- Home
- देश
- खंडवा (मप्र)। किशोर प्रेरणा मंच के प्रवक्ता सुनील जैन ने बुधवार को प्रख्यात पाश्र्व गायक व हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार के मध्यप्रदेश के खंडवा स्थित पुश्तैनी मकान को राष्ट्रीय धरोहर बनाने की मांग की है।गायक के प्रशंसक श्री जैन ने कहा कि किशोर दा अपने आप में भारत रत्न हैं। किशोर कुमार की 92वीं जयंती पर यहां इंदौर रोड स्थित उनके समाधिस्थल पर बुधवार की सुबह लोगों का जमघट लगा। जहां संगीत प्रेमियों, राजनीतिज्ञों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें उनकी पसंदीदा दूध एवं जलेबी का भोग लगाया। महान गायक किशोर कुमार का जन्म चार अगस्त 1929 को खंडवा में हुआ था। खंडवा के जिलाधिकारी अनय द्विवेदी ने किशोर कुमार के जन्मदिवस के अवसर पर उनकी समाधि पर जाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर खंडवा जिले के पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने भी उनकी समाधि पर पुष्प चढ़ाने के बाद किशोर कुमार का गीत गाकर उन्हें श्रद्धाजंलि दी।
- जयपुर। राजस्थान के पाली जिले के रास थाना क्षेत्र में बुधवार को एक तालाब में नहाने उतरे दो सगे भाईयों सहित चार बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । थानाधिकारी सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि रास गांव में बने तालाब में दो सगे भाईयों सहित चार बच्चे नहाने के लिये उतरे थे और एक दूसरे को बचाने के चक्क्र में चारों की पानी में डूबने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मरने वालों की पहचान दो सगे भाईयों जगदीश मेघवाल (12), अजय मेघवाल (10) और अजान (16) तथा आसिफ (10) के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये और इस संबंध में अपराध प्रक्रिया संहिता की धारा 174 में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।-file photo
- अगरतला। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान ने त्रिपुरा के खोवाई जिले में कथित तौर पर अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। एक दिन पहले राज्य के उग्रवादी संगठन 'नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा' (एनएलएफटी) द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में अर्धसैनिक बल के दो जवान शहीद हो गए थे।पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जवान की पहचान राजस्थान के जोधपुर के निवासी बाबूराम चौधरी के तौर पर हुई है, जो बीएसएफ की 80वीं बटालियन में तैनात था। अधिकारी ने कहा, '' घटना के वक्त बाबूराम अपने तीन साथियों के साथ पहरमुरा सीमा चौकी पर तैनात था। उनके साथियों के मुताबिक, बाबूराम ने सुबह करीब पांच बजे अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। इस संबंध में खोवाई थाने में मामला दर्ज किया गया है।''
- चेन्नइ। तमिलनाडु के कानून मंत्री एस रघुपति ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार लोक कल्याण को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन गेम रमी और पोकर पर प्रतिबंध लगाने के लिए जल्द ही कानून बनाएगी। मंत्री के बयान से पहले मद्रास उच्च न्यायालय ने तमिलनाडु गेमिंग एवं पुलिस कानून (संशोधन) अधिनियम 2021 के भाग दो को असंवैधानिक घोषित कर दिया, जो साइबरस्पेस में सट्टेबाजी या दांव लगाने वाले खेलों को प्रतिबंधित करता है। अदालत ने संशोधन को खारिज कर दिया। मंत्री ने कहा कि अदालत ने राज्य को बिना किसी कमी के एक और कानून पारित करने की स्वतंत्रता दी है। रघुपति ने एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने मंगलवार को ही निर्देश दिया था कि ऐसे ऑनलाइन गेम पर बिना किसी देरी के प्रतिबंध लगाने के लिए एक कानून बनाया जाए। मंत्री ने कहा, "मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुरूप जल्द ही ऑनलाइन रमी और इसी तरह के खेलों पर प्रतिबंध लगाने का कानून बनाया जाएगा।
- पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार में एक दुखद घटना सामने आई है। अरनाला सागरी थाने के वरिष्ठ निरीक्षक राजू माने के अनुसार बेटियों ने कोविड-19 जांच के डर से बुजुर्ग पिता का शव तीन दिन तक घर में रखा। इस दौरान एक बेटी ने खुदकुशी कर ली, जबकि अपनी जान देने का प्रयास करने वाली दूसरी बेटी को बचा लिया गया।श्री माने के अनुसार बेटियों को डर था कि पिता की मौत के बाद उनकी जांच की जाएगी और संक्रमित मिलने पर उन्हें पृथक-वास में रखा जाएगा। अरनाला सागरी थाने के वरिष्ठ निरीक्षक राजू माने ने कहा कि सेवानिवृत राशन अधिकारी हरिदास सहरकर का शव बुधवार को विरार के गोकुल कस्बे में उनके घर से मिला। अधिकारी ने बताया कि मामला तब सामने आया जब सहरकर की छोटी बेटी स्वप्नाली (36) ने नवापुर में समुद्र में छलांग लगा दी और स्थानीय लोगों ने उसे बचा लिया। उन्होंने कहा कि जांच से पता चला कि सहरकर की रविवार को घर पर ही मौत हो गई थी, जिसके बाद परिवार ने इस डर से उनके शव को घर पर रख दिया कि वे कोविड-19 की चपेट में न आ जाएं और फिर पृथकवास में रहना पड़े। उन्होंने कहा कि मृतक व्यक्ति की बड़ी बेटी विद्या (40) ने नवापुर में समुद्र में कूदकर आत्महत्या कर ली और उसका शव मंगलवार को पुलिस ने बरामद कर लिया, जबकि छोटी बेटी ने उसी तरह आत्महत्या करने का प्रयास किया, लेकिन उसे बचा लिया गया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस शुरू में आत्महत्या के प्रयास के मामले की जांच कर रही थी और अब दुर्घटनावश मौत के दो मामले दर्ज किए हैं।
- भुवनेश्वर। ओडि़शा के गंजाम जिले में बुधवार को एक व्यक्ति ने बीच सड़क पर अपनी पत्नी को कथित रूप से आग लगा दी । पुलिस ने बताया कि जिले में छत्तरपुर के साना अज्र्यापल्ली में जी अर्रेम्मा दिहाड़ी श्रमिक के तौर पर जब काम पर जा रही थी तब उसके पति आरोपी जी. मुकुडू ने कथित रूप से उसके ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाल कर आग लगा दी। पुलिस के अनुसार महिला करीब 50 फीसद जल गयी और उसकी हालत गंभीर बतायी जा रही है।पुलिस ने बताया कि आरोपी मुकुडू अपनी पत्नी की हत्या करने की मंशा से अपने घर से करीब 200 मीटर दूर सड़क पर उसके आने का इंतजार कर रहा था। उससे किसी बात पर विवाद होने पर उसकी पत्नी उसी गांव में पिछले कुछ समय से अपने पिता के घर रह रही थी। पुलिस ने बताया कि इस घटना की वजह सघन जांच के बाद ही सामने आयेगी लेकिन प्राथमिक जांच से सामने आया है कि पारिवारिक विवाद इस घटना का कारण था। पुलिस के मुताबिक आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है और उसकी पत्नी को ब्रह्मपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दंपति के तीन बच्चे हैं। छतरपुर के उपसंभागीय पुलिस अधिकारी गौतम किसान ने कहा, ''हमने पहले ही अस्पताल में महिला का बयान दर्ज कर लिया है। अब हमारी प्राथमिकता महिला की जान बचाना है। हम विस्तृत जांच शुरू करेंगे।
- नई दिल्ली। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण योजना के तहत हो रहा है और उम्मीद है कि वर्ष 2023 के अंत तक मंदिर को श्रद्धालुओं के 'दर्शन' के लिए खोल दिया जाएगा। यह जानकारी राम मंदिर ट्रस्ट में मौजूद सूत्रों ने बुधवार को दी। हालांकि, सूत्रों ने बताया कि पूरा मंदिर परिसर वर्ष 2025 तक तैयार हो पाएगा। वृहद परियोजना की जानकारी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि मुख्य मंदिर तीन मंजिला होगा जिसमें पांच मंडप होंगे। माना जाता है कि भगवान राम का जन्म उसी स्थान पर हुआ था। मंदिर की लंबाई 360 फुट, चौड़ाई 235 फुट और प्रत्येक मंजिल की ऊंचाई 20 फुट होगी। मंदिर निर्माण कार्य की प्रगति योजना के तहत हो रही है और अनुमान है कि वर्ष 2023 के अंत तक भक्त मंदिर में भगवान राम लला के दर्शन कर सकेंगे।'' मंदिर के भूतल पर 160 खंभे, पहले तल पर 132 खंभे और दूसरे तल पर 74 खंभे होंगे। मंदिर के गर्भगृह पर बनने वाले शिखर की ऊंचाई जमीन से 161 फंट होगी जिसे राजस्थान से लाए गए पत्थरों और संगमरमर से बनाया जाएगा।
- जम्मू,। डोगरी भाषा की पहली आधुनिक कवियित्री और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित पद्मा सचदेव का बुधवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। जम्मू कश्मीर कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी के एक अधिकारी ने यहां जानकारी दी। वे 81 वर्ष की थीं। उन्हें बीमार होने के बाद मंगलवार शाम को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।पद्मा सचदेव का जन्म जम्मू के पुरमंडल इलाके में संस्कृत के विद्वान प्रोफेसर जय देव बादु के घर में 1940 में हुआ था। उन्होंने डोगरी और हिंदी में कई किताबें लिखीं और उनके कविता संग्रहों में 'मेरी कविता, मेरे गीतÓ ने 1971 में उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार दिलाया। उन्हें 2001 में देश का चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से सम्मानित किया गया और मध्य प्रदेश सरकार ने 2007-08 में कविता के लिए कबीर सम्मान दिया। पद्मा सचदेव ने 1973 में आयी हिंदी फिल्म ''प्रेम पर्बतÓÓ के लिए मेरा छोटा सा घर बार गीत भी लिखा। उन्होंने 1978 में आयी हिंदी फिल्म आंखों देखी के लिए भी दो गीत लिखे। जिसमें मोहम्मद रफी और सुलक्षणा पंडित द्वारा गाया मशहूर गीत सोना रे, तुझे कैसे मिलूं, भी शामिल है।उन्होंने ऑल इंडिया रेडियो,जम्मू और मुंबई में काम किया और गायक सुरिंदर सिंह से शादी करने के बाद नयी दिल्ली तथा मुंबई को अपना घर बना लिया।
- नयी दिल्ली। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने पूर्वी लद्दाख में उमलिंगला दर्रे पर 19,300 फुट की ऊंचाई पर दुनिया की सबसे ऊंची मोटर वाहन योग्य सड़क का निर्माण किया है। रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि बीआरओ ने उमलिंगला दर्रे पर 52 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया है। इस सड़क ने बोलिविया में 8,953 फुट की ऊंचाई पर बनी सड़क का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बयान में कहा गया है कि उमलिंगला दर्रे की यह सड़क पूर्वी लद्दाख के चुमार सेक्टर के महत्वपूर्ण शहरों को जोड़ती है। यह स्थानीय आबादी के लिए एक वरदान साबित होगी क्योंकि यह लेह से चिसुमले और डेमचोक को जोड़ने वाला एक सीधा वैकल्पिक मार्ग है। इससे उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति बेहतर होगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
- जयपुर। राजस्थान के हाड़ौती क्षेत्र में लगातार बारिश से कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गयी है और इससे संबंधित हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गयी । प्रदेश में 100 से अधिक गांवों से सड़क सम्पर्क टूट गया है। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी ।अधिकारी ने बताया कि बारिश जनित हादसे में बूंदी के केशोरायपाटन में दीवार गिरने से मकान ढहने पर हुए हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि करोली जिले में चंबल नदी के निचले इलाके में फंसे 67 लोगों को एसडीआरएफ की टीमों ने बचाया और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। उन्होंने बताया कि कोटा और बारां जिलों में भी बचाव अभियान चलाया गया और कई अन्य लोगों को बुधवार को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया जबकि टोंक में मंगलवार को पानी के तेज बहाव में बह गए एक व्यक्ति का शव बुधवार को पाया गया।उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा कोटा मण्डल के कोटा-सवाईमाधोपुर रेलखण्ड के मध्य बारिश से रेललाईन पर पानी भरने के कारण तीन रेलसेवाओं का मार्ग परिवर्तित कर दिया है । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि ''कोटा, बारां, बूंदी एवं झालावाड़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश से बाढ़ के हालात बन गए हैं। प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों के संबंध में निर्देश दिए गये हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं सिविल डिफेंस की टीमें मदद कार्य कर रही हैं। सेना से भी संपर्क किया गया है एवं जरूरत पडऩे पर उसकी मदद ली जाएगी।'' उन्होंने बुधवार को ट्वीट के जरिये कहा, ''धौलपुर में भी चंबल नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है एवं भरतपुर में अधिक बारिश के कारण के कुछ इलाकों में भी बाढ़ के हालात बन सकते हैं। भरतपुर एवं धौलपुर में भी प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। आमजन से अपील है कि सावधानी बरतें एवं परेशानी होने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें।''बूंदी में बुधवार दोपहर एक मकान के ढह जाने से एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत हो गई। इस घटना पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शोक जताया और हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया । उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। एसडीआरएफ कमांडेंट पंकज चौधरी ने बताया कि करौली के मंडरायल में चंबल नदी के बहाव में फंसे 67 व्यक्तियों (24 पुरूष, 21 महिलाएं और 21 बच्चों) को सुरक्षित बचा लिया गया है जबकि कोटा के इटावा गांव में एक खेत में बने एक घर में फंसे 4 पुरूष और 2 महिलाओं को बचा कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसी तरह बारां के अमरोली गांव में भैसासुर नदी के बहाव क्षेत्र में तीन गर्भवती महिलाएं फंस गई और उन्हें भी सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
- नई दिल्ली । राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), राउरकेला में तीन छात्रों को 45 लाख रुपये के वार्षिक वेतन पैकेज के साथ नौकरी मिली है, जबकि नौ को इस साल प्लेसमेंट अभियान में 43 लाख रुपये प्रतिवर्ष की पेशकश की गई है।यह जानकारी अधिकारियों ने दी। हालांकि, संस्थान ने नीति के अनुसार उच्च पैकेज प्राप्त करने वाले छात्रों के नामों का खुलासा नहीं किया गया है। एनआईटी राउरकेला के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट केंद्र के प्रमुख उमेश सी पाती ने कहा, ''इस साल, प्लेसमेंट अभियान एक कठिन कार्य था। महामारी के बावजूद, तीन छात्रों को 45 लाख रुपये का वार्षिक वेतन पैकेज मिला है जो अब तक का सबसे अधिक है, जबकि नौ को 43 लाख रुपये प्रतिवर्ष की पेशकश की गई है।'' 84 कंपनियों ने 253 छात्रों को 10 लाख रुपये प्रतिवर्ष से अधिक की पेशकश की है। कुल 211 अन्य छात्रों को माइक्रोसॉफ्ट, बार्कलेज, बजाज ऑटो, सिटी बैंक और क्वालकॉम जैसी वैश्विक बड़ी कंपनियों से प्रतिष्ठित इंटर्नशिप पेशकश मिली है।
- नई दिल्ली। झारखंड के धनबाद में एक अतिरिक्त जिला न्यायाधीश को ऑटो से कुचलकर मार डालने के मामले में बुधवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने एफआईआर दर्ज कर ली। झारखंड सरकार ने गत शनिवार को जज की कथित हत्या मामले में सीबीआई से जांच कराने की सिफारिश की थी।झारखंड के धनबाद जिले में तैनात अतिरिक्त जिला न्यायाधीश उत्तम आनंद की बुधवार को एक वाहन की चपेट में आने से संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। जज की हत्या के मामले में धनबाद पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है और वारदात में इस्तेमाल ऑटो को भी जब्त किया गया है। दोनों आरोपी की पहचान लखन कुमार वर्मा और राहुल वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है।जज को कुचलकर मारने का यह मामला बेहद गंभीर माना गया है। सुप्रीम कोर्ट ने भी मामले में चिंता जताई है। झारखंड हाईकोर्ट ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सुनवाई की। हाईकोर्ट ने सरकार से जवाब मांगा है। हाईकोर्ट में डीजीपी ने कहा कि मामले को लेकर एसआईटी गठित कर दी गई है। वहीं, हाईकोर्ट ने साफ कर दिया कि संतोषजनक जांच नहीं होने पर केस सीबीआई को ट्रांफसर किया जाएगा। इसके बाद राज्य सरकार ने सीबीआई से जांच का फैसला कर लिया था।
- मुंबई। नगर निगम द्वारा संचालित नायर अस्पताल में मुंबई की पहली जीनोम अनुक्रमण प्रयोगशाला शहर को कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में एक अतिरिक्त लाभ प्रदान करेगी क्योंकि नयी सुविधा कम समय में बड़ी संख्या में नमूनों का विश्लेषण कर सकती है और उत्परिवर्ती (म्यूटेंट) की पहचान भी कर सकती है। यह हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी। अस्पताल ने बुधवार को यह बात कही। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने डिजिटल माध्यम से प्रयोगशाला का उद्घाटन किया।वहीं, बच्चों में स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (एसएमए) के लिए स्पिनरजा थेरेपी भी टीएन मेडिकल कॉलेज ऐंड बीवाईएल नायर चैरिटेबल अस्पताल में शुरू की गई है। मुख्यमंत्री ठाकरे ने डिजिटल माध्यम से आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में कहा कि 100 साल पहले स्पेनिश फ्लू महामारी के दौरान स्थापित किया गया नायर अस्पताल एक दूसरी सदी के लिए जनता के स्वास्थ्य के देखभाल की तैयारी कर रहा है। उन्होंने राज्य सरकार या मुंबई नगर निगम की मदद के बिना नयी सुविधाओं की स्थापना के लिए अस्पताल की सराहना की।मुख्यमंत्री ने कहा, 'अस्पताल 100 साल पहले समाजसेवियों के सहयोग से स्थापित किया गया था और आज भी दानदाता आगे आए हैं। यह परंपरा है।' चार सितंबर, 1921 को स्थापित नायर अस्पताल सुपर-स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों सहित विभिन्न चिकित्सा व संबद्ध शाखाओं में व्यापक प्रशिक्षण प्रदान करता है।अस्पताल की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, 'इस संस्थान ने समाज को ऐसे चिकित्सा दिग्गज प्रदान किए हैं, जिन्होंने दशकों से निस्वार्थ स्वास्थ्य सेवाएं दी हैं और हम इस गौरवशाली संस्कृति व परंपरा को अपनी आने वाली पीढ़ी के लिए जारी रखने को लेकर तत्पर हैं।' अगली पीढ़ी के जीनोम अनुक्रमण (एनजीएस) रोगजनकों के लक्षणों के वर्णन की एक विधि है। इस तकनीक का उपयोग आरएनए या डीएनए के पूरे जीनोम या लक्षित क्षेत्रों में न्यूक्लियोटाइड के क्रम को निर्धारित करने के लिए किया जाता है, जो वायरस के दो उपभेदों के बीच अंतर को समझने में मदद करता है, जिससे म्यूटेंट की पहचान होती है।
-
उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन में मंगलवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। उन्हेल की इंगोरिया चौपाटी पर एक कार ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार 4 लोगों की मौत हो गई। सभी चादर और कंबल का कारोबार करते थे। हादसे के वक्त वे देवास जिले के सतवास से नीमच जा रहे थे।
उन्हेल थाने के टीआई डीआर जोगावत ने बताया कि कार और ट्रक के बीच टक्कर हुई है। हादसे की सूचना के बाद पुलिस पहुंची तो दो लोग दम तोड़ चुके थे। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में उन्होंने भी दम तोड़ दिया। हादसे में कार ड्राइवर कैलाश पिता लक्ष्मीनारायण, राहुल पुत्र किशनलाल, कुकाराम पुत्र बग्गाजी, लालाराम पुत्र शंकरलाल की मौत हुई है। ये सभी नीमच जिले के आलोरी गरबाडा के रहने वाले हैं। -
सागर। सागर जिले के राहतगढ़ थाना क्षेत्र के सिहोरा के पास मंगलवार रात कार और ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार में सवार तीन युवकों को मौत हो गई। वहीं 6 युवकों को मामूली चोटें आई हैं। मृतक रहली क्षेत्र के रहने वाले थे। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि खमरिया निवासी योगेंद्र सिंह ठाकुर, रहली वार्ड नंबर 9 निवासी अर्पित ठाकुर और रहली पंढ़लपुर वार्ड नंबर 9 निवासी शुभम साहू अपने दोस्तों के साथ महाकाल के दर्शन करने गए थे। मंगलवार को सभी 9 दोस्त कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सागर-राहतगढ़ मार्ग पर सिहोरा के पास ट्रक से कार से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि योगेंद्र, अर्पित और शुभम की मौत हो गई। बुधवार सुबह तीनों का अंतिम संस्कार किया गया। वहीं कार सवार इशांत तिवारी, सूर्या वर्मा, अनुज मुदगल, अंशुल ठाकुर, धर्मेंद्र यादव, मोहित चौबे को मामूली चोटें आई हैं। सभी दोस्तों ने हादसे के कुछ घंटे पहले ही सोशल मीडिया पर ग्रुप फोटो पोस्ट किया था।
-
कौशांबी। कौशांबी में जहरीला खाना खाने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। तीन की हालत अभी गंभीर है। दो बच्चों ने खाना नहीं खाया था, इसलिए वह सुरक्षित बच गए। अभी तक की पड़ताल में सामने आया है कि आटे में ही जहरीला पदार्थ मिला था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि ये फूड पॉइजनिंग का केस हो सकता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ श्यामकांत ने बताया किचक पिनहा गांव के रहने वाले भैयालाल पेशे से किसान हैं। मंगलवार की रात परिवार के 6 सदस्यों ने एक साथ खाना खाया। इसमें भैयालाल, पत्नी शिवकली (65), बेटा कंधई (35), बहू सीमा (30), पोता डीएम (5), बेटी सरिता (22) शामिल हैं। जबकि दो बच्चों मोहिनी और मोहित ने खाना नहीं खाया। खाना खाने वाले लोग जब सुबह नहीं उठे तो आस-पास के लोग परेशान हो गए। पड़ोसियों ने उन्हें घर में बेसुध देखा। सभी को आनन-फानन में अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान पोते डीएम (5), बहू सीमा (30) और शिवकली की मौत हो गई है। जबकि भैयालाल, सरिता और कंधई की हालत गंभीर है।
फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस घटनास्थल पर जांच पड़ताल कर रही है। सीओ श्यामकांत ने बताया कि प्राथमिक जांच में परिवार द्वारा जहरीला भोजन खाने की बात सामने आई है। भोजन के सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। घटना का स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर साफ होगा। परिवार की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। -
लखनऊ/श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश में आगामी पांच अगस्त, बृहस्पतिवार को ' अन्न महोत्सव' का आयोजन किया जाएगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'गरीब कल्याण अन्न योजना' के तहत राज्य की कुछ चुनिंदा उचित दर दुकानों पर मौजूद लाभार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत करेंगे। इस दिन राज्य की सभी उचित दर की दुकानों पर प्रधानमंत्री के भाषण का सीधा प्रसारण होगा। 'अन्न महोत्सव' आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यव्यापी अभियान शुरू किया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री ने इस सिलसिले में देवीपाटन मंडल का दौरा किया और श्रावस्ती में पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि ''केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी हर गरीब तक पहुंचे, इस मकसद से पांच अगस्त को प्रदेश सरकार 'अन्न उत्सव' के रूप में एक बड़ा आयोजन करने जा रही है जिसमें प्रदेश के करीब 80 लाख से एक करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री का मार्ग दर्शन मिलेगा। '' उन्होंने कहा कि प्रदेश की 80 हजार उचित दर की दुकानों पर कार्यक्रम आयोजित कर लाभार्थियों को दुकान से राशन ले जाने के अच्छे टिकाऊ बैग दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मंगलवार को देवीपाटन मंडल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में इस बड़े आयोजन की तैयारी पर चर्चा की गयी है। इस आयोजन के लिए जिलों में नोडल अधिकारी बनाए गए उच्चाधिकारियों को कार्यक्रम से एक दिन पूर्व ही पहुंचने के निर्देश दिये गये हैं। लखनऊ में समीक्षा बैठक के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना' के अंतर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लाभार्थियों को पांच किलोग्राम खाद्यान्न प्रति व्यक्ति निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। उनके अनुसार उक्त योजना का लाभ प्रत्येक वास्तविक लाभार्थी को प्राप्त हो, इसके दृष्टिगत इस योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु सघन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी नोडल अधिकारी अपने लिए आवंटित जिलों में चार अगस्त को पहुंच कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करेंगे और उनकी देखरेख में ही कार्यक्रम आयोजित कराया जाएगा। उनके अनुसार सभी नोडल अधिकारी पांच अगस्त को कार्यक्रम के समापन के बाद ही जिलों से प्रस्थान करेंगे। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री के उद्बोधन के सजीव प्रसारण के लिए उचित दर दुकानों पर टेलीविजन सेट स्थापित किये जाएंगे। अपर खाद्य आयुक्त अनिल कुमार दुबे ने पिछले बृहस्पतिवार को बताया था कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत आगामी पांच अगस्त से राशन वितरण शुरू किया जाएगा और इसी दिन ‘अन्न महोत्सव‘ का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी इस सिलसिले में वाराणसी, गोरखपुर, मुरादाबाद, हमीरपुर, अयोध्या, बाराबंकी, शाहजहांपुर, कौशांबी, आगरा और बहराइच की चयनित उचित दर दुकानों पर उपस्थित लाभार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत करेंगे। अपर आयुक्त ने बताया कि ‘अन्न महोत्सव‘ के दिन प्रत्येक उचित दर दुकान पर कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन करते हुए कम से कम 100 लाभार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी, जिनमें कुछ ऐसे लाभार्थी भी होंगे, जो प्रथम बार प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत राशन प्राप्त कर रहे हैं।
-
जोधपुर। गरीब दामाद का रहन-सहन अमीर सास को पसंद नहीं था। दामाद की गरीबी उसे असहज कर देती थी, इसलिए आरोपी महिला ने सुपारी देकर अपने दामाद को मरवा दिया। जोधपुर में 1 अगस्त को अंगनवा रोड नारायण पैलेस के आगे अज्ञात व्यक्ति की प्लास्टिक के कट्टे में बंद लाश मिली थी। लाश के सिर व चेहरे को पूरी तरह नष्ट किया हुआ था। जोधपुर पुलिस ने 3 दिन में इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी महिला मरने वाले युवक की सास है। पुलिस जांच में मृतक की पहचान मग जी की घाटी निवासी विनोद ओड के रूप में हुई।
थानाधिकारी सुरेश सोनी ने बताया कि विनोद की सास आरोपी ग्यारसी देवी ने विनोद की हत्या की साजिश रची। अपने पड़ोस में रह रहे 36 वर्षीय आरोपी जब्बर और आरोपी धनराज को 5 लाख की सुपारी दी।
थानाधिकारी सुरेश सोनी ने बताया कि 31 जुलाई की रात मृतक अपनी पत्नी से मिलकर ससुराल से निकला था। आरोपी जब्बर व धनराज उसे मिल गए। आरोपी जब्बर सिलाई की दुकान चलाता है। वह मृतक विनोद को अपनी दुकान में ले गया, जहां उसे शराब पिलाई गई। जब उसे नशा ज्यादा हो गया तो मारपीट की गई और पेंचकस से लगातार वार किए। इतने पर भी उसकी जान नहीं निकली तो रस्सी से गला घोंटकर विनोद को मार दिया। इसके बाद प्लास्टिक के कट्टे में डालकर शव को झाडिय़ों में फेंक दिया। एक और आरोपी धनराज टैक्सी चलाता है। उसी की टैक्सी में शव को ले जाकर झाडिय़ों में फेंका गया।
मंडोर थाना अधिकारी सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि मृतक विनोद ने चार साल पहले आरोपी ग्यारसी देवी की इकलौती बेटी से प्रेम विवाह किया था। ग्यारसी देवी के पति का निधन हो चुका है। आरोपी ग्यारसी देवी को अच्छी पेंशन मिलती है। दुकानों का किराया भी आता है। दामाद मजदूरी का काम करता था। ऐसे में उसके निम्न रहन सहन से आरोपी सास नाखुश थी। बेटी के गर्भवती होकर पीहर आने के बाद वह दामाद से पीछा छुड़ाना चाहती थी।
मंडोर थाना अधिकारी सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि 1 अगस्त को हुए इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए आरोपी ग्यारसी देवी और अन्य दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में पूछताछ जारी है।
-- -
नयी दिल्ली ।नीति आयोग की जून महीने के लिये जारी पिछड़े जिलों की रैंकिंग में मणिपुर का चंदेल जिला शीर्ष स्थान पर है। नीति आयोग ने मंगलवार को ट्विटर पर लिखा, ‘‘ झारखंड का साहेबगंज और पंजाब का फिरोजपुर क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर है।'' सूची में धुबरी (असम) और किपहिरी (नगालैंड) क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर है।
डेल्टा रैंकिंग में 112 पिछड़े जिलों में विकास से जुड़े छह क्षेत्रों में हुई प्रगति को ध्यान में रखा जाता है। ये क्षेत्र हैं...स्वास्थ्य और पोषण, शिक्षा, कृषि और जल संसाधन, वित्तीय समावेश, कौशल विकास तथा बुनियादी ढांचा विकास। पिछड़ा जिला कार्यक्रम जनवरी 2018 में शुरू हुआ। इसका मकसद उन जिलों में बदलाव लाना है, जो विकास के मामले में पीछे रह गये हैं। पिछड़े जिलों की रैंकिंग हर महीने की जाती है। - नयी दिल्ली। रक्षा सचिव अजय कुमार ने 75 वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिये मंगलवार को एक वेबसाइट की शुरूआत की ताकि पूरी दुनिया में रहने वाले भारतीय इस साल राष्ट्रीय पर्व में हिस्सा ले सकें। रक्षा मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी । रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर बताया कि ऐसा पहली बार हुआ है कि इस प्लेटफॉर्म पर स्वतंत्रता दिवस समारोह का लाइव प्रसारण होगा। 15 अगस्त 2021 को होने वाले इस समारोह को लोग वीआर (वर्चुअल रियलिटी) गजट के साथ और इसके बिना भी देख सकते हैं । इसमें कहा गया है कि आसानी से लोगों की पहुंच इस प्लेटफॉर्म पर हो सकेगी और स्वतंत्रता दिवस समारोह (आईडीसी) से संबंधित सभी गतिविधि एवं सूचना को यहां उपलब्ध कराया जायेगा । बयान में कहा गया है कि इस प्लेटफॉर्म पर विशेष आईडीसी रेडियो और एक गैलरी के अलावा वीरता के कृत्यों एवं 1971 में हुये भारत पाकिस्तान के बीच लड़ाई में जीत की 50 वीं वर्षगांठ पर ई-बुक, स्वतंत्रता संग्राम पर ब्लॉग्स आदि उपलब्ध होंगे । इसमें कहा गया है कि आईडीसी 2021 से संबंधित मोबाइल ऐप की शुरूआत आने वाले दिनों में होगी।
- नोएडा। जनपद के थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-125 स्थित एमिटी विश्वविद्यालय के पास मंगलवार दोपहर को अवैध रेहड़ी-पटरी वालों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे नोएडा प्राधिकरण के प्रवर्तन दस्ते पर कुछ लोगों ने पथराव किया और इस दौरान शिकायत पर पहुंची पीसीआर पर तैनात हेड कांस्टेबल को एक व्यक्ति ने चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सहायक पुलिस आयुक्त (जोन प्रथम) अंकिता शर्मा ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण के प्रवर्तन दल की टीम मंगलवार दोपहर एमिटी विश्वविद्यालय के पास अवैध रूप से ठेली-पटरी लगाने वालों को हटाने के लिए गई। उन्होंने कहा कि इस दौरान ठेली- पटरी लगाने वाले लोगों ने प्रवर्तन दल की टीम के ऊपर हमला बोल दिया। उन्होंने बताया कि मामले की सूचना मिलने पर पीसीआर कर्मी वहां पहुंचे तो ठेली पटरी लगाने वाले लोगों ने पुलिसकर्मियों पर भी हमला बोल दिया, तथा एक व्यक्ति ने हेड कांस्टेबल अनवर अब्बास जैदी के ऊपर जान से मारने की नियत से चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि गंभीर हालत में जैदी को उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सहायक आयुक्त ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी फरार है उसकी तलाश की जा रही है।
- केंद्रपाड़ा (ओडिशा)।केंद्रपाड़ा की तटरेखा को दशकों से छिन्न-भिन्न करते, एक के बाद एक गांव को निगलते भयावह समुद्र ने हाल में सदियों पुराने पंचूवराही मंदिर को धराशयी कर दिया। इस घटना से स्थानीय लोगों की उम्मीदों को झटका लगा है जो प्राकृतिक संकट से राहत पाने को लेकर यहां प्रार्थना करते थे। अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार ने 2018 में समुद्र तट से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित बागपतिया में पुनर्वास कॉलोनी में करीब 571 संवेदनशील परिवारों को पुनर्स्थापित किया था। उन्होंने बताया कि समुद्र के कटाव से विस्थापित हुए लोगों के लिए यह राज्य में इस तरह की पहली पुनर्वास और पुनर्स्थापना पहल थी। समुद्र की जद में आए ज्यादातर हिस्से के बावजूद, गृहनगर से दूर होने के बाद भी इसके कुछ निवासी समय-समय पर सातभाया गांव आकर पंचुवरही मंदिर में दर्शन करते थे जिसके अंदर की भगवान की मूर्ति भी पुनर्वास कॉलोनी में पुनर्स्थापित कर दी गई थी। इसके पूर्व निवासियों में से एक, बसंत साहनी ने कहा कि स्थानीय लोग सातभाया गांव में मंदिर को "मानवीय उपस्थिति के अंतिम प्रत्यक्ष संकेत" के रूप में देखते थे। उन्होंने दुख जताया, “इस मंदिर के नष्ट हो जाने के बाद, हमारी आखिरी उम्मीद भी चली गई कि समुद्र अपना प्रकोप खत्म कर देगा।” जिले में राजनगर तहसील के एक अधिकारी ने बताया कि सातभाया और कन्हुपूर गांवों के लोग अन्य स्थानों की तुलना में सुरक्षित स्थान पर जाना चाहते थे जहां के कुछ लोग नये इलाके में नहीं जाना चाहते थे। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों से विचार-विमर्श के बाद, बागपतिया में पुनर्वास कॉलोनी बसाई गई।मंदिर के न्यासी एवं राजकणिका के पूर्ववर्ती शाही परिवार के वंशज शिवेंद्र नारायण भंजादेव ने कहा कि मंदिर के धंसने के साथ ही सातभाया ने अपनी पहचान खो दी है। भंजादेव ने कहा, “समुद्र और मंदिर के बीच की दूरी तीन दशक पहले करीब तीन किलोमीटर थी। अब समुद्र ने सदियों पुराने मंदिर को पूरी तरह निगल लिया है। सभी व्यावहारिक मकसदों के लिए, सातभाया ने अब अपनी भोगौलिक पहचान खो दी है।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने शरद यादव से मंगलवार को मुलाकात की और दोनों नेताओं ने विभिन्न मुद्दों पर करीब एक घंटे तक बातचीत की। राजद नेता ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि समाजवादी नेताओं शरद यादव, मुलायम सिंह यादव और उनकी खुद की अनुपस्थिति के कारण संसद में जनता से जुड़े मुद्दों की अनदेखी हो रही है। उन्होंने लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) नेता चिराग पासवान का भी समर्थन किया और कहा कि विवादों के बावजूद युवा सांसद एक नेता के तौर पर उभर कर सामने आए हैं। पासवान हाल में पार्टी में उस वक्त कमजोर पड़ गए जब उनके चाचा पशुपति कुमार पारस की अगुवाई में पांच सांसद उनसे अलग हो गए। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी पार्टी और लोजपा नेता के बीच गठबंधन की वकालत की। राजद प्रमुख के साथ पार्टी के सांसद प्रेम चंद गुप्ता और मीसा भारती मौजूद थीं।
- भोपाल। मध्यप्रदेश में बाढ़ प्रभावित शिवपुरी जिले में मंगलवार को लगभग 24 घंटे तक पेड़ पर फंसे तीन लोगों के अलावा पांच अन्य लोगों को भारी बारिश के बीच बचाव दल द्वारा बचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि ग्वालियर-चंबल संभाग में भारी बारिश से 1,171 गांव प्रभावित हुए हैं। प्रदेश के गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश राजौरा ने बताया कि शिवपुरी, श्योपुर, ग्वालियर और दतिया जिलों में बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव कार्य के लिए सेना को बुलाया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्थिति की जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने प्रदेश को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। प्रदेश सरकार के अधिकारियों ने बताया कि शिवपुरी जिले के बाढ़ प्रभावित पिपौड़ा गांव से मंगलवार सुबह पांच लोगों को बचाया गया। इसके अलावा शिवपुरी के बीची गांव में एक पेड़ पर लगभग 24 घंटे तक फंसे तीन लोगों को भी बचाया गया। मुख्यमंत्री चौहान ने भोपाल में पत्रकारों से कहा, ‘‘ राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के एक दल में मंगलवार को नाव की मदद से इन लोगों को बचाया।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही प्रदेश के बाढ़ ग्रस्त इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करवाया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘ ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में विशेष रूप से शिवपुरी और श्योपुर जिलों में अत्यधिक बारिश के कारण कुल 1,171 गांव प्रभावित हुए है। जहां 800 मिलीमीटर तक बारिश होने के कारण बाढ़ आ गई है।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और एसडीआरएफ के बचाव दलों द्वारा अब तक 1600 लोगों को बचाया गया है जबकि 200 गांव अब भी बाढ़ की चपेट में हैं। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को बचाने के लिए नावों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘ मैं बाढ़ प्रभावित जिलों के कलेक्टरों और अन्य अधिकारियों से संपर्क में हूं और लोगों को सुरक्षा के लिए ऊंचे स्थानों पर भेजा गया जहां राहत शिविर लगाए गए हैं।'' अधिकारी ने बताया कि शिवपुरी जिले के बाढ़ प्रभावित कुछ गांवों से लोगों को निकालने के लिए सोमवार को रक्षा विमानों को सेवा में लगाया गया था। हालांकि मंगलवार को जिले में भारी बारिश और खराब मौसम के कारण विमान से बचाव अभियान का काम बाधित रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह बारिश प्रभावित शिवपुरी, श्योपुर, भिंड और दतिया जिलों के प्रशासन के लगातार संपर्क में है और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के दलों से जारी बचाव अभियान के बारे में जानकारी ले रहे हैं। शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, स्थानीय विधायक और प्रदेश की मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया भी बचाव अभियान की निगरानी के लिए जिले में डेरा डाले हुए हैं। अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने बचाव अभियान की निगरानी तथा ग्वालियर व चंबल संभाग में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के लिए भोपाल में मंत्रालय में आपात बैठक बुलाई है। सूत्रों ने बताया कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बिगड़ने पर मुख्यमंत्री चौहान ने इसकी विस्तृत जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन पर दी। प्रधानमंत्री ने चौहान को बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए राज्य को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है। सूत्रों ने बताया कि चौहान ने मोदी को चलाए जा रहे बचाव अभियान के बारे में भी बताया और स्थिति से निपटने के लिए सेना से मदद मांगने पर चर्चा की। इससे पहले अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को प्रदेश के बड़े हिस्से विशेषकर शिवपुरी और उसके पड़ोसी जिले श्योपुर में भारी बारिश हुई। जिससे दो लोगों की मौत हो गई। शिवपुरी जिला कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि बाढ़ से प्रभावित तीन गांवों से लोगों को निकालने के लिए चार हेलीकॉप्टर शिवपुरी पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि श्योपुर जिले में भारी बारिश के बाद विजयपुर बस स्टैंड के पास स्थित बाढ़ ग्रस्त इलाके में एक इमारत में फंसे 60 लोगों को बचा लिया गया। ये लोग रविवार रात को एक शादी में शामिल होने विजयपुर गए थे लेकिन परिसर में बाढ़ का पानी घुसने से वहीं फंस गए।
- नयी दिल्ली। सरकार ने मंगलवार को कहा कि कोरोना वायरस रोधी टीकों की दोनों खुराक मिलाने के बारे में अब तक कोई सिफारिश नहीं की गई है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार ने राज्यसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोविड-19 रोधी टीके हाल में विकसित किए गए हैं। विभिन्न टीकों को मिलाने और मिश्रित टीकों को लेकर वैज्ञानिक प्रमाण तथा अध्ययन शुरुआती अवस्था में हैं। इस बारे में पूछे गए एक प्रश्न पर उन्होंने बताया कि टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह तथा कोविड-19 के लिए टीकाकरण पर राष्ट्रीय विशेषज्ञ समूह ने अब तक कोविड रोधी टीकों की पहली और दूसरी खुराक मिला दिए जाने के बारे में कोई सिफारिश नहीं की है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री ने बताया कि इस संबंध में विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से अब तक कोई विशेष सिफारिश नहीं की गई है। उनसे पूछा गया था कि क्या कोविड रोधी टीके की पहली और दूसरी खुराक मिला कर जरूरतमंद लोगों को लगाई जा सकती है, क्या इस बारे में कोई अध्ययन किया गया है, क्या इसके कोई वैज्ञानिक प्रमाण हैं और क्या लोगों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा ।




















.jpg)






