक जलाया जाता है वहां भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है। जिससे घर में हमेशा सुख और समृद्धि का वास होता है। वास्तु के अनुसार घर में तुलसी रखने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
-आर्थिक तंगी से मुक्ति पाने और धन प्राप्ति के लिए प्रतिदिन अपने घर की देहरी की साफ-सफाई करने के बाद दीपक प्रज्ज्वलित करना चाहिए। रोज सुबह और शाम मुख्य द्वार पर तेल का दीपक जलाना चाहिए। इससे नकारात्मक चीजें घर के बाहर से ही वापस हो जाती हैं और घर में सकारात्मकता एवं समृद्धि का आगमन होता है।
--
Leave A Comment