क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी' ने भारत में रिलीज के पहले दिन कमाए 20.76 करोड़ रुपये
नयी दिल्ली। फिल्मकार क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'द ओडिसी' ने रिलीज के पहले दिन भारत में बॉक्स ऑफिस पर 20 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की। फिल्म में मैट डेमन ने ओडिसियस, टॉम हॉलैंड ने टेलीमेकस, जेंडाया ने एथेना, रॉबर्ट पैटिनसन ने एंटिनस, लुपिता न्योंगो ने हेलन ऑफ ट्रॉय एवं क्लाइटेमनेस्ट्रा, ऐन हैथवे ने पेनेलोप और चार्लीज थेरॉन ने कैलिप्सो सहित कई अहम किरदार निभाए हैं। फिल्म शुक्रवार को दुनियाभर में रिलीज हुई।ट्रेड ट्रैकिंग वेबसाइट 'सैकनिल्क' के अनुसार, फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 17.40 करोड़ रुपये की कमाई की जबकि देश में इसकी कुल कमाई 20.76 करोड़ रुपये रही। फिल्म ने दुनियाभर में कुल 3.98 करोड़ अमेरिकी डॉलर की कमाई की है। 'द ओडिसी' की कहानी यूनानी राजा ओडिसियस (मैट डेमन) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो 'ट्रॉजन वॉर' के बाद अपने घर लौटने के लिए 10 साल की बेहद खतरनाक यात्रा पर निकलता है। ओडिसियस इस दौरान प्रतिशोधी देवताओं, समुद्री राक्षसों और मायावी स्त्रियों जैसी चुनौतियों का सामना करते हुए अपनी पत्नी पेनेलोप (ऐन हैथवे) और बेटे टेलीमेकस (टॉम हॉलैंड) से दोबारा मिलने के लिए संघर्ष करता है। फिल्म का निर्माण 'सिंकोपी इंक' के बैनर तले किया गया है।










Leave A Comment