- Home
- बिजनेस
-
नई दिल्ली। आमों का राजा कहा जाने वाला दशहरी कल से बाजार में आ गया है। । उत्तर प्रदेश के फल पट्टी क्षेत्र मलिहाबाद-काकोरी में आम की मंडी सज गयी है और शनिवार से इसकी बिक्री शुरू हो जाएगी। हालांकि कारोबारियों का कहना है कि अभी बाजार में पाल का दशहरी ही आएगा जिसकी तोड़ाई का काम जोरों पर बीते एक सप्ताह से चल रहा है। डाल की दशहरी बाजार में पांच जून के आसपास आएगी। अकेले खाड़ी देशों में ही इस बार दशहरी के कम से कम 100 टन निर्यात की उम्मीद है।
मलिहाबाद में आम की अस्थाई मंडी पहली जून से काम करने लगेगी। हालांकि औपचारिक रूप से आमों से पहली खेप शनिवार को भेजी जाएगी। आढ़तियों का कहना है कि अभी एक हफ्ते तक केवल बाहर के आर्डर ही भेजे जाएंगे। मलिहाबाद में आम के आढ़ती खराब मौसम और कमजोर फसल के बाद भी इस बार अच्छे कारोबार की उम्मीद लगाए हैं। उनका कहना है कि सीजन शुरु होने से पहले ही मुंबई, दिल्ली, नासिक और केरल से भरपूर आर्डर आ चुके हैं। इसके अलावा विदेशों से भी दशहरी निर्यात के लिए मांग आयी है। अकेले खाड़ी देशों में ही इस बार दशहरी के कम से कम 100 टन निर्यात की उम्मीद है। मलिहाबाद के रहमानखेड़ा में मैंगो पैक हाउस में निर्यात के लिए दशहरी की पैकिंग का काम होगा।निर्यातकों का कहना है कि पहली खेप जून के पहले ही हफ्ते में दुबई और लंदन के लिए रवाना की जाएगी। पहली बार मलिहाबादी दशहरी को जापान से आर्डर मिला है जबकि न्यूजीलैंड में दूसरी बार यह आम जाएगा। इससे पहले 2012 में दशहरी का निर्यात न्यूजीलैंड को किया गया था। इस बार 50 टन दशहरी निर्यात का आर्डर न्यूजीलैंड से आया है।मैंगो पैक हाउस के कर्मचारी बताते हैं कि आम की ग्रेडिंग, सफाई और पैकिंग करने वाली मशीन तैयार कर ली गयी है और अगले दस दिनों में पैकिंग का काम शुरु कर दिया जाएगा। पैकिंग और परिवहन के लिए सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ सब ट्रॉपिकल हॉर्टिकल्चर (सीआईएसएच) के वैज्ञानिकों ने तकनीक विकसित की है।लकड़ी चिराई की आरा मशीनों के बंद होने के बाद इस बार दशहरी की पूरी पैकिंग गत्ते के डिब्बों में की जाएगी। डिब्बों को इस तरह से डिजायन किया गया है कि इसमें आम जल्दी खराब नहीं होगा। सीधी उड़ान सेवा के चलते खाड़ी देशों में जहां दशहरी की सबसे ज्यादा मांग रहती है, वहां उसकी डिलीवरी आसानी से हो जाती है। जबकि यूरोप व अन्य देशों में इसमें समय लगता है जिसके लिए विशेष पैकिंग की जरूरत होती है।आम के कारोबारी और मलिहाबाद स्थित नफीस नर्सरी के शबीहुल हसन बताते हैं कि तमाम दिक्कतों व खराब मौसम के बाद भी इस साल 200 से 250 करोड़ के धंधे की उम्मीद है। इसमें निर्यात का 100 टन भी शामिल है।उत्तर प्रदेश के फल पट्टी क्षेत्र मलिहाबाद-काकोरी में करीब 30000 हेक्टेयर में आम की बाग है और सीजन में एक लाख से ज्यादा लोगों को इससे रोजगार मिलता है। आम की अन्य किस्मों के मुकाबले दशहरी का सीजन एक से डेढ़ महीने ही रहता है उसमें भी डाल की दशहरी महज 20-25 दिनों तक बाजार में रहती है। - नयी दिल्ली। अप्रैल में देश का कोयला उत्पादन सालाना आधार पर 8.5 प्रतिशत बढ़कर 7.31 करोड़ टन से अधिक रहा है। कोयला मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को अपने मासिक उत्पादन आंकड़े जारी करते हुए कहा कि एक साल पहले इसी महीने में देश का कुल कोयला उत्पादन 6.72 करोड़ टन रहा था। अप्रैल, 2023 में 7.31 करोड़ टन का उत्पादन कर देश ने इस महीने के लिए निर्धारित उत्पादन लक्ष्य का 94.89 प्रतिशत हासिल कर लिया। इस उत्पादन वृद्धि में देश की सबसे बड़ी कोयला कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने 5.75 करोड़ टन के साथ सबसे अहम भूमिका निभाई। अप्रैल, 2022 में सीआईएल का कोयला उत्पादन 5.34 करोड़ टन रहा था। वहीं सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड का अप्रैल में उत्पादन 4.77 प्रतिशत वृद्धि के साथ 55.7 लाख टन हो गया जबकि साल भर पहले यह 53.2 लाख टन था। पिछले महीने में भारत की कोयला आपूर्ति भी 11.66 प्रतिशत बढ़कर 8.03 करोड़ टन पर पहुंच गई जबकि एक साल पहले की समान अवधि में 7.19 करोड़ टन की आपूर्ति की गई थी। इस दौरान बिजली उत्पादक इकाइयों को 6.54 करोड़ टन कोयले की आपूर्ति की गई जो अप्रैल, 2022 के 6.13 करोड़ टन से 6.66 प्रतिशत अधिक है। दुनिया के पांच अग्रणी कोयला उत्पादक देशों में शामिल होने के बावजूद भारत को अपनी कोयला जरूरतें पूरी करने के लिए आयात का भी सहारा लेना पड़ता है। कोकिंग कोल के मामले में भारत की आयात पर अत्यधिक निर्भरता है।
-
नई दिल्ली। एमेजॉन बेव सर्विसेज कम्पनी भारत में क्लाउड कम्प्यूटिंग से जुडे बुनियादी ढॉचे के लिए 2030 तक लगभग एक लाख पांच हजार करोड रूपये निवेश करेगी। इसका उद्देश्य क्लाउड सेवाओं में उपभोक्ताओं की बढती मांग को पूरा करना है। एमेजॉन की क्लाउड कम्पनी इकाई ने आज एक बयान में यह जानकारी दी। इसके साथ ही भारत में एमेजॉन का कुल निवेश 2030 तक एक लाख 36 हजार करोड रुपये से अधिक होने का अनुमान है। कम्पनी ने बताया है कि डेटा सेंटर अवसंरचना में निवेश से भारतीय कारोबार में वार्षिक एक लाख 31 हजार से अधिक पूर्णकालिक नौकरियां सृजित होने की आशा है। इस निवेश से निर्माण, इंजीनियरिंग तथा अन्य क्षेत्रों में नौकरियां पैदा होंगी।एमेजॉन बेव सर्विसेज, एमेजॉन की सहायक कम्पनी हैं जो लोगों, कम्पनियों और सरकारों को मांग होने पर क्लाउड कम्प्यूटिंग मंच प्रदान करती है। एमेजॉन बेव सर्विसेज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि भारत एक बहुत बडा बाजार है। इससे पहले सिस्को सिस्टम ने भी भारत में निर्माण शुरू करने की घोषणा की थी।
- नयी दिल्ली। टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को भारत और फ्रांस के बीच व्यापार संबंधों को मजबूत बनाने में उनके योगदान के लिए फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘‘शेवेनलियर दे ला लीजन द‘ऑनर' से नवाजा गया है। यूरोप और विदेश मामलों की फ्रांस की मंत्री कैथरीन कोलोना ने मंगलवार की शाम फ्रांस के राष्ट्रपति की ओर से चंद्रशेखरन को यह सम्मान दिया। टाटा समूह ने ट्वीट किया, ‘‘हमारे चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को यूरोप और विदेश मामलों की फ्रांस की मंत्री कैथरीन कोलोना द्वारा ‘शेवेनलियर दे ला लीजन द‘ऑनर' से नवाजा गया। उन्हें भारत और फ्रांस के बीच व्यापार संबंधों को मजबूत बनाने में उनके योगदान के लिए फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा गया है।''
- नयी दिल्ली। कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने का भाव 500 रुपये की गिरावट के साथ 60,580 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 61,080 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था।चांदी की कीमत भी 450 रुपये घटकर 73,300 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की हाजिर कीमत 500 रुपये की गिरावट के साथ 60,580 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गयी।'' विदेशी बाजारों में सोना गिरावट के साथ 1,992 डॉलर प्रति औंस जबकि चांदी घटकर 23.82 डॉलर प्रति औंस रह गयी। रिलायंस सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक, श्रीराम अय्यर ने कहा कि डॉलर की मजबूती के कारण बुधवार को कॉमेक्स में सोने की कीमतों में कमजोरी देखी गई।
- मुंबई,। घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स लगभग 372 अंक के नुकसान में रहा। वैश्विक शेयर बाजारों में मिले-जुले रुख के बीच आईटी और प्रौद्योगिकी शेयरों में भारी बिकवाली दबाव से बाजार नीचे आया। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 371.83 अंक यानी 0.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ 61,560.64 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 592.37 अंक तक लुढ़क गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 104.75 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ 18,181.75 अंक पर बंद हुआ। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘कमजोर वैश्विक धारणा के साथ घरेलू निवेशक सतर्क रहे। अमेरिका में ताजा आर्थिक आंकड़ों से नरमी के संकेत के बीच मंदी की चिंता में निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया।'' उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका में खुदरा बिक्री आंकड़ा मांग में नरमी का संकेत देता है। इसके अलावा कर्ज सीमा को लेकर जारी बातचीत से भी बाजार धारणा प्रभावित हुई।'' सेंसेक्स की कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक, एशियन पेंट्स, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इन्फोसिस, टाटा स्टील, विप्रो, बजाज फाइनेंस, टाटा मोटर्स, टाइटन और बजाज फिनसर्व मुख्य रूप से नुकसान में रहीं। इसके उलट लाभ में रहने वाले शेयरों में इंडसइंड बैंक, आईटीसी, भारती एयरटेल, मारुति, अल्ट्राटेक सीमेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा और भारतीय स्टेट बैंक शामिल हैं। कोटक सिक्योरिटीज लि. के इक्विटी शोध (खुदरा) प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा, ‘‘सतर्क निवेशकों ने हाल की तेजी के बाद बिकवाली जारी रखी, जिससे बाजार नुकसान में रहा। अमेरिका और चीन में कमजोर आर्थिक आंकड़ों से अर्थव्यवस्था में नरमी को लेकर चिंता बढ़ी है। इससे निवेशक भविष्य को लेकर आशंकित हैं।'' बीएसई में छोटी कंपनियों का सूचकांक 0.25 प्रतिशत चढ़ा जबकि मझोली कंपनियों का सूचकांक 0.16 प्रतिशत नीचे आया। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की लाभ में जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार मंगलवार को नुकसान में रहे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक मंगलवार को शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने 1,406.86 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74.82 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
-
नयी दिल्ली. देश की प्रमुख दोपहिया विनिर्माता हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी मोटरसाइकिल एक्सपल्स 200 4वी का नया संस्करण सख्त प्रदूषण मानकों के साथ पेश किया है। इसकी शोरूम कीमत 1.43 लाख रुपये से शुरू होती है। कंपनी ने मंगलवार को बयान में कहा कि 200 सीसी इंजन क्षमता वाली यह बाइक दो मॉडल में उतारी गई है जिनकी कीमत क्रमशः 1.43 लाख और 1.5 लाख रुपये रखी गई है। कंपनी के मुख्य वृद्धि अधिकारी रंजीवजीत सिंह ने एक बयान में कहा कि इस बाइक को प्रदूषण मानक बीएस-6 के दूसरे चरण वाले सख्त मानकों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। इसके साथ ही यह बाइक खुद ही खामियों का पता लगाने वाले ओबीडी-2 सिस्टम से भी लैस है।
- नयी दिल्ली। अरबपति उद्योगपति गौतम अडाणी ने पर्वतारोही अनुराग मालू को काठमांडू से नयी दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाने में मदद के लिये एक एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की। अनुराग को पिछले महीने नेपाल के अन्नपूर्णा पर्वत शिखर में एक गहरी दरार में गिरने के बाद बचा लिया गया था। पर्वतारोही के भाई आशीष मालू ने अनुराग को एयरलिफ्ट करने के लिए अडाणी द्वारा समय पर की गई कार्रवाई के लिए मंगलवार को ट्वीट कर उनका आभार व्यक्त किया। आशीष मालू ने ट्वीट किया, ‘‘समय पर एयरलिफ्टिंग के लिए शब्दों से परे आभारी! अनुराग मालू को सुरक्षित वापस लाने में उनके अमूल्य सहयोग के लिए गौतम अडाणी और अडाणी फाउंडेशन को हार्दिक धन्यवाद।'' राजस्थान के किशनगढ़ के रहने वाले मालू 17 अप्रैल को अन्नपूर्णा पर्वत शिखर पर शिविर-तीन से उतरते समय 5,800 मीटर की ऊंचाई से गिरने के बाद लापता हो गए थे। अन्नपूर्णा पर्वत शिखर दुनिया का 10वां सबसे ऊंचा पर्वत है जो अपने दुर्गम इलाके के लिए जाना जाता है।
- नयी दिल्ली।' सिनेमा हॉल चलाने वाली प्रमुख कंपनी पीवीआर-आइनॉक्स घाटे में चल रहे करीब 50 स्क्रीन बंद करने की योजना बना रही है। पीवीआर-आइनॉक्स ने यह भी कहा कि उसकी चालू वित्त वर्ष 2023-24 में 150 से 175 स्क्रीन खोलने की योजना है। पीवीआर-आइनॉक्स ने 31 मार्च, 2023 को समाप्त वित्त वर्ष के बारे में निवेशकों को दी जानकारी में कहा, ‘‘कंपनी की अगले छह महीनों में 50 सिनेमा स्क्रीन बंद करने की योजना है।'' ये सिनेमा हॉल घाटे में हैं या फिर शॉपिंग मॉल में हैं, जहां इनकी जीवन अवधि समाप्त होने के करीब पहुंच गयी हैं। इनको पटरी पर लाने की उम्मीद काफी कम है। पीवीआर-आइनॉक्स लि. दो प्रमुख सिनेमा ब्रॉन्ड पीवीआर लि. तथा आइनॉक्स लेजर के विलय के बाद अस्तित्व में आया। विलय छह फरवरी, 2023 को प्रभाव में आया। विलय के बाद अस्तित्व में आई इकाई भारत और श्रीलंका में 115 शहरों में 361 सिनेमा हॉल का संचालन कर रही है, जिसमें 1,698 स्क्रीन हैं। एलारा कैपिटल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष करण तुरानी ने कहा, ‘‘50 स्क्रीन बंद होने से 10 करोड़ रुपये कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) पर असर पड़ेगा।'' ये स्क्रीन बड़े और मझोले शहरों में हैं।पीवीआर आइनॉक्स ने यह भी कहा कि उसकी चालू वित्त वर्ष 2023-24 में 150 से 175 स्क्रीन खोलने की योजना है। कंपनी के अनुसार, ‘‘इसमें से नौ स्क्रीन अबतक खुल चुके हैं। 15 स्क्रीन के मामले में वाणिज्यिक परिचालन को लेकर लाइसेंस की प्रतीक्षा है। 152 स्क्रीन पर काम विभिन्न चरणों में हैं।''
-
मुंबई. जियो-बीपी ने मंगलवार को प्रीमियम डीजल पेश किया, जिसकी कीमत सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों के सामान्य डीजल से भी कम रखी गई है। जियो-बीपी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और ब्रिटेन की बीपी का संयुक्त उद्यम है। जियो-बीपी ने दावा किया कि एडिटिव-लेस्ड प्रीमियम डीजल बेहतर माइलेज देता है। इससे हर साल प्रति ट्रक 1.1 लाख रुपये तक की बचत होगी। इस प्रीमियम डीजल की कीमत सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों (पीएसयू) के सामान्य या एडिटिव-फ्री डीजल से सस्ती है। कंपनी ने बयान में कहा, ‘‘जियो-बीपी ने आज सक्रिय प्रौद्योगिकी के साथ अपने डीजल को पेश किया, जो भारतीय उपभोक्ताओं के लिए डीजल मानकों को बढ़ाएगा।'' बयान के मुताबिक, ‘‘कंपनी के नेटवर्क पर उपलब्ध इस प्रीमियम डीजल से ट्रक चालकों को प्रति वाहन 1.1 लाख रुपये तक की वार्षिक बचत होगी।'' यह डीजल नवी मुंबई में जियो-बीपी के पेट्रोल पंप पर 91.30 रुपये प्रति लीटर की दर से मिल रहा है, जबकि पीएसयू पंप पर सामान्य डीजल की कीमत 92.28 रुपये प्रति लीटर है। जियो-बीपी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हरीश सी मेहता ने कहा, ‘‘हमारे लिए हर एक ग्राहक महत्वपूर्ण है, लेकिन जियो-बीपी के लिए ट्रक ड्राइवरों का हमेशा एक विशेष स्थान रहा है। उनके कारोबार के प्रदर्शन में ईंधन लागत के गंभीर प्रभाव को हम समझते हैं।'' उन्होंने कहा कि इस डीजल को खासतौर से भारतीय वाहनों के लिए, भारत की सड़कों के लिए और भारतीय ड्राइविंग परिस्थितियों के लिए तैयार किया गया है।
-
नई दिल्ली। सोने-चांदी की वायदा कीमतों में आज गिरावट देखी जा रही हैं। हालांकि सोने के वायदा भाव तेजी के साथ खुले, लेकिन यह तेजी बरकरार नहीं रह सकी। चांदी के वायदा भाव गिरावट के साथ ही खुले।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का बेंचमार्क जून कॉन्ट्रैक्ट 471 रुपये की तेजी के साथ 61,498 रुपये के भाव पर खुला। लेकिन यह तेजी ज्यादा देर तक बरकरार नहीं रह सकी। खबर लिखे जाने के समय यह कॉन्ट्रैक्ट 86 रुपये की गिरावट के साथ 60,941 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहा था। इस समय इसने 61,498 रुपये के भाव पर दिन का उच्च स्तर और 60,901 रुपये के भाव पर निचला स्तर छू लिया। इस महीने इस कॉन्ट्रैक्ट ने 61,845 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर सर्वोच्च स्तर छू लिया था।चांदी के वायदा भाव भी गिरेचांदी की वायदा कीमतों में भी गिरावट देखी जा रही है। MCX पर मंगलवार को चांदी का बेंचमार्क जुलाई कॉन्ट्रैक्ट 242 रुपये की गिरावट के साथ 73,160 रुपये के भाव पर खुला। खबर लिखे जाने के समय यह 273 रुपये की गिरावट के साथ 73,129 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहा था। इस समय इसने 73,298 रुपये के भाव पर दिन का उच्च और 73,100 रुपये किलो के भाव पर दिन का निचला स्तर छू लिया। इस माह चांदी के वायदा भाव 78 हजार रुपये किलो को पार सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गए थे। - नई दिल्ली। आपका स्मार्टफोन और उसमें मौजूद ऐप आपसे कैमरा, लोकेशन, माइक और गैलरी समेत कई तरह की परमिशन लेते हैं और कई बार हम आंख बंद करके सभी परमिशन दे भी देते हैं। कई ऐप को अपना काम करने के लिए रियल में इन परमिशन की जरूरत भी नहीं होती है। इन परमिशन के कारण स्मार्टफोन हमारी सभी एक्टविटी को मॉनिटर करता है। ऐसे में प्राइवेसी की चिंता सताना तो लाजमी है। मगर घबराइए मत, अगर आप भी एक एंड्रॉयड यूजर्स हैं तो हम आपको ऐसी पांच सेटिंग के बारे में बताने जा रहे हैं जो आपको बंद कर देनी चाहिए।अगर आप भी एक एंड्रॉयड यूजर्स हैं तो आपको अपने स्मार्टफोन में WiFi-Bluetooth स्कैनिंग सेटिंग को तुरंत बंद कर देना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि ये दोनों सेटिंग हर समय आपके आस-पास मौजूद हर WiFi और Bluetooth के लिए स्कैन करते रहते हैं। इसका फायदा उठाकर हैकर्स आपके फोन को अपने डिवाइस से जोड़ सकते हैं और गलत काम में आपके फोन का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।WiFi-Bluetooth स्कैनिंग को ऐसे करें ऑफ--सबसे पहले आप अपने स्मार्टफोन की सेटिंग में जाएं।-अब सर्चबार में WiFi Scanning लिखकर सर्च करें।=अब आपको ये दोनों ऑप्शन दिखाई देंगे।=अब सामने दिख रहे टॉगल बटन पर क्लिक कर ऑफ कर दें।=सेंसिटिव इंफॉर्मेशन ऑन लॉक स्क्रीनअगर आपको प्राइवेसी से बहुत प्यार है तो आपको ‘सेंसिटिव इंफॉर्मेशन ऑन लॉक स्क्रीन’ को हमेशा ऑफ ही रखना चाहिए। लॉक स्क्रीन में भी मैसेज आने पर नोटिफिकेशन के जरिए दिखाई देते रहते हैं। ऐसे में आपके न होने पर लोग आपकी बैंकिंग डिटेल और अन्य सेंसिटिव इंफॉर्मेशन देख सकते हैं।सेंसिटिव इंफॉर्मेशन ऑन लॉक स्क्रीन को ऐसे करें एक्टिवेट-=इसके लिए स्मार्टफोन की सेटिंग में जाएं।=अब Notification में जाएं और सेंसिटिव नोटिफिकेशन को बस ऑफ कर दें।लोकेशनक्या आप जानते हैं कि आपका एंड्रॉयड स्मार्टफोन 24 x 7 आप पर नजर रखता है। आप कब, कहां गए और कितनी देर रुके आपके फोन को यह सब पता होता है। आपका फोन भगवान नहीं है, मगर आपने उसे लोकेशन ट्रैक करने की परमिशन दी है। इसलिए वह ये सब जानता है। अगर आप भी चाहते हैं कि आपका फोन लोकेशन न ट्रैक करे तो आपको इसे बंद कर देना चाहिए।ऐसे करे लोकेशन ऑफ –-अपने फोन की सेटिंग में जाएं।-अब लोकेशन में जाएं और फिर लोकेशन सर्विसेज में जाएं।-अब आप Google Location History में जाएं।-अब आप इसे टर्न ऑफ कर सकते हैं या ऑटो डिलीट का ऑप्शन सेलेक्ट कर सकते हैं।पर्सनलाइज्ड Ads या विज्ञापनआपने नोटिस किया होगा कि आपने घर में या ऑफिस में दोस्तों से किसी चीज के बारे में बात की या फिर इंटरनेट पर उसके बारें में सर्च किया। इसके कुछ देर बाद आपको उसी चीज से रिलेटेड विज्ञापन या ऐड दिखाई देने शुरू हो जाते होंगे। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि आपने पर्सनलाइज्ड Ads को ऑफ नहीं किया है।पर्सनलाइज्ड Ads को ऑफ करने के लिए ये स्टेप फॉलो करे--सबसे पहले अपने स्मार्टफोन की सेटिंग में जाएं।-अब गूगल में जाकर Manage My Account पर जाएं।-अब Data and Privacy टैब पर जाकर पर्सनलाइज्ड Ads को ऑफ कर दें।ऐप लोकेशन परमिशनआज के समय में तकरीबन हर ऐप आपसे लोकेशन की परमिशन लेते हैं मगर वास्तव में उन्हें आपना काम करने के लिए इसकी जरूरत नहीं होती है। इसलिए आपको केवल उन्हीं ऐप को लोकेशन परमिशन देना चाहिए, जो बिना आपकी प्रिसाइज लोकेशन जानें काम ही नहीं कर सकते है। ध्यान दें कि लोकेशन परमिशन केवल तभी के लिए दे, जब आप उस ऐप का इस्तेमाल कर रहे हो।ऐप लोकेशन परमिशन को ऐसे करे ऑफ--सबसे पहले अपने स्मार्टफोन की सेटिंग में जाएं।-अब Apps में जाएं।-अब बारी-बारी से हर Apps की लोकेशन परिमिशन को ऑफ कर दे।
- नयी दिल्ली। अडाणी ट्रांसमिशन ने पात्र संस्थागत नियोजन आधार पर इक्विटी शेयर जारी कर 8,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के लिये शेयरधारकों से मंजूरी मांगी है। शेयर बाजार बीएसई में दी गयी सूचना के अनुसार कंपनी ने पात्र संस्थागत नियोजन आधार पर इक्विटी शेयर या अन्य पात्र प्रतिभूति जारी कर 8,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के लिये शेयरधारकों से मंजूरी मांगी है। कंपनी के निदेशक मंडल की 13 मई, 2023 को हुई बैठक में 10 रुपये अंकित मूल्य के इक्विटी शेयर या शेयर में बदले जाने वाले प्रतिभूति जारी कर कोष जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। अडाणी ट्रांसमिशन ने कहा कि उसे मौजूदा परिचालन में वृद्धि के अवसर दिख रहे हैं। कंपनी नई परियोजनाओं और विलय एवं अधिग्रहण के जरिये वृद्धि का अवसर देख रही है। सूचना के अनुसार इस वृद्धि और विस्तार के लिये कंपनी को पूंजी की जरूरत है।
-
नयी दिल्ली। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मार्च में समाप्त तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ 31 प्रतिशत बढ़कर 2,067 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इससे पिछले साल की समान तिमाही में एक्सचेंज ने 1,580 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। एनएसई ने सोमवार को अपने बयान में कहा कि तिमाही के दौरान उसकी एकीकृत परिचालन आय 31 प्रतिशत बढ़कर 3,453 करोड़ रुपये पर पहुंच गयी। एनएसई के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2022-23 के लिए 80 रुपये प्रति शेयर के लाभांश की सिफारिश की है। अंतिम लाभांश के लिए शेयरधारकों की मंजूरी ली जाएगी। आलोच्य तिमाही में एनएसई ने मूल समाधान गारंटी कोष (सीएसजीएफ) में 203.45 करोड़ रुपये का योगदान दिया।
- नयी दिल्ली। खेल एवं परिधान कंपनी प्यूमा इंडिया के प्रबंध निदेशक पद से इस्तीफा दे चुके अभिषेक गांगुली और दो अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सोमवार को अपना अलग उद्यम एजिलिटस स्पोर्ट्स स्थापित करने के साथ ही 430 करोड़ रुपये जुटाने की घोषणा की। एजिलिटस स्पोर्ट्स के दो अन्य संस्थापकों में प्यूमा इंडिया के कार्यकारी निदेशक (बिक्री एवं परिचालन) अतुल बजाज और मुख्य वित्त अधिकारी अमित प्रभु भी शामिल हैं। बयान के मुताबिक, नई कंपनी खेल परिधान एवं आरामदेह उत्पाद मुहैया कराने वाले मंच के तौर पर काम करेगी। इसके जरिये भारतीय खेल पारिस्थितिकी के अनुरूप उत्पादों को पेश करने की कोशिश रहेगी। एजिलिटस स्पोर्ट्स में कंवर्जेंट फाइनेंस एलएलपी की सलाह पर कई कोषों ने 400 करोड़ रुपये निवेश किए हैं। इसके अलावा व्यक्तिगत निवेशकों ने भी इसमें 30 करोड़ रुपये लगाए हैं। गांगुली ने पिछले हफ्ते जर्मनी की कंपनी प्यूमा की भारतीय इकाई के प्रबंध निदेशक पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। हालांकि, गांगुली अगस्त तक अपने पद पर बने रहेंगे। उनकी जगह पर प्यूमा ने कार्तिक बालगोपलन को नया प्रबंध निदेशक बनाने का ऐलान किया है।
-
नयी दिल्ली. भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) ने सोमवार को कहा कि रुपे ने अब अपने डेबिट, क्रेडिट के लिए सीवीवी (कार्ड सत्यापन मूल्य) के बिना भुगतान का विकल्प शुरू किया है। निगम ने बताया कि यह सुविधा उन प्रीपेड कार्डधारकों को दी जाएगी, जिन्होंने विक्रेता के ऐप या वेबपेज पर अपने कार्ड को टोकन किया है। एनपीसीआई ने एक बयान में कहा कि इस नए सीवीवी-रहित अनुभव में यह सुनिश्चित किया गया है कि कार्डधारक को अपने वॉलेट तक पहुंचने या किसी कार्ड का विवरण याद रखने की जरूरत नहीं होगी। ऐसा तभी होगा, जबकि उन्होंने ई-कॉमर्स विक्रेता के मंच पर अपने कार्ड को टोकन किया हो। टोकन व्यवस्था के तहत कार्ड के वास्तविक ब्योरे की जगह कूट संख्या यानी टोकन नंबर का उपयोग किया जाता है। भारतीय रिजर्व बैंक की यह व्यवस्था लेन-देन के लिहाज से सुरक्षित मानी जाती है क्योंकि इसमें लेन-देन के समय कार्ड का वास्तविक ब्योरा व्यापारियों के साथ साझा नहीं किया जाता।
-
कोयंबटूर। सरकारी उद्यम इंडियन ऑयल ने सीएनजी (संपीडित प्राकृतिक गैस) एवं पीएनजी (पाइप वाली प्राकृतिक गैस) कनेक्शनों का आवासीय इकाइयों में वितरण शुरू कर दिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कंपनी ने देशभर में 1.50 करोड़ कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के निदेशक (पाइपलाइन्स) एस नरवणे ने एयरवायो टेक्नोलॉजीज द्वारा कोयंबटूर के नजदीक स्थापित होने वाली सीएनजी सिलेंडर परीक्षण इकाई का उद्घाटन किया। यह अपनी श्रेणी की पहली इकाई बताई जा रही है। इस मौके पर उन्होंने कहा, “सीएनजी और पीएनजी अन्य वैकल्पिक ईंधनों की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत किफायती होते हैं और बहुत सुरक्षित माने जाते हैं।”
- नयी दिल्ली। केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री आर के सिंह ने शनिवार को उद्योगों को 'ग्रीन ओपन एक्सेस' नियम, 2022 के अंतर्गत लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश दिया। सरकार ने देश के अक्षय ऊर्जा कार्यक्रमों को गति देने के लिए ग्रीन ओपन एक्सेस नियम 2022 अधिसूचित किए थे। इन नियमों को अपशिष्ट-से-ऊर्जा तैयार करने वाले संयंत्रों सहित हरित ऊर्जा के उत्पादन, खरीद और खपत को बढ़ावा देने के लिए अधिसूचित किया गया था। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सिंह ने नयी दिल्ली में ग्रीन एनर्जी ओपन एक्सेस नियमों पर उद्योग जगत और अन्य संबंधित लोगों के साथ बैठक की अध्यक्षता की। बिजली मंत्रालय ने कहा, “मंत्री ने उद्योगपतियों से हरित ऊर्जा अपनाने के लिए लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। उन्होंने उद्योगपतियों से हरित ऊर्जा अपनाने के लिए लक्ष्य निर्धारित करने और उचित दरों पर हरित ऊर्जा प्राप्त करने के लिए ग्रीन एनर्जी ओपन एक्सेस नियमों के प्रावधानों का लाभ उठाने का आह्वान किया।”
- मुंबई। बैंक जिन गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) को उधार देते हैं, उन्हें ऐसे एनबीएफसी के कर्ज देने के तरीकों पर कड़ी नजर रखनी चाहिए। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के प्रबंध निदेशक सी एस शेट्टी ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि एनबीएफसी और सूक्ष्मवित्त संस्थानों (एमएफआई) को बड़े बैंकों की तरह ही जोखिम मूल्यांकन और ऋण निगरानी के सिद्धांतों का पालन करना चाहिए। गौरतलब है कि बैंक एनबीएफसी या एमएफआई को उधार देते हैं और आगे कर्ज देने की व्यवस्था उनकी होती है। ये संस्थान ऋण देने के लिए अपने वितरण और संग्रह तंत्र का इस्तेमाल करते हैं। शेट्टी ने कहा, ''बैंक जिन गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) को उधार देते हैं, उन्हें ऐसे एनबीएफसी को कर्ज देने के तरीकों पर कड़ी नजर रखनी चाहिए। एनबीएफसी को बड़े बैंकों की तरह ही जोखिम मूल्यांकन और ऋण निगरानी के सिद्धांतों का पालन करना चाहिए, जिनसे वे उधार लेते हैं।'' उन्होंने कहा कि बैंकों के कर्ज का एक अच्छा हिस्सा एनबीएफसी और एमएफआई को दिया जाता है, इसलिए जोखिम का अच्छी तरह आकलन करना चाहिए। शेट्टी ने कहा कि एक बैंकर का काम जोखिम का आकलन करना, उसे कम करना और उसकी कीमत तय करना है।उन्होंने यह भी कहा कि एसबीआई 65,000 व्यापार प्रतिनिधि के नेटवर्क को तेजी से बढ़ाने पर विचार नहीं कर रहा है, बल्कि उन्हें अधिक सक्षम बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) ने जीएसटी रिटर्न की स्वचालित जांच के लिए एक मॉड्यूल जारी किया है। वित्त मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को जारी एक बयान में कहा कि यह मॉड्यूल केंद्र-प्रशासित करदाताओं के माल एवं सेवा कर (जीएसटी) संबंधी रिटर्न की खुद-ब-खुद जांच करने में अधिकारियों को सक्षम बनाएगा। इन करदाताओं का चयन डेटा विश्लेषण और मापे गए जोखिम के आधार पर किया जाएगा। इस मॉड्यूल में कर अधिकारियों को यह दिख जाएगा कि किसी जीएसटी करदाता की तरफ से दाखिल किए गए रिटर्न में किस तरह के जोखिम एवं उनमें खामियां मौजूद हैं। कर अधिकारी जीएसटीएन कॉमन पोर्टल के जरिये इन खामियों से अवगत करा पाएंगे। मंत्रालय ने कहा कि स्वचालित रिटर्न जांच मॉड्यूल को वित्त वर्ष 2019-20 के जीएसटी रिटर्न की जांच के साथ शुरू कर दिया गया है।
-
नयी दिल्ली. दूरसंचार कंपनियों रिलायंस जियो और भारती एयरटेल ने फरवरी माह में कुल 19.8 लाख मोबाइल उपभोक्ता जोड़े जबकि इस अवधि में वोडाफोन आइडिया के 20 लाख ग्राहक कम हो गए। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी। इसके मुताबिक, देश की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी जियो ने फरवरी में सबसे ज्यादा लगभग 10 लाख उपभोक्ता जोड़े। इसके साथ ही इसके कुल उपभोक्ताओं की संख्या जनवरी के 42.61 करोड़ से बढ़कर फरवरी में 42.71 करोड़ हो गई। फरवरी के महीने में भारती एयरटेल के 9.82 लाख उपभोक्ता बढ़े और उसके कुल उपभोक्ताओं की संख्या 36.98 करोड़ हो गई। दूसरी तरफ, वोडाफोन आइडिया के 20 लाख उपभोक्ता कम हो गए और उसके कुल उपभोक्ताओं की संख्या घटकर 23.79 करोड़ रह गई। विज्ञप्ति के अनुसार, कुल ब्रॉडबैंक उपभोक्ताओं की संख्या जनवरी अंत के 83.918 करोड़ से 0.02 प्रतिशत बढ़कर फरवरी अंत में 83.933 करोड़ हो गई। ब्रॉडबैंड उपभोक्ताओं के कुल बाजार में शीर्ष पांच सेवा प्रदाताओं की हिस्सेदारी 98.38 प्रतिशत रही।
ट्राई ने कहा, “इन सेवा प्रदाताओं में रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड (43.52 करोड़ उपभोक्ता), भारती एयरटेल के (23.97 करोड़), वोडाफोन आइडिया (12.374 करोड़), बीएसएनएल (2.492 करोड़) और एट्रिया कन्वर्जेंस (लगभग 21 लाख उपभोक्ता) शामिल हैं।” कुल वायरलेस उपभोक्ताओं की संख्या जनवरी के 114.3 करोड़ से 0.09 प्रतिशत घटकर फरवरी में 114.1 करोड़ उपभोक्ता रह गई। -
नयी दिल्ली. रियल एस्टेट सलाहकार कंपनी कोलियर्स इंडिया ने इस साल लगभग 400 कर्मचारियों की नियुक्ति की योजना बनाई है। कंपनी ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह नई सेवाएं जोड़ने और अपनी वृद्धि की रणनीति के तहत और दूसरी श्रेणी के शहरों में प्रवेश की तैयारी कर रही है। फिलहाल भारत में कोलियर्स इंडिया के 3,000 कर्मचारी हैं।
इस सप्ताह की शुरुआत में कोलियर्स के रियल एस्टेट सेवा- वैश्विक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) क्रिस मैकलेरनन और सीईओ-एशिया प्रशांत जॉन केनी की अगुवाई में वैश्विक नेतृत्व ने भारत का दौरा किया था। कोलियर्स इंडिया ने कहा कि यह उनके भारत की वृद्धि की कहानी और संभावनाओं में भरोसे को दर्शाता है।
कोलियर्स इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक सांके प्रसाद ने कहा, ‘‘हम इस साल 350-400 लोगों को जोड़ने की योजना बना रहे हैं। कोलियर्स इंडिया ने 2022 में 1,000 से अधिक कर्मचारियों को काम पर रखा है। हमारी 2023 में अपनी टीम को 15 प्रतिशत तक बढ़ाने की योजना है।'' - नयी दिल्ली। बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों ने 2022 में नौ लाख करोड़ रुपये के कुल 34 लाख आवास ऋण वितरित किए। इसमें से 25 लाख रुपये तक के कर्ज की हिस्सेदारी सबसे अधिक रही। खुदरा ऋण पर इक्विफैक्स और एंड्रोमेडा की एक अध्ययन रिपोर्ट में यह कहा गया है। ‘भारतीय खुदरा ऋण परिदृश्य-अप्रैल 2023' शीर्षक से जारी रिपोर्ट के अनुसार, बीते वर्ष जनवरी-दिसंबर के दौरान ऋण वितरण में सालाना आधार पर 18 प्रतिशत और ऋण संख्या में 17 प्रतिशत की वृद्धि हुई। रिपोर्ट के अनुसार, कुल बकाया आवास ऋण दिसंबर, 2021 से दिसंबर, 2022 तक 16 प्रतिशत बढ़ गया।वैश्विक आंकड़ा, विश्लेषण एवं प्रौद्योगिकी कंपनी इक्विफैक्स का मुख्यालय अटलांटा में है। एंड्रोमेडा देश की सबसे बड़ी ऋण वितरकों में से एक है। अध्ययन में बताया गया कि व्यक्तिगत ऋण श्रेणी में 2022 में 57 प्रतिशत वृद्धि देखी गई। खुदरा उद्योग का बाजार मूल्य दिसंबर, 2022 तक 100 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया। 31 दिसंबर, 2022 तक खुदरा उद्योग में 54 करोड़ सक्रिय ऋण थे। एंड्रोमेडा के कार्यकारी चेयरमैन (बिक्री एवं वितरण) वी स्वामीनाथन ने कहा कि चाहे वह सार्वजनिक बैंक हो, निजी बैंक हो या आवासीय वित्तीय कंपनियां (एचएफसी), सभी इकाइयां आवास ऋण क्षेत्र में अच्छी वृद्धि कर रही हैं। उन्होंने कहा, “भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा हाल में नीतिगत दर रेपो में वृद्धि करने के बावजूद व्यक्तिगत ऋण की ब्याज दरों में आवास ऋण की ब्याज दरों की तुलना में उतनी अधिक वृद्धि नहीं हुई है।” अध्ययन में बताया गया कि कुल ऋण वितरण में 25 लाख रुपये तक के ऋण की हिस्सेदारी 67 प्रतिशत रही। वहीं 75 लाख रुपये से एक करोड़ रुपये के ऋण वितरण में 36 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वर्ष 2021 में 25 लाख रुपये तक के ऋण में 2020 की तुलना में 67 प्रतिशत वृद्धि हुई।
-
मुंबई. कंपनियों के लिए चुनौतीपूर्ण हालात पैदा होने से अप्रैल के महीने में संगठित क्षेत्र में ऑनलाइन भर्तियों की संख्या में एक साल पहले की तुलना में गिरावट दर्ज की गई। एक रिपोर्ट में यह आकलन पेश किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, आर्थिक अनिश्चितता के बावजूद अप्रैल में नवाचार-आधारित स्टार्टअप फर्मों में भर्तियों में खासी तेजी देखी गई। फाउंडइट इनसाइट्स ट्रैकर (एफआईटी) पर आधारित यह रिपोर्ट कहती है कि एक साल पहले की तुलना में अप्रैल, 2023 में संगठित क्षेत्र में ऑनलाइन भर्तियों की संख्या छह प्रतिशत गिर गई लेकिन नए एवं उभरते क्षेत्रों में नौकरियों के लिए अधिक आवेदन मांगे गए। फाउंडइट (पूर्व में मॉन्स्टर) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शेखर गरिसा ने कहा, ‘‘मौजूदा वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं ने कारोबार के लिए चुनौतीपूर्ण वातावरण पैदा कर दिया है और इसकी वजह से उन्हें तेजी से बदलते माहौल के अनुरूप खुद को ढालना पड़ रहा है। भले ही ऑनलाइन भर्तियों में कमी आई है लेकिन युवाओं के लिए उभरते क्षेत्रों में रोजगार के तमाम मौके उपलब्ध हैं।'' उन्होंने कहा कि भारतीय स्टार्टअप परिवेश में बदलाव आया है और यह मौजूदा रोजगार बाजार के बावजूद नई भर्तियों की मंशा दिखा रहा है। रिपोर्ट कहती है कि स्टार्टअप में से शिक्षण-प्रौद्योगिकी भर्तियां कर रहे शीर्ष पांच उद्योगों में शामिल है लेकिन पिछले साल की तुलना में हिस्सेदारी कम हुई है। इसके अलावा बैंकिंग एवं वित्तीय सेवा और वित्तीय प्रौद्योगिकी, मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र में भी भर्तियां हुईं। दूसरी तरफ स्वास्थ्य देखभाल और बीपीओ स्टार्टअप ने अप्रैल, 2022 की तुलना में कम भर्तियां कीं। ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया में बड़े शहरों के अलावा छोटी जगहों की भी हिस्सेदारी देखी गई। इनमें बेंगलुरु 33 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ स्टार्टअप नौकरियों के मामले में सबसे आगे रहा।
-
नई दिल्ली। विदेशी पूंजी प्रवाह (foreign capital inflow) जारी रहने तथा सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक में लिवाली से बाजार बढ़त में रहा। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 178.87 अंक यानी 0.29 प्रतिशत चढ़कर 61,940.20 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 61,974.35 अंक तक गया और नीचे में 61,572.93 अंक तक आया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 49.15 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 18,315.10 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में इंडसइंड बैंक, पावर ग्रिड, टाटा मोटर्स, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, नेस्ले और कोटक महिंद्रा बैंक प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में इन्फोसिस, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा स्टील, हिंदुस्तान यूनिलीवर और टाइटन शामिल हैं। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार मंगलवार को नुकसान में बंद हुए थे। मेहता इक्विटीज लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रशांत तापसे ने कहा, ‘‘अमेरिका में जारी होने वाले मुद्रास्फीति के आंकड़े पर नजर होगी। इससे अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर को लेकर आगे के रुख का पता चलेगा।’’ इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.36 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक मंगलवार को शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने 1,942.19 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

.jpg)
.jpg)

.jpg)




.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)



.jpg)
.jpg)



.jpg)


.jpg)
