धान खरीदी में बालोद जिला पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर
अब तक 5,905 किसानों से 20,952.44 मीट्रिक टन धान की खरीदी
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के कुशल नेतृत्व में राजनांदगांव और महासमुंद को पीछे छोड़ बालोद फिर बना अव्वल
बालोद/खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी में बालोद जिले ने अपना शानदार प्रदर्शन बरकरार रखते हुए पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के कुशल नेतृत्व, सतत निगरानी और बेहतर प्रशासनिक प्रबंधन के फलस्वरूप 19 नवंबर 2026 की स्थिति में बालोद जिला प्रदेश के सभी जिलों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष पर काबिज है।
अब तक 5,905 किसानों से 20,952.44 मीट्रिक टन धान का उपार्जन
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 19 नवंबर 2026 तक जिले के 161 धान उपार्जन केंद्रों में कुल 5,905 किसानों से 20,952.44 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इसमें 17,168.68 मीट्रिक टन पतला, 3,325.12 मीट्रिक टन मोटा और 458.64 मीट्रिक टन सरना धान शामिल है। धान खरीदी के मामले में दूसरे स्थान पर रहे राजनांदगांव जिले में 122 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 5,508 किसानों से 20,849.64 मीट्रिक टन तथा तीसरे स्थान पर रहे महासमुंद जिले में 202 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 4,834 किसानों से 19,188.56 मीट्रिक टन धान की खरीदी दर्ज की गई है। तुलनात्मक रूप से बालोद जिला दूसरे स्थान पर रहे राजनांदगांव से 102.80 मीट्रिक टन तथा तीसरे स्थान पर रहे महासमुंद से 1,763.88 मीट्रिक टन अधिक धान की खरीदी कर प्रदेश में आगे बना हुआ है। इसके साथ ही, प्रदेश में अब तक हुई कुल 1,95,659.56 मीट्रिक टन धान खरीदी में अकेले बालोद जिले की हिस्सेदारी लगभग 10.71 प्रतिशत रही है।
धान खरीदी के साथ-साथ सहकारी समितियों के माध्यम से लिंकिंग के जरिए ऋण वसूली में भी बालोद जिला पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। 19 नवंबर तक जिले में 1,789.53 लाख रुपये (17.89 करोड़ रुपये से अधिक) की ऋण वसूली की गई है, जो दूसरे स्थान पर रहे राजनांदगांव जिले की 1,552.38 लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहे महासमुंद जिले की 1,100.35 लाख रुपये की तुलना में सर्वाधिक है।
आगामी खरीदी के लिए भी प्रदेश में सर्वाधिक 1,678 टोकन जारी
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा की सतत निगरानी के परिणामस्वरूप 20 नवंबर को धान खरीदी के लिए भी बालोद जिले के 156 उपार्जन केंद्रों हेतु प्रदेश में सर्वाधिक 1,678 टोकन जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 6,066.26 मीट्रिक टन धान की खरीदी प्रस्तावित है। इसमें ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से 1,150 तथा उपार्जन केंद्रों में समिति स्तर पर 528 टोकन जारी किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्रीमती मिश्रा के निर्देशानुसार जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छाया, पर्याप्त बारदानों की उपलब्धता और इलेक्ट्रॉनिक कांटा-बांट से पारदर्शी तौल व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि अन्नदाताओं को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।









Leave A Comment