टीवी के स्वर्णिम युग को वापस लाने के लिए तैयारी में दूरदर्शन- चाणक्य, शक्तिमान जैसे कई सीरियलों की होगी वापसी
नई दिल्ली। दूरदर्शन ने टेलीविजन पर उसके स्वर्णिम युग को फिर से लौटाकर लॉकडाउन के दौरान घरों में रह रहे लोगों के मनोरंजन की पूरी तैयारी कर ली है। रामायण, महाभारत अैर सर्कस जैसे सीरियलों के बाद दूरदर्शन अपने दौर के लोकप्रिय सीरियल चाणक्य, शक्तिमान जैसे कई धारावाहिकों को वापस लाने की तैयारी कर रहा है। इनका प्रसारण अप्रैल महीने से होगा।
आइये जानें कौन- कौन से सीरियल फिर से लौट रहे हैं -
1. चाणक्य- अप्रैल के पहले सप्ताह से डीडी भारती पर दोपहर में रोजाना चंद्रप्रकाश द्विवेदी द्वारा निर्देशित इस धारावाहिक का प्रसारण शुरू करने की योजना बनाई गई है। इसके 47 एपिसोड का प्रसारण किया जाएगा।
2. उपनिषद गंगा -अप्रैल के पहले सप्ताह से डीडी भारती पर दोपहर के समय चिन्मय मिशन ट्रस्ट द्वारा निर्मित और डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी द्वारा निर्देशित इस धारावाहिक का प्रसारण शुरू किया जाएगा। चैनल पर इसके 52 एपिसोड दिखाने की योजना है।
3. शक्तिमान- डीडी नेशनल नेटवर्क पर अप्रैल से रोजाना दोपहर 1 बजे से एक घंटे के लिए मुकेश खन्ना अभिनीत चर्चित धारावाहिक का प्रसारण शुरू करने की योजना है।
4. श्रीमान श्रीमती -डीडी नेशनल पर अप्रैल से दोपहर 2 बजे से मार्कंड अधिकारी द्वारा निर्मित इस हास्य धारावाहिक का प्रसारण एक बार फिर से शुरू होगा।
5. कृष्णा काली- डीडी नेशनल पर रात 8.30 बजे से रोजाना इस धारावाहिक का प्रसारण शुरू होगा। इसके 18 एपिसोड दिखाए जाने की योजना है।
इससे पहले 28 मार्च से जिन टीवी धारावाहिकों का प्रसारण शुरू हो चुका है, उनके नाम हैं-
1. रामायण- रामानंद सागर द्वारा निर्देशित इस धारावाहिक के 78 एपिसोड (प्रत्येक 35 मिनट का) और 30 एपिसोड (प्रत्येक 30 मिनट का) का प्रसारण रोजाना डीडी नेशनल पर सुबह 9 बजे और रात 9 बजे किया जा रहा है।
2. महाभारत -इस धारावाहिक के 97 एपिसोड (45 मिनट) दोपहर 12 बजे और शाम 7 बजे डीडी भारती पर प्रसारित किए जा रहे हैं।
3. ब्योमकेश बख्शी-इसके 52 एपिसोड पूर्वाह्न 11 बजे रोज एक घंटे के लिए प्रसारित किए जा रहे हैं।
4. सर्कस -शाहरुख खान अभिनीत इस धारावाहिक के 19 एपिसोड शाम को 8 बजे प्रसारित किए जा रहे हैं।
5. हम हैं ना-इसके 60 एपिसोड का प्रसारण डीडी नेशनल नेटवर्क पर रोज रात 10 बजे किया जा रहा है।
6. तू तोता, मैं मैना - इस धारावाहिक के 26 एपिसोड का प्रसारण डीडी नेशनल नेटवर्क पर रोजाना रात 10 बजे से शुरू हो गया है।
अगर दर्शक इच्छित डीडी चैनल नहीं देख पा रहे हैं तो वे इस संबंध में निकट के दूरदर्शन केंद्र के प्रमुख से या ई-मेल [email protected] पर शिकायत कर सकते हैं। इस संबंध में सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा एक पत्र जारी कर दिया गया है।
---
Leave A Comment