- Home
- देश
- नोएडा। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्ध नगर में अलग अलग सड़क हादसों तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ये तीनों हादसे अलग अलग थाना क्षेत्रों में हुये । उन्होंने बताया कि इन हादसों में मारे गये लोगों की पहचान विक्रम (26), अनीशजाफर तथा शिवम गुप्ता (24) के रूप में की गयी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
- नयी दिल्ली। बुसान अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (बीआईएफएफ) ने एक नया खंड 'ऑन स्क्रीन' पेश किया है, जिसमें बहुप्रतीक्षित ड्रामा सीरीज का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसे बाद में ऑनलाइन वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर दिखाया जाएगा। आयोजकों ने बुधवार को यह जानकारी दी। एशिया के प्रमुख फिल्म महोत्सव के आगामी 26वें संस्करण का आयोजन छह अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक दक्षिण कोरिया के बुसान में होगा। बीआईएफएफ की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, येओन सांग-हो की "हेलबाउंड", किम जिन-मिन की "माई नेम", और "फॉरबिडन", जिसे अनुचा बून्यावताना (थाईलैंड) और जोश किम (यूएस) द्वारा सह-निर्देशित किया गया था, ये तीन ड्रामा सीरीज हैं जिन्हें प्लेटफॉर्म पर लॉन्च करने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह एक स्वाभाविक कदम है क्योंकि दक्षिण कोरिया अपनी स्थानीय स्ट्रीमिंग सामग्री के लिए सबसे अधिक मांग वाले देशों में से एक के रूप में अपनी स्थिति को मजबूत कर रहा है। पीरियड जॉम्बी हॉरर सीरीज "किंगडम", सीमा पार की प्रेम कहानी "क्रैश लैंडिंग ऑन यू" जैसे कई लोकप्रिय नेटफ्लिक्स शो इसमें शामिल हैं। आयोजकों ने एक बयान में कहा, "चूंकि बीआईएफएफ न केवल पारंपरिक तौर पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली फिल्मों को प्रदर्शित करेगा, बल्कि अब एक नया खंड ‘ऑन स्क्रीन' को जोड़ ओटीटी (ओवर-द-टॉप) की सीरीज को भी प्रदर्शित करेगा। वह दर्शकों के लिए अधिक विविध और उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री को प्रस्तुत करने में सक्षम है, जिनके दर्शकों की रेंज का विस्तार हो रहा है। ऑन स्क्रीन श्रेणी सिनेमा के एक नए क्षेत्र में एक तीव्र और प्रमुख प्रवेश द्वार होगा।" ऑन स्क्रीन सेक्शन की योजना विश्व प्रीमियर या एशिया प्रीमियर के रूप में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर बहुप्रतीक्षित ड्रामा सीरीज को प्रदर्शित करने की है।
- जोधपुर (राजस्थान) । रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने बुधवार को कहा कि भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों की रक्षा के लिए तैयार की गई उसकी उन्नत चैफ प्रौद्योगिकी विमानों को इंफ्रा-रेड हमले और रडार के खतरों से बचाती है। डीआरडीओ की पुणे स्थित प्रयोगशाला ने जोधपुर में रक्षा प्रयोगशाला के साथ मिल कर उन्नत चैफ सामग्री और चैफ कारतूस विकसित किया है। जोधपुर में रक्षा प्रयोगशाला के निदेशक रवींद्र कुमार ने बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चैफ एक अहम रक्षा प्रौद्योगिकी है जिसका इस्तेमाल लड़ाकू विमानों को दुश्मन के रडार से बचाने में किया जाता है। कुमार ने कहा कि आज के वक्त में रडार के खतरों के बढ़ जाने से लड़ाकू विमानों को बचाए रखना एक बड़ी चिंता की बात है। विमानों को बचाए रखने के लिए काउंटर मेजर डिस्पेंसिंग सिस्टम (सीएमडीएस) का इस्तेमाल किया जाता है जो उन्हें इंफ्रा-रेड हमलों और रडार के खतरों से बचाता है। उन्होंने बताया कि इस प्रौद्योगिकी की खासियत यह है कि इसमें बेहद कम मात्रा में लगने वाली चैफ सामग्री दुश्मन की मिसाइलों को रोकने में या मिसाइल हमले से बचाने में मदद करती है। इससे पहले केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस अहम प्रौद्योगिकी के स्वदेशी निर्माण के लिए डीआरडीओ, भारतीय वायु सेना और रक्षा उद्योग की प्रशंसा की थी और इसे सामरिक रूप से महत्वपूर्ण रक्षा प्रौद्योगिकियों में ‘आत्म निर्भर भारत' की ओर डीआरडीओ का एक और कदम बताया था।
- चेन्नई। स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने नशीले पदार्थ के तस्करों के एक गिरोह का भंडाफोड़ कर, भारत-म्यांमा सीमा इलाके से यहां लाए गए सात करोड़ रुपये की कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए हैं । एनसीबी के जोनल निदेशक अमित घावटे ने बुधवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि सटीक सूचना के आधार पर एनसीबी अधिकारियों के एक दल ने मंगलवार को शहर के बाहरी इलाके में एक ट्रक को रोका और वाहन में लकड़ी के एक बक्से से ‘‘उच्च गुणवत्ता'' वाले मेथमफेटामाइन के आठ पैकेट बरामद किए। ट्रक के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसमें कहा गया है कि नशीले पदार्थ को चेन्नई से दो लोग भारत-म्यांमा सीमा से यहां लाए थे। उन्हें भी पकड़ लिया गया है और उन्होंने मणिपुर स्थित मादक पदार्थ के तस्करों के जरिए म्यांमा से यह मादक पदार्थ खरीदने का जुर्म कबूल किया।
- फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) । उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के हुसेनगंज थाना क्षेत्र में चौफेरवा बिजली पावर हाउस के पास एक पिकअप वाहन की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार बुआ-भतीजे की मौत हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। हुसेनगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) रणवीर सिंह ने बुधवार को बताया कि मंगलवार की रात चौफेरवा बिजली पावर हाउस के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार अमिलिहापाल गांव के रहने वाले किशन सिंह गौतम (25) और उनकी बुआ शकुंतला (56) की मौत हो गयी, दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिये अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन त्योहार के बाद किशन सिंह गौतम अपनी बुआ को बाइक में बैठाकर उनकी ससुराल छोड़ने जा रहा था, तभी साढ़े दस बजे रात में यह हादसा हो गया। एसएचओ ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप वाहन तेज गति से भाग गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
- मुंबई। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को कहा कि ‘एक जिला- एक उत्पाद' के निर्यात को बढ़ाने के लिये बैंकों से राज्यों के साथ मिलकर काम करने को कहा गया है। सीतारमण ने यहां सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक प्रमुखों के साथ समीक्षा बैठक में भाग लेने के बाद संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से कहा कि वे निर्यातकों के संगठनों से बातचीत करें और उनकी जरूरतों को समझें। उन्होंने ‘एक जिला, एक उत्पाद निर्यात' एजेंडा को आगे बढ़ाने के लिए बैंकों से राज्यों के साथ मिलकर काम करने को कहा। वित्त मंत्री ने कहा है कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने महामारी के बावजूद अच्छा काम किया और इस दौरान वह रिजर्व बैंक की त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई से बाहर निकले हैं। वित्त मंत्री ने बैंकों से वित्तीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र को समर्थन देने को भी कहा।बैठक में बैंकों के वित्तीय प्रदर्शन और महामारी से प्रभावित अर्थव्यवस्था के समर्थन में उनकी तरफ से उठाये गये कदमों की समीक्षा की गई। एक सवाल के जवाब में सीतारमण ने कहा कि क्या राहुल गांधी मौद्रिकरण के बारे में जानते हैं। उन्होंने पलटवार करते हुये कहा कि कांग्रेस की सरकार में देश के संसाधनों को बेचने का काम हुआ है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को सरकार की राष्ट्रीय मौद्रिकरण पाइपलाइन (एनएमपी) पर सवाल उठाए थे।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रपति भवन ने केन्द्रीय विश्वविद्यालयों के शिक्षक संकाय सदस्यों और छात्रों से ‘विजिटर्स पुरस्कार 2021' के लिए विभिन्न श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किए हैं जिसका मकसद विश्वविद्यालयों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। राष्ट्रपति भवन की तरफ से जारी बयान में यह जानकारी दी गई है। राष्ट्रपति भवन के बयान के अनुसार, आवेदक भारत के राष्ट्रपति की आधिकारिक वेबसाइट और ‘7वें विजिटर्स अवार्ड 2021' के लिंक पर क्लिक कर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर, 2021 है । इसमें कहा गया है कि राष्ट्रपति भवन ने केन्द्रीय विश्वविद्यालयों के शिक्षक संकाय सदस्यों और छात्रों से ‘विजिटर्स पुरस्कार 2021' के लिए कई श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किये हैं जिनमें नवाचार के लिए पुरस्कार के अलावा मानविकी, कला और सामाजिक विज्ञान क्षेत्र, भौतिक विज्ञान क्षेत्र और जैविक विज्ञान में शोध क्षेत्र तथा प्रौद्योगिकी विकास क्षेत्र शामिल हैं । बयान के अनुसार, ‘‘ भारत के राष्ट्रपति केन्द्रीय विश्वविद्यालयों के विजिटर के रूप में इन पुरस्कारों को प्रदान करते हैं। '' इन पुरस्कारों की स्थापना 2014 में केन्द्रीय विश्वविद्यालयों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने और उत्कृष्टता हासिल करने की दिशा में विश्व भर की बेहतर पद्धतियों को अपनाने के लिए उन्हें प्रेरित करने के उद्देश्य से की गई थी।
- देहरादून। उत्तराखंड में शहर की बाहरी सीमा पर स्थित खाबड़ाला गांव में सातला देवी मंदिर के पास बादल फटने से नदियों और धाराओं में बाढ़ आ गई। राज्य आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार देर रात बादल फटने के बाद बाढ़ का पानी घरों में घुस आया, बिजली के खंभे और पेड़ कई जगहों पर गिर गए और दो पहिया वाहन पानी में बह गए। हालांकि, उन्होंने बताया कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नुकसान का जायजा लेने के लिए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के साथ बुधवार को इलाके का दौरा किया और प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने जिलाधिकारी से भविष्य में इलाके में प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए कार्य योजना तैयार करने को कहा। देहरादून में मंगलवार रात भारी बारिश हुई जिससे रिसपाना और बिंदल नदियों में बाढ़ आने के साथ ही कई इलाकों में भारी जलजमाव हो गया।
- नयी दिल्ली। भारत के उत्तर, मध्य और पश्चिमी हिस्सों में अगले चार दिनों के दौरान हल्की वर्षा होने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। विभाग ने कहा कि इसी अवधि के दौरान, देश के पूर्वी हिस्से में बारिश की गतिविधि में वृद्धि होने का अनुमान है। विभाग के अनुसार पूरा ‘मॉनसून ट्रफ' हिमालय की तलहटी के करीब है। इसके 26 अगस्त तक वहीं रहने की संभावना है। विभाग ने कहा, ‘‘अगले चार दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य भारत और पश्चिमी तट पर हल्की बारिश की गतिविधि जारी रहने का अनुमान है।'' बंगाल की खाड़ी से उत्तर-पूर्व भारत की ओर तेज दक्षिण या दक्षिण-पश्चिम हवाएं 26 अगस्त तक जारी रहने का अनुमान है। पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 27 अगस्त तक भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ व्यापक वर्षा गतिविधि जारी रहने का अनुमान है। उत्तराखंड में 29 अगस्त तक भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ व्यापक वर्षा गतिविधि जारी रहने का अनुमान है और 27 अगस्त तक बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान पूर्वी भारत में गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है।
- पुणे। जातिगत अध्ययनों पर प्रख्यात शोधकर्ता डॉ गेल ओमवेट (81) का लंबी बीमारी के बाद बुधवार को महाराष्ट्र के सांगली जिले में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। डॉ ओमवेट (81), जिन्होंने अपने गांव कासेगांव में अंतिम सांस ली, ने बतौर विद्यार्थी अमेरिका से लौटने और 1970 के दशक में भारत में बसने के बाद जातिगत अध्ययन का बीड़ा उठाया। उन्होंने, एक मार्क्सवादी विद्वान एवं कार्यकर्ता भरत पाटनकर से शादी की तथा यह दंपति गांव में रहा। एक सहयोगी ने बताया कि पहली बार पीएचडी छात्रा के रूप में महाराष्ट्र में जाति एवं महात्मा फुले के आंदोलन का अध्ययन करने आईं ओमवेट भारत में जाति एवं अस्पृश्यता व्यवस्था से बहुत दुखी हुईं और उत्पीड़ित जातियों की मुक्ति के लिए काम करने के लिए महाराष्ट्र में बस गईं। अमेरिकी मूल की भारतीय विद्वान, समाजशास्त्री एवं मानवाधिकार कार्यकर्ता दलितों, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और आदिवासियों पर अपने लेखन के लिए जानी जाती थीं। ओमवेट एक प्रख्यात लेखिका थीं और उनकी कई पुस्तकें प्रकाशित हुईं। उनकी पीएचडी थीसिस ने महात्मा फूले के ‘सत्यशोधक' आंदोलन को दुनिया के सामने पेश किया और उनकी पुस्तक, ‘दलित और लोकतांत्रिक क्रांति' युवा छात्रों के बीच लोकप्रिय हो गई। फुले-आंबेडकरवादी आंदोलन में एक प्रमुख व्यक्तित्व, वह कई आंदोलनों में सक्रिय रूप से शामिल थीं। मिनियापोलिस में जन्मीं, डॉ ओमवेट अपनी उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद भारत लौटीं और खुद को दलितों, गरीबों-वंचितों, किसानों, महिलाओं और अन्य सार्वजनिक नेक कार्यों के लिए विभिन्न सामाजिक आंदोलनों में झोंक दिया। ओमवेट -पाटनकर दंपति ने 1980 के दशक की शुरुआत में श्रमिक मुक्ति दल की स्थापना की और इस अवधि के दौरान वह एक भारतीय नागरिक बन गईं। उन्होंने विभिन्न सामाजिक विषयों पर कई किताबें लिखीं, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पढ़ाया और विभिन्न समाचार पत्रों के लिए कॉलम लिखे, संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम, ऑक्सफैम एनओवीआईबी और अन्य अंतरराष्ट्रीय निकायों के लिए काम किया। उन्होंने समाजशास्त्र विभाग के तहत पुणे विश्वविद्यालय में फुले-आंबेडकर पीठ का नेतृत्व किया। उन्होंने कोपेनहेगन में एशियाई अध्ययन संस्थान में भी पढ़ाया। दलित इंटलेक्चुअल कलेक्टिव ने कहा कि वह भारत के सबसे मौलिक विचारकों में से एक थीं। उनके निधन पर इतिहासकार रामचंद्र गुहा, माकपा नेता सीताराम येचुरी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शोक प्रकट किया। डॉ ओमवेट के निधन पर शोक प्रकट करते हुए ठाकरे ने कहा कि भारत में विभिन्न सामाजिक आंदोलनों, संत साहित्य, लोक परंपराओं में उनका योगदान और महिला अधिकारों पर उनके कार्य हमेशा याद किए जाएंगे।
- भुवनेश्वर। ओडिशा के कालाहांडी जिले में पत्नी की मौत से व्यथित एक बुजुर्ग अंतिम संस्कार के दौरान महिला की जलती चिता पर कूद गया और जलने से उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह घटना मंगलवार को जिले के गोलामुंडा ब्लॉक के सिआलजोडी गांव की है। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक अंतिम संस्कार के बाद निलामणि सबर (65) के चार बेटे और रिश्तेदार परंपरा के अनुसार नजदीक के जलाशय में नहाने गए तो इस दौरान वह (सबर) अपनी पत्नी रायबड़ी (60) की जलती चिता पर कूद गए। उन्होंने बताया कि सबर की मौके पर ही मौत हो गई। वह गांव की ग्राम पंचायत समिति के पूर्व सदस्य थे। केगांव थाने के प्रभारी निरीक्षक दामू पराजा ने बताया, “ हमने मौके पर मौजूद परिजनों व ग्रामीणों के बयान के आधार पर अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा, “ पहली नजर में देखने से ऐसा लगता है कि व्यक्ति ने अत्यधिक दुखी होने के कारण यह कदम उठाया है। मामले में जांच जारी है।
- नई दिल्ली। केन्द्र सरकार, देशभर के स्कूलों के शिक्षकों का प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण करने के लिए इस महीने के अंतिम सप्ताह में वैक्सीन की दो करोड़ अतिरिक्त डोज उपलब्ध करायेगी। स्वास्थ्य मंत्रालय में सचिव राजेश भूषण ने आज सभी राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने कहा कि इस टीकाकरण कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए राज्य और केन्द्रशासित प्रदेश, शिक्षा की एकीकृत जिला सूचना प्रणाली का इस्तेमाल कर सकते हैं और राज्य सरकार के शिक्षा विभागों, केन्द्रीय विद्यालय संगठन और नवोदय विद्यालय संगठन के साथ समन्वय स्थापित करके कर सकते हैं।बैठक के दौरान कोविडरोधी टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की गई। इसमें राज्यों को टीके की दूसरी डोज देने को बढ़ावा देने और स्कूली शिक्षकों तथा अन्य कर्मचारियों के प्रतिरक्षण पर ध्यान केन्द्रित करने की सलाह दी गई। राज्यों को आपात कोविड कार्रवाई पैकेज कोष के तुरंत इस्तेमाल के बारे में बताया गया। उन्हें कोविड निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने और आगामी त्योहारों से पहले एहतियाती उपाय करने को कहा गया है। स्वास्थ्य सचिव ने केरल का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां ओणम के बाद कोविड रोगियों की संख्या में काफी वृद्धि हुई।बैठक में राज्यों से अनुरोध किया गया कि वे ऐसे जिलों की पहचान करें जहां टीकाकरण की दर कम है1 इन जिलों की स्थिति पर नजर रखने और टीकाकरण में प्रगति करने को कहा गया। बैठक में कोविड के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं का बफर स्टॉक बनाये रखने की नीति की भी समीक्षा की गयी।
- नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से सभी स्कूलों के शिक्षकों को प्राथमिकता के आधार पर टीका लगाए जाने का आग्रह किया है। एक ट्वीट में श्री मांडविया ने कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से पांच सितम्बर को शिक्षक दिवस से पहले टीकाकरण करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को इस बाबत दो करोड़ से अधिक टीके उपलब्ध कराये जा रहे हैं। ये टीके इस माह सभी राज्यों को दिये जाने वाले टीकों के अतिरिक्त हैं।
- नई दिल्ली। केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने गन्ने का लाभकारी मूल्य बढ़ाकर 290 रूपये प्रति क्विंटल कर दिया है जो कि अब तक का सबसे उचित और उच्चतम मूल्य है।वाणिज्य, उपभोक्ता मामले, खादय और सार्वजनिक वितरण मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि मंत्रिमंडल के इस फैसले से पांच करोड़ गन्ना किसानों और उनके आश्रितों को लाभ होगा। मीडिया से बातचीत में श्री गोयल ने कहा कि इस फैसले का लाभ चीनी मिलों के पांच लाख कामगारों और उनसे जुड़ी गतिविधियों में शामिल लोगों को भी मिलेगा।पीयूष गोयल ने कहा कि केन्द्र सरकार ने किसानों को गन्ने का लाभकारी मूल्य दिलाने और गन्ने के जल्द भुगतान के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाये हैं। उन्होंने कहा कि गन्ने के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाये गये हैं। सरकार एथनॉल का उत्पादन बढ़ाने के लिए काम कर रही है, इससे किसानों को लाभ होगा।
- नोएडा (उप्र)। गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा फेस-2 थाना क्षेत्र के सेक्टर-81 में स्थित इनवर्टर बनाने वाली एक कंपनी में हथियारबंद लूटेरों द्वारा ड्यूटी पर तैनात तीन सुरक्षा कर्मियों को बंधक बनाकर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के प्रवक्ता ने बताया कि जानकारी के मुताबिक कोतवाली नोएडा फेस-2 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-81 स्थित इनवर्टर व एलईडी लाइट बनाने वाली कंपनी में 21 अगस्त की आधी रात दीवार फांदकर करीब आधा दर्जन बदमाश दाखिल हुए। उन्होंने बताया कि शिकायत के मुताबिक करीब तीन-चार बदमाश कंपनी के बाहर ट्रक लेकर खड़े थे। हथियारबंद बदमाशों ने मुख्य द्वारा पर तैनात गार्ड गणेश व राजकुमार को बंधक बना लिया। कंपनी के पिछले हिस्से में तैनात तीसरे गार्ड को भी बंधक बना लिया और इसके बाद कटर की मदद से कंपनी में लगे छह ताले को काट दिया और करीब सवा घंटे तक लूटपाट की। उन्होंने बताया कि आरोपी साढ़े पांच लाख रुपये नकद, कंपनी के अंदर रखा सोल्डर वायर, सोल्डर रॉड, कॉपर वायर, कॉपर केबल, बैटरियां, इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स, तिजोरी, कंप्यूटर आदि लूट कर ले गए। पुलिस ने 22 अगस्त को चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया, लेकिन बाद में इसमें डकैती की धाराएं जोड़ी गई। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है।
-
भुवनेश्वर। सत्तारूढ़ बीजू जनता दल के विधायक पूर्णचंद्र स्वैन उन 5,223 विद्यार्थियों में से एक हैं, जिन्हें ओडिशा माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा सामान्य (ऑफलाइन-केंद्र पर शारीरिक मौजूदगी) तरीके से आयोजित 10वीं की परीक्षा में सफलता मिली है। इस परीक्षा में 5,223 विद्यार्थियों को सफलता मिली जबकि 141 अनुत्तीर्ण हो गए। करीब 80.83 फीसदी उम्मीदवार परीक्षा में उत्तीर्ण हुए। सफल उम्मीदवारों में 3,100 लड़के और 2,133 लड़कियां हैं। कोविड-19 महामारी की वजह से बोर्ड द्वारा ऑनलाइन घोषित परिणामों को खारिज करने के बाद ये अभ्यर्थी ऑफलाइन (सामान्य तरीके से) परीक्षा में शामिल हुए थे। गंजाम जिले के सुरादा से बीजद विधायक स्वैन को 49 साल की उम्र में यह सफलता मिली है। उन्हें 500 अंकों की परीक्षा में 340 अंक हासिल हुए।
-
पटना। राजधानी पटना में पत्नी के कथित रूप से अवैध संबंध से तंग आकर एक शख्स ने खुदकुशी कर ली। घटना सिटी के खाजेकला थाना क्षेत्र के हजारी मोहल्ले की है। खाजेकला थानाध्यक्ष राहुल ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।
खाजेकला थानाध्यक्ष राहुल ठाकुर ने बताया कि मामला पत्नी के अवैध संबंध और प्रताडऩा से जुड़ा है। रोज के कलह से परेशान पति ने अजीज होकर गले में फांसी लगाया और खुदकुशी कर ली। परिजनों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
पुलिस ने मौके से मृतक का सुसाइड नोट भी बरामद कर लिया है, जिसमें मृतक द्वारा खुदकुशी के लिए अपनी पत्नी आरोपी सोनी देवी और उसके बहनोई आरोपी संजय कुमार को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया गया है। मृतक की पहचान हजारी मोहल्ला निवासी अविनाश के रूप में की गई है। घटना के संबंध में पूछे जाने पर मृतक की बहन सुनीता देवी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अच्छे संबंध नहीं थे और आए दिन किसी न किसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा होता रहता था। पुलिस के अनुसार मृतक की बहन ने बताया कि मृतक की पत्नी आरोपी सोनी देवी का अपने बहनोई आरोपी संजय कुमार के साथ अवैध संबंध था, जिसका अविनाश आए दिन विरोध भी करता था। उन्होंने बताया कि मंगलवार की देर रात भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। इस मामले में आरोपी सोनी देवी ने अपने बहन-बहनोई को घर पर बुलाकर अविनाश को काफी जलील किया था, साथ ही पुलिस बुलाकर जेल भिजवाए जाने की भी धमकी दी थी। पूरे मामले में पूछे जाने पर खाजेकला थानाध्यक्ष राहुल ठाकुर ने अनुसंधान की बात कही। -
बचपन का एक प्यार ऐसा भी
बगहा। पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में एक अनोखी शादी देखने को मिली। यहां रामनगर इलाके में एक मुंहबोली बुआ ने परिवार के विरोध के बावजूद भतीजे से शादी रचा ली है। बुआ को भतीजे से इतना प्रेम था कि बालिग होने के लिए 6 साल तक इंतजार किया, ताकि शादी कर सके। मंगलवार को रामनगर थाना क्षेत्र स्थित एक शिव मंदिर में दोनों विवाह बंधन में बंध गए। वहीं, इस शादी की काफी चर्चा हो रही है। फिलहाल लड़की की उम्र 18 और लड़के की उम्र 19 साल है।
दरअसल, पूरा मामला रामनगर क्षेत्र के वार्ड नं 20 गोल बाजार का है। 6 साल पहले यहां का रहने वाला आदित्य पूर्वी नरकटियागंज स्थित अपने मामा के यहां एक शादी में गया था। वहीं, शिवगंज मुहल्ले की रहने वाली आंचल से उसकी नजरें चार हुई। फिर दोनों एक दूसरे को दिल दे बैठे। लड़की के घर वाले इस बात का विरोध करने लगे, क्योंकि लड़की रिश्ते में लड़के की मुंहबोली बुआ लगती थी। लड़की के मुताबिक, परिजन उसके साथ मारपीट करने लगे। बावजूद दोनों प्रेमी-प्रेमिका बात करते रहे। जैसे ही लड़की की उम्र 18 वर्ष हुई, उसने सारी बेडिय़ों को तोड़ नरकटियागंज से 17 किमी दूर रामनगर अपने प्रेमी के घर आ गई। इसके बाद मंगलवार को उन्होंने मंदिर में शादी रचा ली। हालांकि, लड़की के घर से गायब होने के बाद उसके परिजन भी उसे ढूंढते हुए प्रेमी के घर पहुंच गए। इसके बाद प्रेमी-प्रेमिका की जिद के आगे वो झुके और उन्होंने ने भी इस शादी की रजामंदी दे दी। - जमशेदपुर। झारखंड के सरायकेला-खारसंवा जिले में जंगली हाथी ने 58 साल के एक व्यक्ति को कुचलकर मार डाला। इचारगढ थाने के प्रभारी अधिकारी दिनेश ठाकुर ने बताया कि जार्गोडीह गांव में रामकृष्ण महतो सोमवार को धान के अपने खेत पर गये थे लेकिन वह घर नहीं लौटे। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह महतो अपने खेत में मृत पाये गये और आसपास हाथी के पैरों के निशान नजर आये जिससे पुलिस को लगा कि महतो को हाथी ने ही मार डाला। यह जंगली हाथी अपने झुंड से अलग हो गया था और हिंसक हो गया था। ठाकुर के अनुसार शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने यह मामला वन विभाग एवं पुलिस के संज्ञान में लाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। ठाकुर के अनुसार इस बीच वन विभाग ने शोकसंतप्त परिवार को तत्काल 50,000 रूपये राहत दी है। मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग ने सरकारी नियमानुसार और अनुग्रह राशि देने का आश्वासन भी दिया है। file photo
- लखनऊ। उत्तर प्रदेश डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत लखनऊ में ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल के आधुनिक संस्करण के निर्माण की योजना है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मंगलवार को उनके सरकारी आवास पर ब्रह्मोस एरोस्पेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबन्ध निदेशक डॉक्टर सुधीर कुमार मिश्रा ने भेंट की। उन्होंने मुख्यमंत्री को ब्रह्मोस परियोजना की वर्तमान गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत लखनऊ में ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल के नेक्स्ट जेनरेशन मिसाइल के उत्पादन की योजना है। सरकारी बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने डीआरडीओ, रक्षा मंत्रालय की इस पहल का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस परियोजना के लिए लखनऊ में आवश्यक भूमि सहित अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। बयान के मुताबिक, इस मिसाइल केनिर्माण की इकाई लगाने के लिए लगभग 200 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी। इस परियोजना में लगभग 300 करोड़ रुपये की धनराशि निवेश किए जाने का अनुमान है।
- बारीपदा (ओडिशा)। ओडिशा के मयूरभंज जिले में लिव-इन (सहजीवन) रिलेशन में रह रही एक आदिवासी महिला और उसके परिवार के सदस्यों की ग्रामीणों द्वारा कथित तौर पर पिटाई करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि 27 वर्षीय महिला को उसके पति ने कथित तौर पर छोड़ दिया है, जिसके बाद वह गत दो महीने से एक पुरुष के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही है। अधिकारी ने बताया कि उदला इलाके के शंकराखुंटा गांव में सोमवार को अवैध अदालत बैठी और महिला, उसकी मां और लिव इन रिलेशन में रह रहे पुरुष पर नाराज गांववालों ने लाठी-डंडों से हमला किया। पुलिस ने बताया कि भीड़ ने उन्हें घर छोडऩे या हुक्का पानी बंद करने की धमकी दी। उदला पुलिस थाने के निरीक्षक मुक्तिकांत कुलु ने बताया कि महिला और लिव इन रिलेशन में रह रहे पुरुष ने डर की वजह से गांव छोड़ दिया है और उन्होंने मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा-341, 325 और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच के लिए गांव भी गई थी, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने मंगलवार को कहा कि सरकार असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का डाटाबेस तैयार करने के लिए 26 अगस्त को ई-श्रम पोर्टल की शुरुआत करेगी। यादव ने मंगलवार को ई-श्रम पोर्टल का लोगो जारी किया, जिसके जरिए सरकार का लक्ष्य असंगठित क्षेत्र के 38 करोड़ श्रमिकों को पंजीकृत करना है। इसमें निर्माण मजदूरों के अलावा प्रवासी श्रमिक, रेहड़ी-पटरी वाले और घरेलू कामगार शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पोर्टल की शुरुआत के बाद असंगठित क्षेत्र के श्रमिक उसी दिन से अपना पंजीकरण कर सकते हैं। मंत्री ने कहा कि पोर्टल 26 अगस्त को शुरू किया जाएगा और उसी दिन पंजीकरण कराने में श्रमिकों की सहायता के लिए एक राष्ट्रीय टोल फ्री नंबर 14434 भी शुरू किया जाएगा। इस पहल के तहत श्रमिकों को एक ई-श्रम कार्ड जारी किया जाएगा, जिसमें 12 अंकों का विशिष्ट नंबर होगा।इस कदम का मकसद सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का एकीकरण करना है। श्रमिकों का विवरण राज्य सरकारों और विभागों द्वारा भी साझा किया जाएगा।
- मेलबर्न ऑस्ट्रेलियाई परिवारों और उनके बच्चों के लिए पिछले 18 महीने काफी मुश्किल भरे रहे हैं। ऐसे में अभिभावकों की नौकरियां छूटने, मानसिक तनाव, घर से काम करने और दूर से पढ़ाई के कुल प्रभाव को कम नहीं आंका जा सकता। विकासात्मक बाल रोग विशेषज्ञों के रूप में हम इस बात को लेकर चिंतित हैं कि इन सब विषयों का बच्चों के विकास पर क्या प्रभाव पड़ा है। महामारी पर काबू के लिए लगाए गए प्रतिबंधों के परिणामस्वरूप, दुनिया भर में बच्चों की शारीरिक गतिविधियां कम हो गयी हैं और उनका ज्यादा समय एक जगह बैठ कर व्यतीत हो रहा है। यह एक ऐसा कारण है, जो दर्शाता है कि अभी बच्चों के लिए खेल के मैदान कितने महत्वपूर्ण हैं। बच्चों के लिए खेलकूद जरूरी है। इससे उनके सीखने के साथ-साथ सामाजिक और शारीरिक विकास में सुधार होता है। खेलकूद से कौशल विकास को भी बढ़ावा मिलता है, जो संकट के समय काफी महत्वपूर्ण है। इस अनिश्चित और प्रतिबंध भरे दौर में, घरों से बाहर मैदानों में खेलने से बच्चों को सामान्य स्थिति का भी एहसास होता है। वायरस के प्रसार की आशंका के कारण विक्टोरिया ने पिछले सप्ताह खेल के मैदानों को बंद कर दिया। खेल के मैदानों को बंद करने से मध्यम और उच्च घनत्व वाले ऐसे आवासीय परिसरों में रहने वाले बच्चों पर विशेष रूप से प्रभाव पड़ता है, जहां खेलकूद के बाहरी स्थानों तक पहुंच सीमित होती है। ये बच्चे निम्न-आय वर्ग में आते हैं और पहले से ही सामाजिक अलगाव के प्रभावों को लेकर अधिक संवेदनशील होते हैं। खेल के मैदानों को खुला रखने में कुछ जोखिम हो सकते हैं लेकिन इन्हें बच्चों के विकास के लिए खेल के मैदानों से होने वाले खासे लाभ के साथ उचित तरीके से संतुलित किया जाना चाहिए। खेल के मैदानों में कोविड-19 प्रसार के खतरे को कम करने के लिए हम कुछ सावधानियां बरत सकते हैं। खेल के मैदानों और वायरस के प्रसार संबंधी क्या शोध हुए हैं?अब तक, कुछ अध्ययनों में ही सार्स-सीओवी-2 के प्रसार में खेल के मैदानों की विशिष्ट भूमिका पर गौर किया गया है। सार्स-सीओवी-2 वायरस के कारण ही कोविड-19 बीमारी होती है। हमें डेल्टा स्वरूप के साथ ऐसा कोई अध्ययन नहीं मिला। इजराइल, ब्राजील और इंडोनेशिया में तीन अध्ययनों में सतह के संदूषण पर ध्यान केंद्रित किया गया। खेल के मैदान की सतहों के कुछ नमूनों (इजराइल के अध्ययन में 25 में से दो) की रिपोर्ट पॉजिटव रही। ब्राजील के अध्ययन में शौचालय, एटीएम, हैंडरेल (स्वचालित सीढ़ियों में), खेल के मैदान और आउटडोर जिम उपकरण की पहचान की गयी, जिनमें सभी सतहों के वायरल संदूषण की दर सबसे ज्यादा रही। लेकिन जब वायरस सतहों पर पाया गया है, तो इस बात का कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं था कि इससे खेल के मैदानों में वायरस का प्रसार हुआ है या नहीं। इंडोनेशियाई अध्ययन में कहा गया कि यदि बच्चे भोजन या पेय साझा करते हैं तो वायरस के प्रसार की आशंका अधिक हो सकती है। हालाँकि, उस अध्ययन ने केवल 2019 और 2020 में प्रकाशित पत्रिकाओं पर ही गौर किया। इसलिए उस में डेल्टा स्वरूप पर कोई विचार नहीं हो सका। सही रणनीतियों के साथ हम खेल के मैदानों में खतरों को कम कर सकते हैं तथा यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि बच्चे तनाव और अनिश्चितता भरे समय में खेलकूद की महत्वपूर्ण जरूरत से वंचित नहीं रहें।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल मंगलवार को ब्रिक्स देशों के शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों की डिजिटल माध्यम से हुई बैठक में शामिल हुए। इस मामले से परिचित लोगों ने कहा कि बैठक में रूसी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जनरल पेत्रुशेव, चीनी पोलित ब्यूरो के सदस्य यांग जेइची, ब्राजील के सुरक्षा अधिकारी जनरल ऑगस्टो हेलेना रिबेरो परेरा और दक्षिण अफ्रीका के उप राज्य सुरक्षा मंत्री नसेडिसो गुडएनफ कोडवा ने भाग लिया। अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के एक सप्ताह बाद यह बैठक हुई है। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई या नहीं। ब्रिक्स (ब्राजील-रूस-भारत-चीन-दक्षिण अफ्रीका) दुनिया के पांच सबसे बड़े विकासशील देशों का संगठन है। इन देशों में दुनिया की 41 प्रतिशत आबादी रहती है। वैश्विक जीडीपी में इन देशों का 24 फीसदी और वैश्विक व्यापार में 16 फीसदी हिस्सा है। भारत आतंकवाद, उग्रवाद और कट्टरपंथ से निपटने में ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच गहरे सहयोग पर दृढ़ता से जोर देता रहा है।
- मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को निधि चौधरी समेत भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के चार अधिकारियों का तबादला किया। चौधरी पिछले सप्ताह ही यहां तैनात हुई थीं। चौधरी अब मुंबई उपनगरीय क्षेत्र की कलेक्टर नियुक्त की गई हैं। शुक्रवार को उन्हें रायगढ़ कलेक्टर के पद से स्थानांतरित कर सूचना प्रौद्योगिकी निदेशक के पद पर तैनात किया गया था। मुंबई उपनगरीय जिले के कलेक्टर मिलिंद बोरिकर को मुंबई के पर्यटन विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है। महाराष्ट्र सूचना प्रौद्योगिकी निगम के एमडी जहाश्री भोज को महाराष्ट्र पर्यटन विकास कॉर्पोरेशन (एमटीडीसी) के प्रबंध निदेशक पद पर नियुक्त किया गया है। डॉक्टर निरुपमा डांगे को नयी दिल्ली में स्थित ‘महाराष्ट्र सदन' का सहायक रेजिडेंट आयुक्त तैनात किया गया है।






















.jpg)





