रेत परिवहन में मनमानी दर और अन्य जिलों के वाहनों पर रोक लगाने की शिकायत का हुआ निराकरण
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा के निर्देशानुसार अधिकारियों ने ली बैठक, शासन द्वारा निर्धारित दर पर रेत परिवहन करने पर दोनों पक्षों की बनी सहमति
बालोद/कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में रेत परिवहन से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए जिला खनिज अधिकारी एवं जिला परिवहन अधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला खनिज अधिकारी श्री प्रवीण चन्द्राकर, जिला परिवहन अधिकारी श्री योगेश कुमार भण्डारी, कॉन्ट्रैक्टर संघ जिला बालोद एवं हाइवा परिवहन संघ जिला बालोद के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि कॉन्ट्रैक्टर संघ जिला बालोद द्वारा हाइवा परिवहन संघ के विरुद्ध जनदर्शन के माध्यम से कलेक्टर श्रीमती मिश्रा के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत में रेत परिवहन की दरों का अनुचित निर्धारण किए जाने तथा अन्य जिलों के वाहनों से रेत परिवहन नहीं करने देने संबंधी विषय उठाए गए थे। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों ने दोनों पक्षों को बुलाकर मामले के निराकरण के लिए चर्चा की।
अनुचित दर निर्धारण और अन्य जिलों के वाहनों पर रोक को बताया नियम विरुद्ध
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अन्य जिलों के वाहन स्वामियों को रेत परिवहन करने से रोकना तथा रेत परिवहन के लिए अनुचित दर निर्धारित करना नियमों के अनुरूप नहीं है। रेत परिवहन का कार्य नियमानुसार एवं शासन द्वारा निर्धारित शुल्क के अनुसार ही किया जाना चाहिए।
दोनों पक्षों ने शासन के निर्धारित शुल्क पर जताई सहमति
बैठक में कॉन्ट्रैक्टर संघ एवं हाइवा परिवहन संघ, दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों ने सहमति व्यक्त की कि किसी भी वाहन स्वामी को रेत परिवहन के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। साथ ही रेत का परिवहन शासन द्वारा निर्धारित शुल्क के अनुसार ही किया जाएगा। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य रेत परिवहन व्यवस्था को नियमसम्मत, पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखना तथा सभी संबंधित पक्षों के हितों का ध्यान रखते हुए शिकायतों का आपसी सहमति से निराकरण सुनिश्चित करना है।













Leave A Comment