ये है दुनिया का सबसे दुर्लभ हीरा, 218 करोड़ में हुआ नीलाम
हांगकांग। हीरा सभी रत्नों में सर्वश्रेष्ठ माना जाता है और यही वजह है कि इसकी कीमत भी बाकी सभी रत्नों से अधिक होती है। हांगकांग में 'द सकूरा' नामक दुर्लभ और बेहद आकर्षक पर्पल-पिंक हीरे की नीलामी हुई। इस नीलामी का आयोजन क्रिस्टीज ज्वेलरी डिपार्टमेंट के द्वारा किया गया था। द सकूरा का वजन 15.81 कैरेट है, जो पर्पल-पिंक हीरों में सबसे अधिक है। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हीरा काफी खास इसलिए भी है, क्योंकि ये अबतक का सबसे बड़ा पर्पल-पिंक हीरा है।
डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिस्टीज ज्वेलरी डिपार्टमेंट के विकी सेक ने बताया कि पर्पल-पिंक हीरे की नीलामी ऐतिहासिक है। 29.3 मिलियन डॉलर यानी करीब 218 करोड़ रुपये में नीलाम हुआ ये हीरा अब तक का सबसे महंगा पर्पल-पिंक हीरा बन गया है। आपको बता दें कि इस हीरे को प्लैटिनम और सोने की अंगूठी में फिट करके नीलाम किया गया।
विकी सेक ने बताया कि नीलामी के दौरान ये हीरा आकर्षण का केंद्र बना हुआ था और हर किसी को अपनी और आकर्षित कर रहा था। बता दें कि गुलाबी हीरे में आम तौर पर 'बहुत अधिक दाने' होते हैं, जिससे यह रत्न 'बहुत दुर्लभ' हो जाता है।
रिपोट्र्स के मुताबिक, पिछले साल भी 14.8 कैरेट के पर्पल-पिंक हीरा 'द स्पिरिट ऑफ रोज' की नीलामी 196 करोड़ रुपये में हुई थी। हालांकि, 'द सकूरा' हीरे के वजन और नीलामी की कीमत ने उसका रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पर्पल-पिंक हीरा 'द सकूरा' को एशिया के एक ग्राहक ने सबसे महंगी बोली लगाकर खरीदा है। क्रिस्टीज ज्वेलरी ने खरीदार के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी है।
Leave A Comment