ब्रेकिंग न्यूज़

अभिनेत्री रवीना टंडन के भाई के घर से 25 लाख रुपये की चोरी के आरोप में महिला गिरफ्तार

मुंबई.  बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन के भाई के घर में देखभालकर्ता के रूप में परिवार का विश्वास जीतकर कथित तौर पर 25 लाख रुपये के सोने और हीरे के आभूषण चोरी करने के आरोप में 47 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि जुहू पुलिस ने हाल ही में खार निवासी  महिला को गिरफ्तार किया है। राशि को अभिनेत्री की बुजुर्ग मां वीना टंडन की देखभाल के लिए रखा गया था। उन्होंने बताया कि चोरी की यह घटना पिछले वर्ष अक्टूबर में सामने आई, जब परिवार ने पाया कि उनके सोने-हीरे के आभूषणों तथा दो लग्जरी घड़ियों समेत कई कीमती सामान आलमारी से गायब हैं। अधिकारी ने बताया कि चोरी हुए सामान की कीमत 25 लाख रुपये है।
 मामले में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, राजीव टंडन द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी महिला ने  पहले तो अपनी संलिप्तता से इनकार किया, लेकिन बाद में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसने चोरी की दो घड़ियां लौटा दीं और दावा किया कि अन्य आभूषण उसने अपने एक सहयोगी को सौंप दिए थे, जिन्हें उसने वापस दिलाने का वादा किया। अधिकारी ने बताया कि बार-बार संपर्क किए जाने के बावजूद आरोपी महिला ने  कथित तौर पर आभूषण वापस नहीं लौटाए।
 शिकायत के अनुसार, आरोपी महिला  2020 से आपसी परिचितों के माध्यम से रवीना के भाई के परिवार से मिलने आती थी। अपने पति और माता-पिता की मृत्यु के बाद परिवार से उसका रिश्ता काफी घनिष्ठ हो गया था और उसे घर में बिना रोक-टोक आने-जाने की अनुमति मिल गई थी। शिकायत के अनुसार, आवास की दूसरी मंजिल पर केवल परिवार के सदस्यों और आरोपी को ही जाने की अनुमति थी, जहां कीमती सामान रखा गया था। शिकायतकर्ता राजीव ने आरोप लगाया है कि इस मामले में आरोपी ने  अपने एक सहयोगी की मदद ली। उसने खुद को पुलिस का मुखबिर बता कर राजीव को धमकी दी कि यदि उसने गहनों की वापसी के लिए दबाव बनाया तो उसे झूठे मादक पदार्थ मामले में फंसा दिया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिला को 21 मई को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किए जाने के बाद 29 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है। 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english