ब्रेकिंग न्यूज़

ऐश्वर्या की पहचान उनकी उपलब्धियां हैं, उनका रूप नहीं : माधुरी दीक्षित

नयी दिल्ली. कान फिल्म महोत्सव के रेड कार्पेट पर अपने लुक को लेकर 'ट्रोलिंग' का सामना कर रहीं अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन के समर्थन में माधुरी दीक्षित खुलकर सामने आई हैं। 'देवदास' की अपनी सह-कलाकार की तारीफ करते हुए माधुरी ने कहा कि ऐश्वर्या एक वैश्विक स्तर की कलाकार हैं, जिन्होंने अपनी उपलब्धियों और प्रतिभा के दम पर भारत का नाम दुनिया भर में रोशन किया है। पिछले दो दशकों से अधिक समय से कान फिल्म महोत्सव में नियमित रूप से भाग ले रहीं ऐश्वर्या राय बच्चन को इस वर्ष रेड कार्पेट पर उनकी उपस्थिति के बाद सोशल मीडिया पर 'बॉडी-शेमिंग' (किसी व्यक्ति के शारीरिक रूप, वजन, रंग, कद, शरीर के आकार या बाहरी बनावट का मजाक उड़ाना) और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। उनकी तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने उनके वजन और रूप को लेकर आलोचनाएं कीं। माधुरी दीक्षित ने कहा कि ऐश्वर्या ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए एक शानदार विरासत बनाई है और उनकी उपलब्धियों को नजरअंदाज कर केवल उनके रूप-रंग पर टिप्पणी करना युवाओं के लिए गलत संदेश देता है। उन्होंने कहा, ''वह पिछले 20 वर्षों से वहां जा रही हैं। उन्होंने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। वह एक वैश्विक स्तर की कलाकार हैं। मिस वर्ल्ड बनने के बाद उन्होंने देश के लिए बहुत कुछ किया है।'' माधुरी ने कहा, ''आप किसी व्यक्ति को उसके वजन, कपड़ों या उम्र के आंकड़ों तक सीमित नहीं कर सकते। वह सुंदर हैं और सिर्फ बाहर से ही नहीं, बल्कि दिल से भी सुंदर हैं।'' माधुरी और ऐश्वर्या ने देवदास में साथ काम किया था, जिसमें शाहरुख खान भी मुख्य भूमिका में थे। ऐश्वर्या ने 2002 में इसी फिल्म के प्रीमियर के लिए पहली बार कान में हिस्सा लिया था। उस समय पीली साड़ी में उनकी उपस्थिति ने दुनियाभर का ध्यान आकर्षित किया था और तब से उन्हें अक्सर इस प्रतिष्ठित फिल्म महोत्सव में भारत का चेहरा माना जाता है। माधुरी ने सोशल मीडिया पर ऐश्वर्या को लेकर की जा रही टिप्पणियों की आलोचना करते हुए कहा, ''लोगों को समझना चाहिए कि इस तरह की टिप्पणियां करके वे आज के युवाओं को क्या संदेश दे रहे हैं। क्या किसी व्यक्ति की कीमत सिर्फ इस बात से तय होती है कि वह कैसा दिखता है, उसकी उपलब्धियों से नहीं? यह पूरी तरह गलत संदेश है।'' हाल ही में अभिनेत्री अनन्या पांडे भी सोशल मीडिया पर आलोचना का शिकार बनी थीं। उनकी फिल्म 'चांद मेरा दिल' के एक दृश्य में भरतनाट्यम और 'हिप-हॉप' के मिश्रण वाले नृत्य को लेकर लोगों ने उन्हें खूब ट्रोल किया। कई लोगों ने उन पर भरतनाट्यम की ''गलत प्रस्तुति'' और सांस्कृतिक अपमान का आरोप लगाया। माधुरी का मानना है कि सोशल मीडिया ने हर किसी को किसी भी विषय पर टिप्पणी करने का मंच दे दिया है।
उन्होंने कहा, ''ऐसे लोग पहले भी थे, लेकिन उनके पास अपनी बात कहने का माध्यम नहीं था। आज उनके पास वह माध्यम है।'' माधुरी की नेटफ्लिक्स पर आगामी फिल्म 'मां-बहन' में उनकी सह-अभिनेत्री तृप्ति डिमरी ने भी उनका समर्थन किया। तृप्ति ने कहा, ''घर में आराम से बैठकर लोगों पर टिप्पणी करना बहुत आसान है। लेकिन जिन्होंने अपनी जिंदगी में मेहनत करके कुछ हासिल किया है, चाहे वह अनन्या हों या ऐश्वर्या मैम, वे सभी अपनी उपलब्धियों तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत कर चुकी हैं।'' माधुरी ने कहा कि फिल्मों की समीक्षा पहले भी होती थी, लेकिन अब डिजिटल मीडिया के दौर में हर छोटी-बड़ी बात 'कंटेंट' बन चुकी है। 'मां-बहन' एक डार्क कॉमेडी फिल्म/सीरीज है, जिसमें हास्य के साथ गंभीर या संवेदनशील विषयों को भी दिखाया गया है। इसमें अभिनेत्री तृप्ति डिमरी, माधुरी दीक्षित के अलावा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर धरना दुर्गा और अभिनेता रवि किशन भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर चार जून को रिलीज होगी।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english