- Home
- बिजनेस
-
नयी दिल्ली. वाहन कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने बोलेरो मैक्स पिक-अप की नई श्रृंखला पेश की है। कंपनी ने मंगलवार नयी दिल्ली में एक कार्यक्रम में बोलेरो पिक-अप की नई श्रृंखला के तहत आठ नए वाहन पेश किए। इस श्रृंखला में वाहनों की शुरुआती कीमत 7.85 लाख रुपये है। इस श्रृंखला में वाहन दो खंडों- एचडी और सिटी में पेश किए गए हैं। एचडी में एचडी 2.0 एल, 1.7 एल और 1.7, 1.3 वाहन हैं जबकि सिटी खंड में सिटी 1.3, 1.4, 1.5 और सिटी सीएनजी वाहन हैं। महिंद्रा एंड महिंद्रा के ऑटोमोटिव खंड के अध्यक्ष विजय नाकरा ने कहा, “भारत सरकार की ‘मेक इन इंडिया' पहल के प्रति समर्पित कंपनी के तौर पर हम न सिर्फ ग्राहक केंद्रित बल्कि देश की आर्थिक वृद्धि के लिए उत्पाद बनाते हैं।” उन्होंने बताया कि नई श्रृंखला में वीएक्सआई खंड अत्याधुनिक आईमैक्स तकनीक से लैस है, जिसमें 50 से ज्यादा ‘फीचर्स' हैं, जिन्हें मोबाइल ऐप से संचालित किया जा सकता है। छह भाषाओं में संचालित आईमैक्स से वाहन की निगरानी करने, रास्ता पता करने, खर्च प्रबंधन आदि में मदद मिलेगी।
- -
नयी दिल्ली. टाटा स्टील ने सोमवार को कहा कि उसने जमशेदपुर स्थित अपने संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस में हाइड्रोजन गैस का परीक्षण शुरू कर दिया है। कंपनी के जमशेदपुर स्थित संयंत्र में छह ब्लास्ट फर्नेस हैं। कंपनी ने एक बयान में कहा, ''टाटा स्टील ने जमशेदपुर में 'ई' ब्लास्ट फर्नेस में 40 प्रतिशत अंतक्षेपण (इंजेक्शन) प्रणाली का उपयोग करके हाइड्रोजन गैस के अंतक्षेपण का परीक्षण शुरू किया है। यह दुनिया में पहली बार है कि ब्लास्ट फर्नेस में इतनी बड़ी मात्रा में हाइड्रोजन गैस को लगातार अंतक्षेपित किया जा रहा है।'' यह परीक्षण 23 अप्रैल को शुरू हुआ और इसके लगातार 4-5 दिनों तक जारी रहने की उम्मीद है।
बयान में कहा गया कि हरित ईंधन से ब्लास्ट फर्नेस को चलाने से जीवाश्म ईंधन की खपत घटेगी और कार्बन उत्सर्जन कम होगा। -
नयी दिल्ली. देश की प्रमुख कार विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) ने सोमवार को घरेलू बाजार में अपनी नयी कॉम्पैक्ट एसयूवी ‘फ्रोंक्स' को पेश किया। इसकी दिल्ली में शोरूम कीमत 7.46 लाख रुपये से 13.13 लाख रुपये के बीच है। फोंक्स को 1.2-लीटर पेट्रोल और एक लीटर टर्बो बूस्टरजेट इंजन विकल्पों के साथ पेश किया गया है। इस मॉडल के 1.2 लीटर संस्करण की कीमत 7.46 लाख रुपये से 9.27 लाख रुपये के बीच है।
एक लीटर टर्बो बूस्टरजेट इंजन संस्करण की दिल्ली में शोरूम कीमत 9.72 लाख रुपये से 13.13 लाख रुपये के बीच है। एमएसआई ने इस साल की शुरुआत में ‘वाहन प्रदर्शनी-2023' में फ्रोंक्स का वैश्विक स्तर पर अनावरण किया था। एमएसआई के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हिसाशी ताकेउची ने बयान में कहा कि कंपनी को ग्राहकों और उद्योग के रुझानों की विविध जरूरतों को समझने में सबसे आगे रहने पर गर्व है। उन्होंने कहा, ‘‘ब्रेजा के साथ हमारी सफलता इस प्रतिबद्धता का एक प्रमाण है। एसयूवी के प्रति ग्राहकों की प्राथमिकताओं में तेजी से बदलाव के साथ हमने उद्योग में एक नए उप-खंड की शुरुआत को पहचाना है।'' ताकेउची ने कहा, ‘‘फ्रोंक्स की पेशकश इस श्रेणी के विकास को आगे बढ़ाने की दिशा में हमारे नए दृष्टिकोण का हिस्सा है।'' -
मुंबई. भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने विभिन्न मानदंडों का उल्लंघन करने के लिए चार सहकारी बैंकों पर 44 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इनमें चेन्नई स्थित तमिलनाडु स्टेट एपेक्स को-ऑपरेटिव बैंक पर 16 लाख रुपये जुर्माना लगा है। आरबीआई ने सोमवार को जारी विज्ञप्ति में कहा, बॉम्बे मर्केंटाइल को-ऑपरेटिव बैंक पर 13 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है क्योंकि यह निर्धारित अवधि के भीतर जमाकर्ता शिक्षा और जागरूकता कोष (डीईएएफ) में पात्र राशि को स्थानांतरित करने में विफल रहा और उसे देरी से स्थानांतरित किया गया। बैंक ने एक अन्य विज्ञप्ति में कहा, पुणे स्थित जनता सहकारी बैंक पर ‘जमा पर ब्याज दर' के निर्देशों का पालन नहीं करने पर 13 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। तमिलनाडु स्टेट एपेक्स को-ऑपरेटिव बैंक पर जुर्माना लगाया गया है क्योंकि यह निर्धारित अवधि के भीतर पात्र राशि को जमाकर्ता शिक्षा और जागरूकता कोष में स्थानांतरित करने में विफल रहा। यह निर्धारित समयसीमा के भीतर धोखाधड़ी की सूचना नाबार्ड को देने में भी विफल रहा और देरी से इसकी सूचना दी। कुछ मानदंडों के उल्लंघन के लिए राजस्थान के बारां स्थित बारां नागरिक सहकारी बैंक पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
- नयी दिल्ली. सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का पिछले वित्त वर्ष 2022-23 में कुल प्रीमियम 17 प्रतिशत बढ़कर 2.32 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी एलआईसी ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी। वित्त वर्ष 2021-22 में एलआईसी का कुल प्रीमियम संग्रह 1.99 लाख करोड़ रुपये रहा था। बीमा प्रीमियम के संग्रह के मामले में एलआईसी मार्च 2023 के अंत में 62.58 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ देश की अव्वल बीमा कंपनी रही। जीवन बीमा परिषद के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष के अंतिम महीने मार्च में निजी बीमा कंपनियों के प्रीमियम संग्रह में भी खासा उछाल दर्ज किया गया है। सूचीबद्ध बीमा कंपनियों में से एलआईसी की समाप्त वित्त वर्ष में प्रीमियम वृद्धि दर एचडीएफसी लाइफ (18.83 प्रतिशत) के बाद दूसरे स्थान पर रही। एसबीआई लाइफ और आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस की प्रीमियम वृद्धि दर क्रमशः 16.22 प्रतिशत और 12.55 प्रतिशत रही। मार्च, 2023 में एलआईसी का व्यक्तिगत खंड में प्रीमियम संग्रह 10,000 करोड़ रुपये से अधिक रहा जो सभी जीवन बीमा कंपनियों में सर्वाधिक है।
- मुंबई. भारत में इस वर्ष 90 प्रतिशत कर्मियों को अपने वेतन में बढ़ोतरी की उम्मीद है। सोमवार को जारी की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। एडीपी रिसर्च इंस्टिट्यूट की ‘पीपल एट वर्क 2023: ए ग्लोबल वर्कफोर्स व्यू' रिपोर्ट में बताया गया, “भारत में, 90 प्रतिशत कर्मचारियों ने इस साल वेतनवृद्धि की उम्मीद जताई है। इस सर्वे में शामिल लगभग 20 प्रतिशत कर्मचारी चार-छह प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं, वहीं 19 प्रतिशत कर्मी 10-12 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं।” रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 78 प्रतिशत कर्मियों की पिछले वर्ष औसतन चार-छह प्रतिशत वेतन वृद्धि हुई थी। यह रिपोर्ट 17 देशों के 32,000 कर्मियों के सर्वे पर आधारित है। इनमें भारत के 2,000 कर्मी शामिल हैं।
-
नयी दिल्ली. सरकार की गेहूं खरीद चालू विपणन वर्ष 2023-24 (अप्रैल-मार्च) में अबतक 12 प्रतिशत बढ़कर 111 लाख टन हो गई है। साल भर पहले की समान अवधि में यह 99 लाख टन रही थी। खाद्य मंत्रालय के आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। खाद्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘गेहूं की खरीद का काम सुचारू ढंग से चल रहा है।'
अधिकारी ने कहा कि खरीद प्रक्रिया से अबतक लगभग 11,89,237 किसान लाभान्वित हुए हैं और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के मद पर 23,663.63 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। हाल ही में बेमौसम बारिश के कारण कुछ प्रमुख उत्पादक राज्यों में गेहूं की फसल प्रभावित हुई थी और केंद्र ने पांच राज्यों - मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में गेहूं की खरीद के लिए गुणवत्ता मानदंडों में ढील दी है। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) राष्ट्रीय नोडल एजेंसी है जो राज्य एजेंसियों के साथ मिलकर न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद करती है। खरीद न केवल किसानों के हितों की रक्षा के लिए की जाती है बल्कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लिए उपयोग किए जाने वाले बफर स्टॉक को बनाए रखने के लिए भी की जाती है। सरकार ने विपणन वर्ष 2023-24 के लिए 3.42 करोड़ टन का खरीद लक्ष्य निर्धारित किया है, जबकि वर्ष 2022-23 में 1.9 करोड़ टन की वास्तविक खरीद की गई थी। पिछले साल गर्मी की लू के कारण घरेलू गेहूं उत्पादन में गिरावट के कारण गेहूं की खरीद में कमी आई थी।
हालांकि, इस साल गेहूं का उत्पादन रिकॉर्ड 11 करोड़ 21.8 लाख टन रहने का अनुमान है और सरकार को हाल की बेमौसम बारिश के प्रभाव के बावजूद इस लक्ष्य को हासिल करने का भरोसा है।
- -
नयी दिल्ली. वैश्विक बाजारों में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में गिरावट के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने का भाव 345 रुपये के नुकसान के साथ 60,065 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 60,410 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था।
चांदी की कीमत भी 675 रुपये की गिरावट के साथ 74,400 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि दिल्ली में सोने की हाजिर कीमत 345 रुपये की गिरावट के साथ 60,065 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई।'' अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना गिरावट के साथ 1,982 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी भी घटकर 24.95 डॉलर प्रति औंस पर रही। सोमवार को एशियाई कारोबार के घंटों में सोने की कीमतों में गिरावट रही। -
नई दिल्ली। प्रमुख कंपनियों के तिमाही नतीजे अच्छे रहने और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने से निवेशकों की धारणा सुधरने के कारण सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार गुलजार रहे। आज के कारोबार में सेंसेक्स 401 अंकों की उछाल के साथ फिर से 60 हजारी हो गया। वहीं, निफ्टी (Nifty) में 119.35 अंकों की जबरदस्त तेजी दर्ज की गई और कारोबार के अंत में निफ्टी 17,743.40 पर बंद हुआ।
BSE का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 401.04 अंक यानी 0.67 फीसदी मजबूत होकर 60,056.10 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 60,101.64 की ऊंचाई तक गया और नीचे में 59,620.11 तक आया। वहीं, दूसरी तरफ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के निफ्टी में 119.35 अंकों की जबरदस्त तेजी देखी गई। निफ्टी कारोबार के अंत में 17,743.40 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 17,754.50 की उंचाई तक गया और नीचे में 17,612.50 तक आया।आज के कारोबार में सेंसेक्स के शेयरों में 23 शेयर हरे निशान पर बंद हुए। विप्रो, ICICI, एक्सिस बैंक, टाइटन और SBI सेंसेक्स के टॉप 5 गेनर्स रहे। सबसे ज्यादा मुनाफा विप्रो के शेयरों को हुआ। इसके शेयर करीब 2.69 फीसदी तक चढ़े।वहीं, दूसरी तरफ सेंसेक्स के शेयरों में 7 शेयर लाल निशान पर बंद हुए। इंडसइंड बैंक, सन फार्मा, मारुति, भारती एयरटेल और महिंद्रा एंड महिंद्रा सेंसेक्स के टॉप 5 लूजर्स रहे। सबसे ज्यादा नुकसान इंडसइंड बैंक के शेयरों को हुआ। इसके शेयर करीब 1.24 फीसदी तक गिर गए। एशिया के अन्य बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला। जापान का निक्की बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि चीन के शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग के हैंगसेंग में गिरावट रही। यूरोपीय बाजार भी दोपहर के सत्र में गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। पिछले सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में मिला-जुला रुख देखा गया था। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.21 फीसदी की गिरावट के साथ 81.49 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) का बिकवाली का रुख जारी रहा। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने शुक्रवार को 2,116.76 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। -
नई दिल्ली। देश की प्रमुख कार विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) ने सोमवार को घरेलू बाजार में अपनी नयी कॉम्पैक्ट एसयूवी ‘फ्रोंक्स’ को पेश किया। इसकी दिल्ली में शोरूम कीमत 7.46 लाख रुपये से 13.13 लाख रुपये के बीच है।‘फ्रोंक्स’ को 1.2-लीटर पेट्रोल और एक लीटर टर्बो बूस्टरजेट इंजन विकल्पों के साथ पेश किया गया है। इस मॉडल के 1.2 लीटर संस्करण की कीमत 7.46 लाख रुपये से 9.27 लाख रुपये के बीच है। एक लीटर टर्बो बूस्टरजेट इंजन संस्करण की दिल्ली में शोरूम कीमत 9.72 लाख रुपये से 13.13 लाख रुपये के बीच है। एमएसआई ने इस साल की शुरुआत में ‘वाहन प्रदर्शनी-2023’ में फ्रोंक्स का वैश्विक स्तर पर अनावरण किया था।
एमएसआई के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हिसाशी ताकेउची ने बयान में कहा कि कंपनी को ग्राहकों और उद्योग के रुझानों की विविध जरूरतों को समझने में सबसे आगे रहने पर गर्व है।उन्होंने कहा, ‘‘ब्रेजा के साथ हमारी सफलता इस प्रतिबद्धता का एक प्रमाण है। एसयूवी के प्रति ग्राहकों की प्राथमिकताओं में तेजी से बदलाव के साथ हमने उद्योग में एक नए उप-खंड की शुरुआत को पहचाना है।’’ताकेउची ने कहा, ‘‘फ्रोंक्स की पेशकश इस श्रेणी के विकास को आगे बढ़ाने की दिशा में हमारे नए दृष्टिकोण का हिस्सा है।’’ -
नई दिल्ली। विश्व बैंक के लॉजिस्टिक्स परफोर्मेन्स इन्डेक्स में भारत 38वें स्थान पर पहुंच गया है। वर्ष 2014 में भारत इस सूची में 54-वें स्थान पर था। प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे उत्साहजनक बताया है। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा कि सरकार द्वारा किये जा रहे सुधारों और माल भंडारण तथा परिवहन के बुनियादी ढांचे में सुधार से लागत कम होगी और देश का कारोबार अधिक प्रतिस्पर्धी होगा।
-
नई दिल्ली। भारतीय-अमेरिकी कारोबारी दिग्गज अजय बंगा असाधारण उम्मीदवार हैं और वह बेहद नाजुक दौर में विश्व बैंक का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
अमेरिका ने बंगा के बारे में यह राय देते हुए कहा कि विश्व बैंक औपचारिक रूप से अपने अध्यक्ष के रूप में उनकी नियुक्ति की घोषणा करने की योजना बना रहा है।अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने फरवरी में कहा था कि उनका देश बंगा को विश्व बैंक का नेतृत्व करने के लिए नामित करेगा। विश्व बैंक ने 31 मार्च को अपने अगले अध्यक्ष पद के लिए नामांकन बंद कर दिया था।वैश्विक वित्तीय संस्थान ने कहा कि बंगा इस पद के लिए एकमात्र आवेदक हैं। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रधान उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, ”वह (बंगा) ऐसे नाजुक दौर में विश्व बैंक का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और वह एक असाधारण उम्मीदवार हैं।”पटेल ने कहा, ”उनके नेतृत्व कौशल, प्रबंधन के अनुभव और वित्तीय क्षेत्र में उनके अनुभव से अत्यधिक गरीबी को दूर करने और खुशहाली लाने के विश्व बैंक के उद्देश्यों को हासिल करने में मदद मिलेगी।”बंगा मास्टरकार्ड के प्रमुख रह चुके हैं और इस समय जनरल अटलांटिक में वाइस चेयरमैन के रूप में कार्यरत हैं। विश्व बैंक के नए प्रमुख को मई की शुरुआत तक चुने जाने की उम्मीद है। -
मुंबई. विश्लेषकों का मानना है कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) इस वर्ष नीतिगत दरों में कोई बदलाव न करने का रुख कायम रख सकता है और वर्ष 2024 की शुरुआत में दरों में कटौती भी की जा सकती है। इस महीने की शुरुआत में आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) ने दरों में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला कर तमाम विश्लेषकों को चौंका दिया था। इस नीतिगत समीक्षा बैठक के हाल में जारी ब्योरे को देखते हुए विशेषज्ञों को लगता है कि मुद्रास्फीति में नरमी आने के साथ दरों में कटौती भी शुरू हो जाएगी। केंद्रीय बैंक ने इस महीने की शुरुआत में पेश मौद्रिक नीति समीक्षा में नीतिगत दर रेपो को 6.5 प्रतिशत पर बरकरार रखा था। इससे पहले, आरबीआई ने मुद्रास्फीति को काबू में लाने के लिये पिछले साल मई से लेकर कुल छह बार में रेपो दर में 2.50 प्रतिशत की वृद्धि की थी। विदेशी ब्रोकरेज कंपनी एचएसबीसी के अर्थशास्त्रियों ने कहा, ‘‘हमारा अनुमान है कि आरबीआई 2023 में भी दरों में कोई परिवर्तन नहीं करेगा और मार्च 2024 में खत्म होने वाली तिमाही में दरों में 0.25 प्रतिशत की कटौती कर सकता है।'' इस बयान में कहा गया कि चार प्रतिशत मुद्रास्फीति का लक्ष्य तो निकट भविष्य के लिए रखा ही नहीं गया है और आरबीआई इसे कमजोर वृद्धि की कीमत पर प्राप्त भी नहीं करना चाहेगा। घरेलू ब्रोकरेज कंपनी कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने कहा कि एमपीसी की अप्रैल बैठक के ब्योरे से मुद्रास्फीति परिदृश्य को लेकर सदस्यों की चिंता झलकती है। इसके अलावा 2023-24 में दरों में लंबे समय तक कोई बदलाव नहीं किए जाने का अनुमान है क्योंकि मुद्रास्फीति पांच प्रतिशत से ऊपर ही बनी रहने वाली है। जापान की ब्रोकरेज कंपनी नोमुरा ने अनुमान जताया है कि अक्टूबर से दरों में कटौती हो सकती है।
- नयी दिल्ली ।मारुति सुजुकी इंडिया ने शुक्रवार को कहा कि वह बलेनो आरएस मॉडल की 7,213 इकाइयों को वापस मंगा रही है। कंपनी को आशंका है कि इस कार के वैक्यूम पंप (ब्रेक फंक्शन में मदद देने वाला पुर्जा) में खामी है। कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया कि 27 अक्टूबर 2016 से एक नवंबर 2019 के बीच विनिर्मित इस मॉडल के वाहनों को वापस लिया जाएगा।मारुति सुजुकी इंडिया ने कहा, ‘‘ऐसी आशंका है कि ब्रेक फंक्शन में मदद करने वाला वैक्यूम पंप में संभवत: खराबी है। प्रभावित वाहन में ब्रेक पैडल को दबाने में मुश्किल भी आ सकती है।’’ कंपनी ने कहा कि प्रभावित वाहनों के मालिकों को मारुति सुजुकी की अधिकृत डीलर कार्यशालाओं से खराब कलपुर्जों को बदलने के बारे में जानकारी मिलेगी। इन्हें नि:शुल्क बदला जाएगा।कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि वह 24 जून 2022 से सात जुलाई 2022 के बीच विनिर्मित अर्टिगा और एक्सएल6 मॉडल के 676 वाहनों के लिए सर्विस अभियान भी चलाएगी, उसमें भी आगे के ड्राइवशाफ्ट में खामी होने की आशंका है। इस वर्ष जनवरी में कंपनी ने आल्टो के10, एस-प्रेसो, इको, ब्रेजा, बलेनो और ग्रांड विटारा में एयरबैग कंट्रोलर में खामी की वजह से 17,362 इकाइयां वापस ली थीं।
- मुंबई। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 14 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में 1.65 अरब डॉलर बढ़कर 586.41 अरब डॉलर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। विदेशीमुद्रा भंडार में लगातार दूसरे सप्ताह तेजी रही है। इससे पिछले सप्ताह, देश का विदेशी मुद्रा भंडार 6.30 अरब डॉलर बढ़कर 584.75 अरब डॉलर हो गया था। रिजर्व बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, 14 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में, मुद्राभंडार का अहम हिस्सा, विदेशीमुद्रा आस्तियां 4.20 अरब डॉलर बढ़कर 516.63 अरब डॉलर हो गयी।डॉलर में अभिव्यक्त किये की जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसे गैर-अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।रिजर्व बैंक ने कहा कि स्वर्ण भंडार का मूल्य आलोच्य सप्ताह में 52.1 करोड़ डॉलर घटकर 46.125 अरब डॉलर रह गया।आंकड़ों के अनुसार, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) भी 3.8 करोड़ डॉलर घटकर 18.412 अरब डॉलर रह गया। समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में रखा देश का मुद्रा भंडार 1.2 करोड़ डॉलर बढ़कर 5.19 अरब डॉलर रहा।
-
नई दिल्ली। देश की अग्रणी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) का पिछले वित्त वर्ष की मार्च तिमाही में शुद्ध लाभ 19 फीसदी बढ़कर 19,299 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का यह अब तक का सर्वाधिक तिमाही लाभ है।
रिलायंस ने शुक्रवार शाम को जनवरी-मार्च 2023 तिमाही के वित्तीय नतीजों की सूचना शेयर बाजारों को भेजी। इसके मुताबिक, एक साल पहले की समान तिमाही में उसने 16,203 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था। रिलायंस इंडस्ट्रीज का वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी एवं अंतिम तिमाही में परिचालन राजस्व भी एक साल पहले के 2.11 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2.16 लाख करोड़ रुपये हो गया। समूचे वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी का शुद्ध लाभ 66,702 करोड़ रुपये जबकि कुल राजस्व लगभग नौ लाख करोड़ रुपये रहा। -
नई दिल्ली। कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने का भाव 430 रुपये टूटकर 60,550 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी।
पिछले कारोबारी सत्र में सोना 60,980 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी 670 रुपये की गिरावट के साथ 75,080 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि अक्षय तृतीया पर खुदरा मांग में सुधार होने की संभावना है। इस दिन कीमती सामान और सोना खरीदने का शुभ दिन माना जाता है। अक्षय तृतीया शनिवार को है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना गिरावट के साथ 1,988 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी भी घटकर 25.12 डॉलर प्रति औंस पर रही। -
नई दिल्ली। बीएसई में सूचीबद्ध वेदांत लिमिटेड ने अपनी सहायक हिंदुस्तान जिंक की 2.44 फीसदी यानी करीब 3,500 करोड़ की और हिस्सेदारी गिरवी रख दी है, जो 10,000 करोड़ रुपये के पुराने कर्ज के वित्त पोषण की उसकी योजना का हिस्सा है। आज गिरवी रखे गए शेयरों को मिलाकर वेदांत ने खनन कंपनी की अपनी 65 फीसदी हिस्सेदारी का 91 फीसदी हिस्सा गिरवी रख दिया है।
वेदांत लिमिटेड की लंदन स्थित होल्डिंग कंपनी वेदांत रिसोर्सेस को इस साल जून में लेनदारों को 1 अरब डॉलर चुकाना है और अतिरिक्त शेयर गिरवी रखे जाने का मामला समय सीमा से पहले रकम जुटाने की समूह की कोशिश का हिस्सा है। वेदांत समूह 1.25 अरब डॉलर जुटाने के लिए फारलॉन समूह के साथ बातचीत कर रहा है।गुरुवार को हिंदुस्तान जिंक का बाजार पूंजीकरण (mcap) 1.38 लाख करोड़ रुपये रहा और शेयर 327 रुपये पर बंद हुए। दूसरी ओर वेदांत का शेयर 279 रुपये पर बंद हुआ और बाजार पूंजीकरण 1.3 लाख करोड़ रुपये रहा। 13 अप्रैल को वेदांत ने गैर-परिवर्तनीय बॉन्ड के निजी नियोजन से 2,100 करोड़ रुपये जुटाने की घोषणा की थी।वेदांत समूह इससे पहले अपनी भारतीय सहायक से कर्ज पर कॉरपोरेट गारंटी की इजाजत भारतीय रिजर्व बैंक से मांगी थी। एक बैंकर ने कहा, समूह कर्ज चुकाने के लिए कई विकल्पों पर विचार कर रहा है और दो साल में उसने 2 अरब डॉलर चुका दिए हैं। मई के आखिर में 90 करोड़ डॉलर कर्ज का भुगतान होना है, जिसका भुगतान करने में वह सक्षम होगा।रेटिंग एजेंसी क्रिसिल के मुताबिक, वेदांत रिसोर्सेस का 2023-24 व 2024-25 में करीब 3-3 अरब डॉलर का कर्ज परिपक्व होगा और 2023-24 की पहली तिमाही में उसे 1.7 अरब डॉलर का कर्ज चुकाना है। इन कर्जों के बदले नए कर्ज लिए जाने की संभावना है और लेनदारों से इस संबंध में बातचीत हो रही है। - नयी दिल्ली. देश में बीते नौ वर्षों में रिकॉर्ड 17 करोड़ नए एलपीजी (रसोई गैस) कनेक्शन दिए गए हैं। इसके साथ ही देश में रसोई गैस उपभोक्ताओं की संख्या दोगुना होकर 31.26 करोड़ हो गई है। अब देश के लाखों परिवारों में स्वच्छ ईंधन का उपयोग होने लगा है। बृहस्पतिवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों में बताया गया कि सक्रिय घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं की संख्या अप्रैल, 2014 में 14.52 करोड़ थी, जो मार्च, 2023 में बढ़कर 31.36 हो गई। उपभोक्ताओं की संख्या में यह उल्लेखनीय वृद्धि मुख्य रूप से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) की वजह से है। इस योजना के चलते एलपीजी का दायरा 2016 के 62 प्रतिशत से बढ़कर 2022 में 104.1 प्रतिशत हो गया। एक समय था जब नए एलपीजी कनेक्शन के लिए इंतजार करना पड़ता था, एलपीजी सिलेंडर सात से दस दिन में मिलता था। वहीं अब रसोई गैस का कनेक्शन जब जरूरत हो तब मिल जाता है तथा ज्यादातर स्थानों पर सिलेंडर भी एक दिन के भीतर आ जाता है। ऐसे उपभोक्ता जिनकी जरूरत कम है या खरीद क्षमता कमजोर है उनके लिए सरकारी विक्रेताओं ने पांच किलोग्राम का सिलेंडर भी उतारा है, जो परंपरागत 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर से अतिरिक्त है। हर गरीब परिवार को रसोई गैस का नि:शुल्क कनेक्शन देने के लक्ष्य के साथ पीएमयूवाई की शुरुआत एक मई, 2016 को हुई थी और 30 जनवरी, 2023 तक इस योजना के तहत जारी कनेक्शन की संख्या 9.58 करोड़ पर पहुंच गई। बाकी बचे परिवारों को पीएमयूवाई के तहत लाने के लिए उज्ज्वला 2.0 की शुरुआत 10 अगस्त, 2021 को की गई थी, जिसका लक्ष्य अतिरिक्त एक करोड़ एलपीजी कनेक्शन देना था। यह लक्ष्य 31 जनवरी, 2022 को प्राप्त हो गया और बड़ी संख्या में आवेदनों को देखते हुए सरकार ने इसके तहत 60 लाख और कनेक्शन देने का फैसला लिया।
- नयी दिल्ली. आतिथ्य क्षेत्र की प्रौद्योगिकी कंपनी ओयो ने बृहस्पतिवार को कहा कि अयोध्या विकास प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के सहयोग से वह 2023 में अयोध्या में 50 नई संपत्तियां जोड़ेगी। कंपनी ने एक बयान में बताया कि इन 50 नई संपत्तियों में से 25 होमस्टे होंगी जिनका संचालन आवास स्वामी करेंगे जबकि 25 छोटे और मध्यम आकार वाले होटल होंगे जिनमें दस से 20 कमरे होंगे। मौजूदा समय में अयोध्या में ओयो की पांच संपत्तियां हैं।कंपनी ने बताया कि अयोध्या में अपनी विस्तार योजना के लिए वह अयोध्या विकास प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के साथ मिलकर काम कर रही है। ओयो के मुख्य व्यापार अधिकारी अनुज तेजपाल ने कहा कि सरकार की महत्वपूर्ण जरूरतों और चिंताओं को समझने के लिए कई दौर की बैठक की गई और उसके बाद कंपनी ने नई विस्तार योजना बनाई है। तेजपाल ने बताया, ‘‘हमने होमस्टे को अपने साथ जोड़ना शुरू कर दिया है। भारत के प्रमुख धार्मिक क्षेत्रों में ओयो के विस्तार की हमारी योजना में अयोध्या शीर्ष पर है।'' कंपनी ने कहा कि बीते कुछ वर्षों से अयोध्या में आने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 2022 में यहां 2.20 करोड़ से अधिक पर्यटक आए थे। 2019 में यह संख्या दो करोड़ और 2017 में लगभग 1.5 करोड़ थी।
- नयी दिल्ली । देश की सबसे बड़ी दूरसंचार सेवा प्रदाता रिलायंस जियो ने अपनी प्रतिद्वंद्वी भारती एयरटेल की तुलना में चार गुना अधिक स्थानों पर 5जी उपकरण (साइट) स्थापित किए हैं। दूरसंचार विभाग की तरफ से जारी आंकड़ों से पता चलता है कि जियो ने 82,509 स्थानों पर 5जी उपकरण लगाए हैं, जबकि एयरटेल ने तीन मार्च, 2023 तक देशभर में 19,142 जगहों पर 5जी सेवाओं के लिए उपकरण लगाए हैं। दूरसंचार विभाग ने दूरसंचार परियोजनाओं एवं ढांचागत स्थिति पर जारी मासिक रिपोर्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों देश में 5जी सेवाओं का उद्घाटन होने के बाद से दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियां लगातार 5जी सेवाओं का विस्तार कर रही हैं। इसके लिए जरूरी ढांचा भी चरणबद्ध ढंग से खड़ा किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने गत एक अक्टूबर को 5जी सेवाओं का उद्घाटन किया था। उसके बाद से छह महीनों के भीतर देश के 410 जिलों में 5जी सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं। दिल्ली में सबसे ज्यादा 13,094 जगहों पर 5जी सेवाओं के लिए उपकरण लगाए गए हैं। तमिलनाडु, गुजरात, महाराष्ट्र एवं मुंबई में भी 7,000-8,900 स्थानों पर नवीनतम दूरसंचार सेवाओं के लिए उपकरण लगाए गए हैं।
- नयी दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास 22 मई को देश के सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के निदेशक मंडल के साथ बैठक कर कामकाज के संचालन एवं नैतिकता संबंधी मुद्दों पर चर्चा करेंगे। सूत्रों ने बताया कि आरबीआई के पर्यवेक्षण विभाग की ओर से आयोजित होने वाली एक दिन की बैठक दिल्ली में होगी। दास पूर्णकालिक और स्वतंत्र, दोनों निदेशकों के साथ प्रशासन, नैतिकता और बैंकों के कामकाज में बोर्ड की भूमिका पर चर्चा करेंगे। सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को भेजे पत्र के अनुसार, बैठक में गवर्नर के अलावा, डिप्टी गवर्नर, नियमन विभाग और पर्यवेक्षण के कार्यपालक निदेशक भी शामिल होंगे।
-
मुंबई. सोने की कीमतों में पिछले कुछ महीनों में आए उछाल का असर अक्षय तृतीया के त्योहार पर होने वाली गहनों की बिक्री पर देखने को मिल सकता है। आभूषण विक्रेताओं ने इस बार अक्षय तृतीया पर बिक्री में 20 प्रतिशत तक गिरावट आने की आशंका जताई है। सोना इस समय देश के अधिकांश हिस्सों में 60,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर मिल रहा है। ऐसी स्थिति में लोग बेहद जरूरी होने पर ही सोना खरीदना पसंद कर रहे हैं। इसका असर अक्षय तृतीया पर महंगे आभूषणों की होने वाली परंपरागत खरीद पर पड़ सकता है। अक्षय तृतीया को सोने के गहनों एवं सिक्कों की खरीद के लिए शुभ माना जाता है। इस दिन लोग अपने सामर्थ्य के अनुरूप छोटे-बड़े आभूषण या सिक्के खरीदने की कोशिश करते हैं। लेकिन पिछले चार महीनों में सोने के दाम में आया उछाल इस बार उन्हें मायूस कर सकता है। अखिल भारतीय रत्न एवं आभूषण परिषद (जीजेसी) के चेयरमैन संयम मेहरा ने कहा कि सोने के भाव हाल ही में 60,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचने से ग्राहकों का बड़ा तबका आशंकित हो गया है। मेहरा ने कहा, ‘‘हालांकि, कुछ दिन से दाम थोड़े गिरे हैं लेकिन ये अब भी ऊंचे हैं। इसका असर अक्षय तृतीया पर होने वाली बिक्री पर पड़ेगा। हमारा अनुमान है कि बिक्री पिछले साल की तुलना में 20 प्रतिशत घट सकती है।'' सोने का मौजूदा भाव करीब 60,280 रुपये प्रति दस ग्राम है। उन्होंने कहा कि अक्षय तृतीया पर होने वाले कुल कारोबार में दक्षिण भारतीय राज्यों की हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत होती है जबकि पश्चिमी भारत की हिस्सेदारी 25 प्रतिशत रहती है। इस खरीदारी में पूर्वी भारत का हिस्सा 20 प्रतिशत और उत्तर भारत का हिस्सा करीब 15 प्रतिशत रहता है। जीजेसी के पूर्व चेयरमैन एवं एनएसी ज्वेलर्स (चेन्नई) के प्रबंध निदेशक अनंत पद्मनाभन ने भी कुछ इसी तरह की आशंका जताते हुए कहा कि महंगे सोने की मार अक्षय तृतीया पर आने वाली मांग को कम कर सकती है। हालांकि, उन्होंने बिक्री पर इसका असर 10 प्रतिशत ही पड़ने की बात कही है। विश्व स्वर्ण परिषद के क्षेत्रीय मुख्य कार्यपालक अधिकारी सोमसुंदरम पी आर ने कहा कि सोने की खरीद अक्षय तृतीया के अवसर पर करोड़ों भारतीयों के जश्न का अनिवार्य हिस्सा होती है। ऐसे में अगर कीमतों में अच्छी गिरावट होती है तो बिक्री में उछाल आ सकता है। पीएनजी ज्वेलर्स के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक सौरभ गाडगिल का मानना है कि शनिवार को अक्षय तृतीया का त्योहार होने से खरीदारों के पास सप्ताहांत पर खरीदारी का मौका होगा। उन्होंने कहा, ‘‘अगर सोना 60,000 रुपये के भाव पर स्थिर रहता है तो बिक्री 10 प्रतिशत बढ़ सकती है।
-
मुंबई. दुनिया की प्रमुख उपभोक्ता प्रौद्योगिकी कंपनी एप्पल का देश की राजधानी दिल्ली में पहला स्टोर बृहस्पतिवार से खुल गया। इस मौके पर कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टिम कुक ने ग्राहकों का स्वागत किया। दिल्ली में एप्पल का स्टोर साकेत के सेलेक्ट सिटीवॉक मॉल में खुला है। 'एप्पल साकेत' नाम के इस स्टोर का डिजाइन दिल्ली के पुराने दरवाजों से प्रेरित है। हालांकि आकार में यह मुंबई के स्टोर से छोटा है। मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स कारोबारी जिले के एक मॉल में एप्पल का स्टोर मंगलवार को खुला था। सूत्रों ने बताया कि एप्पल साकेत स्टोर आकार में मुंबई के स्टोर का आधा है। साकेत स्टोर में कंपनी की रिटेल टीम में 70 से अधिक सदस्य हैं जो देश के 18 राज्यों से हैं और अलग-अलग भाषाएं बोल सकते हैं। कुक ने अपने दौरे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की है। आईफोन विनिर्माता कंपनी दुनिया के दूसरे सबसे बड़े स्मार्टफोन बाजार में निवेश करने की इच्छुक है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर से भी मुलाकात की है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि कुक ने भारत में कलपुर्जे की आपूर्ति के लिए अपने आधार का विस्तार करने में सरकार से समर्थन देने का अनुरोध किया है।
- मुंबई । दुनिया की प्रमुख उपभोक्ता प्रौद्योगिकी कंपनी एप्पल का देश की राजधानी दिल्ली में पहला स्टोर गुरुवार से खुल गया। इस मौके पर कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टिम कुक ने ग्राहकों का स्वागत किया। दिल्ली में एप्पल का स्टोर साकेत के सेलेक्ट सिटीवॉक मॉल में खुला है। ‘एप्पल साकेत’ नाम के इस स्टोर का डिजाइन दिल्ली के पुराने दरवाजों से प्रेरित है। हालांकि आकार में यह मुंबई के स्टोर से छोटा है। मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स कारोबारी जिले के एक मॉल में एप्पल का स्टोर मंगलवार को खुला था।सूत्रों ने बताया कि एप्पल साकेत स्टोर आकार में मुंबई के स्टोर का आधा है। साकेत स्टोर में कंपनी की रिटेल टीम में 70 से अधिक सदस्य हैं जो देश के 18 राज्यों से हैं और अलग-अलग भाषाएं बोल सकते हैं।कुक ने अपने दौरे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की है। आईफोन विनिर्माता कंपनी दुनिया के दूसरे सबसे बड़े स्मार्टफोन बाजार में निवेश करने की इच्छुक है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर से भी मुलाकात की है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि कुक ने भारत में कलपुर्जे की आपूर्ति के लिए अपने आधार का विस्तार करने में सरकार से समर्थन देने का अनुरोध किया है।



.jpeg)
.jpeg)






.jpg)

.jpg)



.jpg)
.jpeg)


.jpg)




